फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   192.13 करोड़ की जिला योजना में फिर झुनझुना

192.13 करोड़ की जिला योजना में फिर झुनझुना

Thu, 13 Jun 2013 05:30 AM IST
Lucknow
Lucknow Updated Thu, 13 Jun 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
लखनऊ। जिला पंचायत की बैठक में बुधवार को पारित एक प्रस्ताव के जरिए वर्ष 2013-14 के लिए 192.13 करोड़ की स्वीकृत योजना में जिला पंचायत सदस्यों को फिर से झुनझुना ही मिला। अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने बताया कि हर जिला पंचायत सदस्य इस योजना के तहत अपने वार्ड में पांच सौ मीटर से एक किमी तक की तीन सड़कों का डामरीकरण कराने, दस इंडिया मार्का हैंडपंप व दस सोलर लाइट लगवाने का प्रस्ताव दे सकता है। योजना के तहत स्वीकृत राशि में से अगर कुछ पैसा बचेगा तो सदस्यों के प्रस्ताव के आधार पर विकास कार्य करवाएं जाएंगे। इस पर मौजूद सदस्य हो-हल्ला करते हुए सीडीओ से प्रस्ताव के अनुरूप कार्य कराने के लिए राशि स्वीकृत कराने का ठोस आश्वासन देने की मांग करने लगे। वहीं, सीडीओ उदयवीर सिंह यादव ने फिलहाल बजट आवंटन वित्त अनुभाग से होने की बात कही।
विज्ञापन

सदस्यों का आरोप था कि दो साल से जिला योजना में जो भी प्रस्ताव मांगे गए उनमें से किसी पर भी कोई कार्य नहीं हुआ। मौजूद जिला अर्थ व सांख्यिकीय अधिकारी ने बताया कि जिला योजना में स्वीकृत 192.13 करोड़ की राशि में से 60 करोड़ का भुगतान तो प्राथमिकता के आधार पर केंद्र पोषित कल्याणकारी योजनाओं में राज्य अंशदान के बतौर खर्च होता है। इसके बाद बची हुई राशि में से ही सांसद व विधायकों को आवंटित कार्यों के बाद ही पैसा बचने पर जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्तावों पर विचार विमर्श होता है।
विज्ञापन

जिला पंचायत सदस्य ग्रामीण इलाकों में बिजली पानी के साथ बदहाल सिंचाई व्यवस्था व खस्ताहाल संपर्क मार्गों पर अधिकारियों पर बिफरे। इस दौरान सदस्यों के कई सवालों के जवाब देने में असमर्थ जिम्मेदार विभाग के अफसर बगले झांकते नजर आए। बैठक की कार्यवाही जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव की अध्यक्षता में हुई। विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान विकास कार्यों की अनदेखी पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। मलिहाबाद, सरोजनीनगर, मोहनलालगंज ब्लॉक सहित अन्य वार्डों से आए सदस्यों ने सरकार के निर्देश के बावजूद दस से पंद्रह घंटे तक की बिजली कटौती का मामला उठाया। मलिहाबाद क्षेत्र से सपा विधायक इंदल रावत ने बताया कि फलपट्टी क्षेत्र में आम का सीजन परवान चढ़ने के कारण मुख्यमंत्री स्तर से नियमित बीस घंटे की बिजली सप्लाई का निर्देश होने के बाद भी इसका पालन नहीं हो रहा। वहीं, अन्य सदस्यों का कहना था कि बिजली संकट से नलकूप संचालन की व्यवस्था भी ध्वस्त है। अधिसंख्य इलाके पानी संकट की चपेट में हैं। बिजली विभाग ने कई इलाकों में ट्रांसफार्मर लगवाने के बावजूद अभी तक सप्लाई शुरू नहीं की है। नहरों की सिल्ट सफाई न होने से सिंचाई का संकट भी किसानों को झेलना पड़ रहा है। सीडीओ उदयवीर सिंह यादव ने बैठक में उठायी गयी चिह्नित स्थानों की समस्याओं का निस्तारण एक पखवारे में कराने का भरोसा दिलाया। मोहनलालगंज, मलिहाबाद व काकोरी से आए जिला पंचायत सदस्यों ने बिना डॉक्टरों के चल रही सीएचसी व पीएचसी की बदहाली का मुद्दा उठाया। विधानपरिषद सदस्य महेंद्र कुमार सिंह ने जब एडिशनल सीएमओ डॉ. चौधरी से यह पूछा कि सीएचसी-पीएचसी में में कितनी मात्रा में एंटी स्नेक वैनम व ब्रांडेड दवाएं सप्लाई हो रही हैं तो वह चुप्पी साधे रहे। बैठक में मोहनलालगंज विधायक चंद्रा रावत, मलिहाबाद विधायक इंदल रावत, सरोजनीनगर विधायक शारदा प्रताप शुक्ल, एमएलसी महेंद्र कुमार मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


अनुदानित बीज बांटने में अवैध वसूली
मलिहाबाद से आए जिला पंचायत सदस्य ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सरकार द्वारा किसानों को रोपाई के लिए मिलने वाले अनुदानित बीजों के वितरण में भी अवैध वसूली करने का मुद्दा उठाया। आरोप था कि डिप्टी डायरेक्टर स्तर से मुफ्त मिलने वाले बीजों के लिए भी किसानों से दो से पांच हजार तक रुपया जमाया कराया जा रहा है। सीडीओ ने प्रकरण की जांच करा दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नए कनेक्शन का शिविर 16 जून को
काकोरी ब्लॉक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लगने के छह माह बाद भी नए बिजली कनेक्शन जारी न किए जाने पर सदस्यों ने रोष जताया। बिजली विभाग के आला अधिकारी ने मौके पर ही भवानी खेड़ा व सैफलपुर गांव में 16 जून को शिविर लगाकर नए कनेक्शन जारी करने का ऐलान कर सदस्यों को शांत कराया।

भूमिगत जल परीक्षण के लिए टेस्टिंग
कई सदस्यों ने मोहनलालगंज, गोसाईंगंज व सरोजनीनगर इलाकों में हैंडपंप से प्रदूषित व मटमैला पानी आने का मामला उठाया। बैठक में मौजूद जल निगम के अधिकारी ने बताया कि कई इलाकों में भूमिगत जल प्रदूषित होने से ऐसी परेशानी आ रही है। विभागीय स्तर पर कल्ली पश्चिम व सरोजनीनगर ब्लॉक के कुछ इलाकों में भूमिगत जल टेस्टिंग के लिए सर्वेक्षण कार्य कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही निरोधात्मक उपाय शुरू होंगे।


समितियों के गठन पर मुहर
बैठक में कार्य संचालन में सुविधा के लिए विभिन्न समितियों के गठन का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ। इसके तहत प्रशासनिक, शिक्षा व नियोजन कार्य से जुड़ी समितियों का संचालन जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में नामित सदस्य करेंगे। जल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष काकोरी ब्लॉक से सदस्य लल्लू यादव को और स्वास्थ्य व जनकल्याण समिति का अध्यक्ष सदस्य आरएम यादव को बनाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed