Laptop Fan Noise Control: लैपटॉप से आती है तेज आवाज? बिना पैसे खर्च किए घर पर इन आसान तरीकों से तुरंत करें ठीक

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 22 Aug 2026 04:39 PM IST
सार

Laptop Fan Noise

: कभी-कभी काम करते वक्त लैपटॉप का फैन अचानक बहुत तेज आवाज करने लगता है। यह आवाज सुनकर अक्सर लोग घबरा जाते हैं और तुरंत सर्विस सेंटर भागते हैं, जबकि उन्हें नहीं पता होता कि इसे आसानी से घर पर ही ठीक किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि यह आवाज क्यों आती है और कैसे आप इसे खुद ही ठीक कर सकते हैं।

विज्ञापन
Your Laptop Fan Getting Loud? Try These Easy Fixes  Home
लैपटॉप टिप्स - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    Laptop Fan Loud:

    आजकल ऑफिस का काम हो, पढ़ाई हो या एंटरटेनमेंट, लगभग हर काम के लिए हम लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं। लगातार इस्तेमाल के दौरान कई बार लैपटॉप का फैन तेज आवाज करने लगता है। इससे लोग डर जाते हैं कि उनका लैपटॉप खराब हो गया है, लेकिन हर बार फैन का तेज आवाज करना किसी बड़ी खराबी का संकेत नहीं होता। कई मामलों में कुछ आसान उपायों की मदद से घर पर ही इस समस्या को कम किया जा सकता है।

    लैपटॉप के फैन से तेज आवाज क्यों आती है?

    दरअसल, लैपटॉप के अंदर प्रोसेसर और दूसरे कंपोनेंट लगातार काम करते रहते हैं, जिससे गर्मी पैदा होती है। इस गर्मी को बाहर निकालने के लिए लैपटॉप में फैन लगाया जाता है। ऐसे में जब लैपटॉप ज्यादा गर्म होने लगता है तो फैन तेज स्पीड से घूमता है। इसी वजह से उसकी आवाज भी बढ़ जाती है। इसके अलावा धूल-मिट्टी जमा होना, पुराने सॉफ्टवेयर या लैपटॉप को गलत तरीके से इस्तेमाल करना भी फैन की आवाज बढ़ने की वजह बन सकता है।

    विज्ञापन

    घर बैठे इसे कैसे सही करें?

    • जब लैपटाॅप से आवाज आए, तो उसे साफ करने का सबसे आसान तरीका उसके एयर वेंट्स को साफ रखना है।
    • लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद लैपटॉप के वेंट्स में धूल जमा हो सकती है। इससे हवा का रास्ता प्रभावित होता है और गर्म हवा ठीक से बाहर नहीं निकल पाती। नतीजे में फैन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और उसकी आवाज बढ़ सकती है।
    • वेंट्स को साफ करने के लिए छोटे ब्रश या कंप्रेस्ड एयर कैन का इस्तेमाल किया जा सकता है। सफाई करते समय लैपटॉप को पूरी तरह बंद रखें और उसे पावर सोर्स से हटा दें।

    लैपटॉप को सही सतह पर रखें

    • इसके अलावा लैपटॉप का इस्तेमाल करने का तरीका भी फैन की आवाज पर असर डाल सकता है।
    • कई लोग लैपटॉप को बेड, तकिए या कंबल पर रखकर इस्तेमाल करते हैं। इससे लैपटॉप के नीचे मौजूद एयर वेंट्स ब्लॉक हो सकते हैं और हवा का सही तरीके से आना-जाना रुक सकता है।
    • इस वजह से लैपटॉप ज्यादा गर्म हो सकता है और फैन तेजी से चलने लगता है।
    • इसलिए लैपटॉप को हमेशा टेबल जैसी सख्त और समतल सतह पर इस्तेमाल करना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर कूलिंग पैड का इस्तेमाल भी किया जा सकता है, जिससे एयरफ्लो बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

    बैकग्राउंड में चल रहे भारी एप्स बंद करें

    • कई बार लोग लैपटॉप में पहले टैब को बंद किए बगैर ही दूसरा खोल लेते हैं, ऐसे में बैकग्राउंड में एप्स चल रहे होते हैं, जो प्रोसेसर पर ज्यादा लोड डाल रहे होते हैं। यह भी आवाज आने की एक वजह हो सकती है। यूजर को कई बार इसकी जानकारी भी नहीं होती कि कौन-सा एप ज्यादा सीपीयू इस्तेमाल कर रहा है।
    • अगर आप विंडोज लैपटॉप इस्तेमाल करते हैं तो टास्क मैनेजर खोलकर देख सकते हैं कि कौन-सा एप सबसे ज्यादा सीपीयू इस्तेमाल कर रहा है। जो एप जरूरी नहीं हैं और इस्तेमाल में नहीं हैं, उन्हें बंद करने से प्रोसेसर पर लोड कम हो सकता है।
    • लोड कम होने पर लैपटॉप का तापमान भी सामान्य हो सकता है और फैन की स्पीड व आवाज कम होने की संभावना रहती है।

    कब सर्विस सेंटर जाना जरूरी है?

    • अगर ऊपर बताए गए तरीकों को अपनाने यानी यदि एयर वेंट्स साफ करने, लैपटॉप को सही सतह पर रखने और गैरजरूरी एप्स बंद करने के बाद भी फैन लगातार बहुत तेज आवाज करता है, तो समस्या सिर्फ गर्मी या ज्यादा सीपीयू लोड की नहीं हो सकती।
    • ऐसी स्थिति में लैपटॉप को खुद खोलकर फैन या अंदर के दूसरे पार्ट्स को ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे डिवाइस को और नुकसान पहुंच सकता है। बेहतर है कि लैपटॉप की जांच किसी अनुभवी टेक्नीशियन या अधिकृत सर्विस सेंटर से कराई जाए।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें