WhatsApp: रोजमर्रा के डिजिटल कामों को आसान बनाते व्हाट्सएप के पांच शानदार फीचर्स; जानें कैसे करेंगे इस्तेमाल

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 23 Aug 2026 07:35 AM IST
सार

WhatsApp Useful Features:

क्या आप भी व्हाट्सएप का इस्तेमाल सिर्फ मैसेज भेजने, कॉल करने या फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए करते है, तो आपको बता दें इसमें और भी कई शानदार फीचर्स है, जो आपके व्हाट्सएप इस्तेमाल के अनुभव को बेहतर कर सकते हैं। आइए जानते हैं व्हाट्सएप के पांच यूजफुल फीचर्स के बारे मैं।

विज्ञापन
WhatsApp Features, UPI Payments to Personal Notes, Know How Use
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    WhatsApp Tips:

    कॉल, मैसेज, वीडियो कॉल, ऑडियो कॉल और फोटो-वीडियो शेयर करने के अलावा भी आप व्हाट्सएप पर बहुत कुछ कर सकते हैं। जैसे कि व्हाट्सएप से यूपीआई पेमेंट, 2GB तक की फाइल भेजना, AI की मदद, जरूरी अपडेट्स और यहां तक कि अपने पर्सनल नोट्स भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इन पांच काम के फीचर्स के बारे में विस्तार से।

    व्हाट्सएप से ही करें UPI पेमेंट

    • भारत में करोड़ों लोग यूपीआई पेमेंट का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए वह अलग-अलग एप यूज करते हैं लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि व्हाट्सएप का UPI फीचर भी उनके काफी काम का हो सकता है। व्हाट्सएप में पेमेंट की सुविधा काफी समय से उपलब्ध है और इसे सेटिंग्स के जरिए सेटअप किया जा सकता है।
    • सेटअप पूरा होने के बाद आप व्हाट्सएप से ही QR कोड स्कैन करके पेमेंट कर सकते हैं। यानी बातचीत के साथ-साथ रोजमर्रा के डिजिटल पेमेंट का काम भी इसी ऐप से किया जा सकता है।

    व्हाट्सएप पर इस्तेमाल करें AI

    • AI का इस्तेमाल करने के लिए हर बार अलग एप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती। व्हाट्सएप में मेटा एआई का सपोर्ट मिलता है, जिसकी मदद से आप चैट के जरिए कई तरह के सवाल पूछ सकते हैं।
    • आप इससे किसी विषय की जानकारी ले सकते हैं, ईमेल या रिज्यूमे का ड्राफ्ट तैयार करवा सकते हैं और कोडिंग से जुड़े सवालों के जवाब भी पा सकते हैं। इसके अलावा, टेक्स्ट प्रॉम्प्ट की मदद से तस्वीरें बनाने जैसे काम भी किए जा सकते हैं।

    2GB तक की फाइल भेजें और सेव करें

    • इसके अलावा व्हाट्सएप को आप बड़ी फाइल शेयर करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें 2GB तक की फाइल भेजी जा सकती है। इसका मतलब है कि बड़ी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट किसी दूसरे व्यक्ति तक आसानी से भेजे जा सकते हैं।
    • इतना ही नहीं, आप व्हाट्सएप को अपनी जरूरी फाइलें रखने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए अपने अलावा किसी दूसरे सदस्य के बिना एक ग्रुप बनाया जा सकता है और उसमें जरूरी फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट सेव किए जा सकते हैं।
    • फोटो और वीडियो को HD क्वालिटी या फाइल के रूप में ओरिजनल रेजोल्यूशन में रखने का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

    व्हाट्सएप पर ही रहें अपडेट

    • ताजा खबरों और अपनी पसंद के विषयों से जुड़े अपडेट के लिए अलग-अलग न्यूज एप रखने की भी जरूरत नहीं है। व्हाट्सएप का चैनल्स फीचर इसमें आपकी मदद कर सकता है।
    • आप अपनी पसंद के न्यूज पोर्टल, ब्रांड या किसी खास विषय से जुड़े चैनल फॉलो कर सकते हैं। इसके बाद उन चैनल्स से समय-समय पर नए अपडेट और जरूरी खबरों की जानकारी मिलती रहती है।

    व्हाट्सएप को बनाएं अपना पर्सनल नोट्स एप

    • दिनभर के बिजी शेड्यूल में हर बात याद रखना कठिन हो जाता है। इसलिए अपनी चीजों को याद रखने के लिए आप व्हाट्सएप पर पर्सनल नोट्स भी बना सकते हैं। इसके लिए आप एक नया ग्रुप बनाकर उसमें सिर्फ खुद को रखें। इस ग्रुप का नाम नोट्स या अपनी पसंद का कोई नाम रख सकते हैं।
    • अब इसमें जरूरी बातें टेक्स्ट के रूप में लिखने के अलावा ऑडियो, वीडियो, फोटो और दूसरी फाइलें भी सेव की जा सकती हैं। जरूरत पड़ने पर इन्हें बाद में आसानी से देखा जा सकता है।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें