NFC तकनीक: संभलकर नहीं किया इस्तेमाल, तो अकाउंट हो जाएगा खाली, जानिए सेफ्टी टिप्स
NFC Safety Tips:
NFC ने डिजिटल पेमेंट को काफी सुविधाजनक बना दिया है। लेकिन अगर इसका संभलकर इस्तेमाल नहीं किया गया तो इससे आपको भारी नुकसान भी हो सकता है। जानिए NFC से जुड़े कुछ सेफ्टी टिप्स।

विस्तार
तकनीक के बढ़ते दायरे में NFC (Near Field Communication) तेजी से लोकप्रिय हो रही है। आज के स्मार्टफोन, क्रेडिट कार्ड और अन्य डिजिटल डिवाइस में NFC का उपयोग किया जा रहा है। लेकिन इस तकनीक के फायदे के साथ-साथ इसके कुछ खतरे भी जुड़े हुए हैं, जिनसे सावधान रहना जरूरी है। इस खबर में हम आपको बताने जा रहे हैं क्या है NFC, यह कैसे काम करता है और इसके इस्तेमाल में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्या है NFC और कैसे काम करती है?

NFC एक वायरलेस कम्युनिकेशन तकनीक है, जो दो डिवाइसेज को बिना किसी फिजिकल संपर्क के, मात्र कुछ सेंटीमीटर की दूरी पर डेटा ट्रांसफर करने की सुविधा देती है। यह तकनीक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) के सिद्धांत पर काम करती है। NFC डिवाइस को केवल एक-दूसरे के करीब लाना होता है और यह अपने आप कनेक्ट हो जाते हैं। इसकी स्पीड और सिक्योरिटी इसे काफी उपयोगी बनाती है।
कहां हो रहा है NFC का इस्तेमाल?

कैशलेस पेमेंट्स:
आज के डिजिटल युग में NFC आधारित पेमेंट सिस्टम जैसे Google Pay, Apple Pay और Samsung Pay तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बस फोन या NFC कार्ड को POS मशीन के पास लाने पर तुरंत पेमेंट हो जाता है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट:
दिल्ली मेट्रो और अन्य शहरों में NFC सक्षम कार्ड का उपयोग किराए के भुगतान के लिए किया जा रहा है।
स्मार्ट एक्सेस कंट्रोल:
ऑफिस, होटल और अन्य सुरक्षित स्थानों पर NFC कार्ड का उपयोग एंट्री के लिए किया जा रहा है।
कॉन्टैक्टलेस डेटा शेयरिंग:
NFC की मदद से फाइल, कॉन्टैक्ट और अन्य डेटा को सेकंडों में शेयर किया जा सकता है।
डिजिटल बिजनेस कार्ड:
अब फिजिकल कार्ड की जरूरत कम होती जा रही है, लोग NFC टैग से अपने डिजिटल बिजनेस कार्ड शेयर कर रहे हैं।