आप भी कहीं भी रख देते हैं पावर बैंक?: छोटी-सी गलती पड़ सकती है भारी, जानें क्या है सही इस्तेमाल का तरीका

जागृति शुक्ला
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 03 Oct 2026 08:11 AM IST
सार

पावर बैंक जितना उपयोगी गैजेट माना जाता है, इसका गलत इस्तेमाल उतना ही खतरनाक साबित हो सकता है। बहुत से लोगों को नहीं पता कि तकिए के नीचे, गाड़ी की तेज धूप में या लकड़ी की अलमारी में पावर बैंक रखना कितना बड़ा खतरा बन सकता है? आइए समझते हैं पावर बैंक को सुरक्षित रखने का सही तरीका क्या है...

Power Bank Safety, 4 Common Mistakes You Should Avoid, Know Right Way Store
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    क्या आप भी पावर बैंक को इस्तेमाल करने के बाद कहीं भी रख देते हैं? अगर हां, तो आपको थोड़ा सावधान होने की जरूरत है। पावर बैंक भले ही स्मार्टफोन और दूसरे डिवाइस को चार्ज करने के लिए बेहद काम का गैजेट है, लेकिन इसमें लगी बैटरी को सही तरीके से स्टोर करना भी उतना ही जरूरी है। बैटरी में आग लगने पर पावर बैंक फट भी सकता है और आसपास रखी चीजों में भी आग लग सकती है। खासतौर पर अगर पावर बैंक कपड़ों के बीच, तकिए के नीचे, लकड़ी की अलमारी में या तेज धूप वाली जगह पर रखा हो। आइए जानते हैं पावर बैंक के इस्तेमाल के दौरान किन गलतियों से बचना चाहिए...

    पावर बैंक के साथ भूलकर भी न करें ये चार बड़ी गलतियां

    तेज धूप और बंद गाड़ी में छोड़ना:

    ज्यादातर लोग पावर बैंक को कार के डैशबोर्ड या धूप में खड़ी गाड़ी के अंदर छोड़कर चले जाते हैं और कार के अंदर की गर्मी की वजह से पावर बैंक की बैटरी फूल सकती है। इतना ही नहीं इसमें धमाका भी हो सकता है। कई गाड़ियों में अचानक आग लगने का कारण अंदर छूटा हुआ पावर बैंक भी पाया गया है।

    चार्जिंग के दौरान ढक देना:

    इसके अलावा पावर बैंक को चार्ज पर लगाकर उसके ऊपर तकिया, चादर या कपड़े रख देना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। चार्जिंग के समय डिवाइस अपने आप में गर्म होता है। ऊपर से ढके होने के कारण इसकी हीटिंग कंट्रोल से बाहर हो जाती है, जिससे बैटरी फटने और आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

    डैमेज और फूली हुई बैटरी को नजरअंदाज करना

    : अगर पावर बैंक गिर गया है या उसकी बॉडी फूल गई है, तब भी कई लोग उसका इस्तेमाल जारी रखते हैं। ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। फूली हुई बैटरी कभी भी फट सकती है और यह एक सीधे-सादे हादसे को बुलावा देना है।

    सस्ते और खराब क्वालिटी के पावर बैंक का इस्तेमाल:

    पैसे बचाने के चक्कर में लोकल या खराब क्वालिटी के प्रोडक्ट्स खरीदना नुकसानदेह होता है। इन सस्ते पावर बैंक्स में ओवरचार्जिंग, शॉर्ट-सर्किट और ओवरहीटिंग से बचाने वाले सेफ्टी फीचर्स नहीं होते हैं।

    प्रतीकात्मक तस्वीर
    प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    पावर बैंक को स्टोर (रखने) करने का सही तरीका क्या है?

    जानकारों के मुताबकि अगर आप पावर बैंक का इस्तेमाल करते हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से इसे सही जगह पर रखना जरूरी है। जैसे की...

    • ठंडी और हवादार जगह:इसे हमेशा ऐसी जगह रखें जो सूखी, ठंडी और हवादार हो।
    • सीधी धूप से बचाव:जहां पावर बैंक रखा हो, वहां सीधी धूप नहीं आनी चाहिए और आसपास फालतू सामान का ढेर न हो।
    • नॉन-फ्लेमेबल जगह चुनें: पावर बैंक को कपड़े, तकिए या लकड़ी की दराज में रखने के बजाय मार्बल स्लैब या ऐसी जगह रखें जो आसानी से आग न पकड़े।
    • 50% चार्ज करके रखें:अगर आप पावर बैंक का रोज इस्तेमाल नहीं करते हैं और उसे लंबे समय के लिए रखना चाहते हैं, तो उसे लगभग 50 प्रतिशत चार्ज करके ही स्टोर करें।

    रोजाना इस्तेमाल करने वाले यूजर्स रखें इन चार बातों का ध्यान

    • ओवरहीटिंग पर नजर रखें:अगर आपका पावर बैंक इस्तेमाल या चार्ज करते समय जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो तुरंत उसका इस्तेमाल बंद कर दें और नया पावर बैंक ले लें।
    • आवाज की जांच करें: पावर बैंक को हल्का सा हिलाकर देखें। अगर अंदर से खड़खड़ाहट या किसी टूटे हुए पुर्जे की आवाज आए, तो समझ जाएं कि गिरने की वजह से उसका इंटरनल सेफ्टी सर्किट टूट चुका है।
    • एक तय और सुरक्षित जगह बनाएं:घर में पावर बैंक रखने और चार्ज करने की एक तय जगह बनाएं, जहां कोई भी ज्वलनशील (आग पकड़ने वाली) चीज मौजूद न हो।
    • दूसरे डिवाइसेस से दूर रखें:पावर बैंक को कभी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स या कई डिवाइसेस के बीच में सटाकर न स्टोर करें और न ही चार्ज करें।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें