रातभर चार्जिंग के बाद भी फोन की बैटरी नहीं हुई फुल?: नया फोन खरीदने से पहले करें ये काम, हल हो सकती है समस्या

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Thu, 22 Oct 2026 04:42 PM IST
सार

कई बार ऐसा होता है कि हम फोन को चार्जिंग पर लगाकर निश्चिंत हो जाते हैं और कुछ देर बाद आकर देखते हैं, तो बैटरी जस की तस रहती है। ऐसे में लोगों को लगता है कि चार्जर या फोन खराब हो गया है, लेकिन हर बार यह समस्या नहीं होती। आइए जानते हैं फोन चार्ज पर लगाने के बावजूद चार्ज न करने की क्या वजह हो सकती है...

Phone Battery Not Increasing While Charging? 5 Possible Reasons
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    फोन चार्जिंग पर लगाया और घंटों बाद भी बैटरी जस की तस? अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर आपको लगता है कि फोन खराब हो गया है, और उसे बदलना चाहते हैं, तो स्मार्टफोन बदलने का फैसला लेने से पहले यह जान लें कि इसके पीछे खराब बैटरी के अलावा चार्जिंग पोर्ट की गंदगी, फॉल्टी केबल या सॉफ्टवेयर का झोल भी हो सकता है। आइए जानते हैं इस समस्या को मिनटों में पहचानने और ठीक करने के आसान तरीके।

    किन वजहाें से अटक सकती है चार्जिंग?

    पुरानी बैटरी तो नहीं बन रही परेशानी की वजह?

    • फोन की बैटरी लंबे समय तक इस्तेमाल होने के साथ धीरे-धीरे अपनी क्षमता खोने लगती है। इसका असर बैटरी की परफॉर्मेंस पर पड़ता है और वह पहले की तरह चार्ज स्टोर नहीं कर पाती।
    • अगर फोन चार्जिंग पर लगा होने के बावजूद बैटरी का पर्सेंटेज नहीं बढ़ रहा है, तो बैटरी की स्थिति की जांच जरूर करें। खास बात है कि अगर समस्या बैटरी में ही है, तो केवल चार्जर या केबल बदलने से इसका समाधान नहीं होगा।

    चार्जिंग केबल या अडैप्टर में हो सकती है खराबी

    • कई बार फोन में चार्जिंग का निशान दिखाई देता है, लेकिन बैटरी का पर्सेंटेज नहीं बढ़ता। इसकी वजह पुरानी या डैमेज चार्जिंग केबल हो सकती है। खराब केबल फोन तक पर्याप्त बिजली नहीं पहुंचा पाती। अडैप्टर में खराबी होने पर भी ऐसी परेशानी आ सकती है।
    • इसकी जांच करने के लिए फोन के साथ इस्तेमाल होने वाली केबल और अडैप्टर को चेक करें। जरूरत पड़ने पर किसी सही और फोन के अनुकूल ओरिजिनल केबल या चार्जर से चार्जिंग करके देखें। अगर इससे समस्या ठीक हो जाती है, तो पुरानी केबल या अडैप्टर में गड़बड़ी होने की आशंका है।

    चार्जिंग पोर्ट में धूल या गंदगी तो नहीं?

    • देखिए फोन का चार्जिंग पोर्ट ऐसी जगह है, जहां इस्तेमाल के दौरान धूल और कपड़ों के रेशे जमा हो सकते हैं। इसके अलावा, जंग लगने से भी कनेक्शन में परेशानी आ सकती है। ऐसी स्थिति में चार्जर और फोन के बीच बिजली का संपर्क ठीक से नहीं बनता, जिससे चार्जिंग बार-बार रुक सकती है।
    • अगर चार्जिंग पोर्ट में गंदगी दिखाई दे रही है, तो सावधानी से उसकी सफाई करें। इसके लिए सूखे और मुलायम ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। पोर्ट के अंदर नुकीली चीजें डालने या उसे नुकसान पहुंचाने से बचें। अगर पोर्ट खराब है या चार्जर लगाने पर कनेक्शन ढीला रहता है, तो टेक्नीशियन की मदद लेना बेहतर होगा।

    सॉफ्टवेयर या एप्स भी रोक सकते हैं चार्जिंग की रफ्तार

    • हर बार चार्जिंग की समस्या हार्डवेयर से जुड़ी नहीं होती। कभी-कभी फोन के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी या किसी अपडेट के बाद आई समस्या के कारण बैटरी की स्थिति सही तरीके से दिखाई नहीं देती। इसके अलावा, कुछ एप्स बैकग्राउंड में लगातार चलते रहते हैं और ज्यादा बिजली खर्च करते हैं। इससे फोन चार्ज होने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है, क्योंकि चार्जिंग के दौरान भी बैटरी की खपत जारी रहती है।
    • ऐसे में फोन को रीस्टार्ट करके देखें। इसके बाद फोन की सेटिंग में जाकर उपलब्ध सिस्टम अपडेट की जांच करें। बैटरी सेटिंग में यह भी देखें कि कौन-से ऐप्स सबसे ज्यादा बिजली खर्च कर रहे हैं। अगर कोई ऐप जरूरत से ज्यादा बैटरी इस्तेमाल कर रहा है, तो उसके बैकग्राउंड इस्तेमाल को सीमित करने पर विचार किया जा सकता है।

    फोन का तापमान भी डाल सकता है चार्जिंग पर असर

    • अगर फोन बहुत गर्म या ज्यादा ठंडा हो जाता है, तो उसकी सुरक्षा के लिए चार्जिंग धीमी हो सकती है या कुछ समय के लिए रुक सकती है। ऐसे में फोन को तुरंत चार्ज करने की कोशिश करने के बजाय उसे सामान्य कमरे के तापमान पर आने दें। इसके बाद दोबारा चार्जिंग चेक करें।
    • चार्जिंग के दौरान बिजली की खपत कम करने के लिए एयरप्लेन मोड चालू करना भी मददगार हो सकता है। इससे फोन की कुछ वायरलेस गतिविधियां बंद हो जाती हैं और बैटरी की खपत कम हो सकती है। हालांकि, इससे हर तरह की चार्जिंग समस्या ठीक होने की गारंटी नहीं है।

    क्यों जरूरी है समस्या की सही पहचान?

    • बैटरी पर्सेंटेज नहीं बढ़ने पर तुरंत नया चार्जर खरीदना या फोन बदलने का फैसला करना जरूरी नहीं है। अगर परेशानी केबल, अडैप्टर, चार्जिंग पोर्ट या सॉफ्टवेयर से जुड़ी है, तो सही उपाय अपनाकर इसे दूर किया जा सकता है।
    • वहीं, अगर बैटरी की क्षमता खत्म हो रही है या चार्जिंग पोर्ट में हार्डवेयर की खराबी है, तो तकनीकी जांच की जरूरत पड़ सकती है। समस्या को समय रहते पहचानने से अनावश्यक खर्च से बचने और फोन को सही तरीके से इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है।

    समस्या से निपटने के लिए क्या करें?

    • अगर फोन चार्जिंग के दौरान बहुत ज्यादा गर्म हो रहा है, तो कुछ समय के लिए एयरप्लेन मोड चालू कर दें या फोन को स्विच ऑफ करके चार्ज करें।
    • अगर केबल या एडाप्टर में खराबी दिखे, तो हमेशा ब्रांडेड और सर्टिफाइड एक्सेसरीज का ही इस्तेमाल करें।
    • चार्जिंग पोर्ट या हार्डवेयर से जुड़ी गंभीर समस्या होने पर किसी अधिकृत सर्विस सेंटर या पेशेवर टेक्नीशियन की मदद लें।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें