अलमारी में रखा पुराना फोन नहीं है कबाड़: घर बैठे ऑनलाइन बेचकर कमाएं हजारों रुपये, अपनाएं ये आसान टिप्स
अगर आपने भी नया फोन लेने के बाद अपने पुराने मोबाइल को कबाड़ समझकर इधर-उधर फेंक रखा है, तो जान लीजिए कि वह बेकार नहीं है। आप अपने पुराने फोन को ऑनलाइन बेचकर हजारों रुपये कमा सकते हैं। आइए जानते हैं कि इसे बेचने की सही प्रक्रिया क्या है और किसी को भी अपना फोन सौंपने से पहले आपको किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

विस्तार
आजकल अधिकतर लोगों के पास पर्सनल स्मार्टफोन है। ऐसे में जैसे-जैसे नए फोन आते हैं, पुराने स्मार्टफोन अलमारी या किसी दराज में पड़े रह जाते हैं। कई बार फोन खराब या बंद हालत में भी पड़े रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा पुराना स्मार्टफोन कबाड़ नहीं है? अगर फोन की कंडीशन ठीक है तो उसे ऑनलाइन बेचकर हजारों रुपये तक मिल सकते हैं। इसके लिए आपको घर से बाहर जाने की भी जरूरत नहीं है।
घर बैठे कैसे बेचें पुराना फोन?
- पुराने स्मार्टफोन खरीदने वाले कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे फ्लिपकार्ट, कैशिफाई और कैश फॉर फाेन जैसे प्लेटफॉर्म मौजूद हैं।
- अगर आपके फोन की कंडीशन ठीक है और अपना फोन बेचना चाहते हैं, तो आप इनमें से किसी भी प्लेटफॉर्म पर जाकरअपने स्मार्टफोन की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इनमें फोन का मॉडल, कंडीशन शामिल हैं। इसके बाद पूछी गई जानकारी जानकारी देने के बाद आपको संभावित कीमत बताई जा सकती है।
घर पर ही होगी फोन की जांच
- ऑनलाइन कीमत देखने के बाद अगर आप फोन बेचने के लिए आगे बढ़ते हैं तो फोन कलेक्शन की प्रक्रिया बुक की जा सकती है। इसके लिए आपको किसी दुकान या सेंटर पर जाने की जरूरत नहीं है।
- कलेक्शन के दौरान फोन की कंडीशन और दी गई जानकारी की जांच की जाती है। जांच पूरी होने के बाद फोन की फाइनल कीमत तय होती है।
पैसे कैसे मिलेंगे?
ऊपर बताई गई प्रक्रिया के बाद फोन की जांच और कीमत तय होने के बाद तय की गई रकम आपके बैंक खाते में ट्रांसफर की जा सकती है। इसके बाद पुराना स्मार्टफोन कलेक्ट कर लिया जाता है। यानी घर में लंबे समय से पड़े पुराने फोन से आप बिना कहीं जाए पैसे हासिल कर सकते हैं।
फोन बेचने से पहले ये काम जरूर करें
- फोन से सिम कार्ड निकाल लें।
- जरूरी फोटो, वीडियो और फाइलों का बैकअप ले लें।
- फोन में सेव बैंकिंग और दूसरी संवेदनशील जानकारी हटा दें।
- बैंक कार्ड से जुड़ी जानकारी डिलीट कर दें।
- अपने सभी जरूरी अकाउंट से लॉगआउट करें।
- अंत में फोन को फैक्ट्री रिसेट कर दें।
- इस तरह पुराना स्मार्टफोन घर में पड़े रहने के बजाय आपके लिए कमाई का जरिया बन सकता है, लेकिन फोन बेचने से पहले डेटा और बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।