टिप्स: फोन गुम होने पर खतरे में न पड़ें आपकी चैट्स, कैसे चुटकियों में वापस पा सकते हैं पुराना व्हाट्सएप अकाउंट?
स्मार्टफोन खो जाने या चोरी होने पर व्हाट्सएप अकाउंट के गलत इस्तेमाल का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहला काम सिम कार्ड को ब्लॉक कराना और उसी नंबर पर नया सिम लेना होताहै। इसके बाद नए फोन पर व्हाट्सएप को आसानी से दोबारा रजिस्टर किया जा सकता है, लेकिन क्या पुराने चैट बैकअप को वापस पाया जा सकता है? और अगर नया नंबर हो तो क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं सबकुछ विस्तार से...

विस्तार
स्मार्टफोन खो जाना या चोरी हो जाना किसी के लिए भी परेशानी की बात है। फोन में मौजूद फोटो, कॉन्टैक्ट्स और दूसरी निजी जानकारियों के अलावा व्हाट्सएप अकाउंट के गलत इस्तेमाल की चिंता भी बढ़ जाती है। अगर आपके फोन में व्हाट्सएप लॉगिन है, तो कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है।
हालांकि, ऐसे में घबराने के बजाय तुरंत कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए। सबसे पहले मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क करके पुराने सिम को ब्लॉक करवाएं और उसी नंबर पर नया सिम जारी करवाएं। इसके बाद नए फोन में व्हाट्सएप अकाउंट को दोबारा रजिस्टर किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसका पूरा तरीका क्या है...
फोन खोने पर सबसे पहले क्या करें?
सिम कार्ड तुरंत ब्लॉक करवाएं
फोन खोने या चोरी होने पर अपने मोबाइल नेटवर्क प्रोवाइडर से संपर्क करें और पुराने सिम को ब्लॉक करवाएं। इससे कोई दूसरा व्यक्ति उस SIM पर आने वाले एसएमएस और कॉल का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
उसी नंबर पर नया SIM लें
मोबाइल ऑपरेटर से उसी फोन नंबर वाला नया सिम जारी करवाने का अनुरोध करें। सिम एक्टिवेट होने के बाद आप व्हाट्सएप अकाउंट को नए फोन पर रजिस्टर कर सकेंगे।
नए फोन में व्हाट्सएप रजिस्टर करें
- नए फोन में व्हाट्सएप इंस्टॉल करें और अपना पुराना फोन नंबर दर्ज करें। एसएमएस या कॉल के जरिए मिलने वाला वेरिफिकेशन कोड डालकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
- जब आपका नंबर नए फोन पर रजिस्टर हो जाए, तो अब पुराने फोन पर चल रहा मुख्य व्हाट्सएप अकाउंट लॉग आउट हो जाएगा। अगर अकाउंट से जुड़े किसी अन्य लिंक्ड डिवाइस को लेकर चिंता है, तो नए फोन में व्हाट्सएप की लिंक्ड डिवाइस जरूर चेक करें।
क्या पुरानी व्हाट्सएप चैट्स वापस मिल जाएंगी?
- अकाउंट रिकवर होने और पुरानी चैट्स वापस मिलने की प्रक्रिया अलग-अलग है। नया फोन नंबर वेरिफाई करने से अकाउंट तक पहुंच मिल सकती है, लेकिन इससे पुरानी चैट हिस्ट्री अपने आप वापस नहीं आती।
- अगर आपने पहले गूगल अकाउंट पर गूगल ड्राइव बैकअप लिया था, तो एंड्रॉयड पर व्हाट्सएप सेटअप करते समय उसी गूगल अकाउंट और फोन नंबर का इस्तेमाल करके बैकअप रीस्टोर करने का विकल्प मिल सकता है।
- ध्यान रखें कि चैट्स रीस्टोर करने के लिए सही बैकअप उपलब्ध होना जरूरी है। बैकअप न होने पर पुरानी चैट हिस्ट्री वापस मिलना संभव नहीं भी हो सकता है।
- वहीं, आईफोन पर चैट बैकअप और रीस्टोर करने की प्रक्रिया अलग होती है और इसमें आईक्लॉड का इस्तेमाल किया जाता है।
फोन खोने पर व्हाट्सएप से जुड़ी पांच जरूर बात क्या है?
व्हाट्सएप अकाउंट खुद डिएक्टिवेट नहीं कर सकता: व्हाट्सएप सपोर्ट से संपर्क किया जा सकता है, लेकिन अकाउंट रिकवर करने के लिए नंबर का वेरिफिकेशन जरूरी है।
- एक नंबर का मुख्य अकाउंट एक फोन पर:एक ही फोन नंबर का मुख्य व्हाट्सएप अकाउंट नए फोन पर रजिस्टर करने से पुराने फोन का मुख्य सेशन लॉग आउट हो सकता है।
- बैकअप जरूरी है:पुरानी चैट्स वापस पाने के लिए उपलब्ध और सही बैकअप की जरूरत हो सकती है।
- व्हाट्सएप वेब या डेस्कटॉप से रिकवरी नहीं होती: अकाउंट को दोबारा रजिस्टर करने के लिए फोन नंबर का वेरिफिकेशन करना होगा। लिंक्ड डिवाइस को अलग से लॉग आउट करने के विकल्प भी उपलब्ध हो सकते हैं।
- व्हाट्सएप फोन की लोकेशन नहीं बता सकता:खोए फोन को खोजने के लिए एंड्रॉयड का फाइंड माई डिवाइस या एपल का फाइंड माई इस्तेमाल करें।
अकाउंट रिकवर करने के बाद ये सुरक्षा सेटिंग्स चालू करें
- अकाउंट वापस मिलने के बाद व्हाट्सएप की सेटिंग में जाकर अकाउंट सेक्शन पर टैप करें।
- अब टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर चालू करे। इससे अकाउंट रजिस्टर करते समय अतिरिक्त पिन सुरक्षा मिलती है।
- इसके अलावा, किसी के साथ एसएमएस वेरिफिकेशन कोड या टू-स्टेप वेरिफिकेशन पिन साझा न करें। व्हाट्सएप पर अनजान लोगों के संदेशों और संदिग्ध लिंक से भी सावधान रहें।