UPI Payments: बिना इंटरनेट के भी कर पाएंगे यूपीआई पेमेंट, जानें आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
UPI Payment Without Internet:
NPCI ने ऑफलाइन यूपीआई पेमेंट की सुविधा शुरू की है। इससे यूजर्स बिना इंटरनेट के भी आसानी से पैसे भेज सकते हैं। *99# USSD सेवा के जरिए मोबाइल नंबर डालकर और यूपीआई पिन दर्ज करके सुरक्षित रूप से ट्रांजैक्शन किया जा सकता है। यह सुविधा खासतौर पर कमजोर नेटवर्क या बिना इंटरनेट वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी है और डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाती है।

विस्तार
आज के समय में ऑनलाइन पेमेंट ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। शॉपिंग से लेकर मोबाइल रिचार्ज और बिल भुगतान तक, लगभग हर काम अब डिजिटल पेमेंट से हो जाता है। गूगल पे, पेटीएम और भीम जैसे एप्स ने पैसे भेजना और प्राप्त करना बेहद सरल बना दिया है। लेकिन कई बार ऐसी स्थिति आ जाती है जब इंटरनेट काम नहीं करता या मोबाइल डेटा और वाई-फाई उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में पेमेंट करना मुश्किल हो जाता है, खासकर जब आपके पास कैश भी न हो। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने ऑफलाइन यूपीआई पेमेंट की सुविधा शुरू की है। यह सेवा 2022 में लॉन्च की गई थी और यह खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है जो कम इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में रहते हैं या कभी-कभी नेटवर्क की समस्या का सामना करते हैं। इस सुविधा की मदद से आप बिना इंटरनेट के भी अपने फोन से सीधे पैसे भेज सकते हैं।
बिना इंटरनेट के यूपीआई पेमेंट कैसे करें
ऑफलाइन यूपीआई पेमेंट करने के लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
स्टेप 1:
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन से *USSD कोड *99# डायल करें।
स्टेप 2:
स्क्रीन पर 'वेलकम टू *99#' का मैसेज दिखाई देगा। यहां 'ओके' पर क्लिक करें।
स्टेप 3:
अब आपके सामने कई विकल्प दिखाई देंगे। इनमें से 'सेंड मनी' का विकल्प चुनें।
स्टेप 4:
इसके बाद मोबाइल नंबर का विकल्प चुनें।
स्टेप 5:
अब उस व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज करें जिसे आप पैसे भेजना चाहते हैं।
स्टेप 6:
नंबर डालने के बाद उस व्यक्ति का नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे कन्फर्म करें।
स्टेप 7:
अब भेजी जाने वाली राशि दर्ज करें और अपना यूपीआई पिन डालें। इसके बाद आपका पेमेंट सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।
ऑफलाइन यूपीआई पेमेंट के लिए जरूरी शर्त
ऑफलाइन यूपीआई पेमेंट करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी होना आवश्यक हैं:
आपका मोबाइल नंबर आपके बैंक अकाउंट से लिंक होना चाहिए
आपका बैंक अकाउंट यूपीआई से जुड़ा होना चाहिए
आपका यूपीआई पिन पहले से सेट होना चाहिए
उसी मोबाइल नंबर से *99# डायल करें जो बैंक से लिंक है
ऑफलाइन यूपीआई सेवा क्यों है खास?
ऑफलाइन यूपीआई सेवा उन स्थितियों में बेहद मददगार साबित होती है जब इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता। इससे आप बिना डेटा या वाई-फाई के भी सुरक्षित और तेज़ी से पैसे भेज सकते हैं। यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों और कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी है। डिजिटल इंडिया के इस दौर में यह सेवा सुनिश्चित करती है कि इंटरनेट न होने पर भी आपका कोई जरूरी पेमेंट न रुके।