स्पैम फोल्डर में जा रहे काम के ईमेल्स?: जीमेल की इन पांच सेटिंग्स में करें बदलाव, मिनटों में दूर होगी समस्या
क्या आपके भी जरूरी ईमेल लगातार जीमेल के स्पैम फोल्डर में पहुंच रहे हैं? यह परेशानी वाली बात हो सकती है, क्योंकि कई बार हम ऐसे जरूरी और काम के ईमेल मिस कर देते हैं। इसलिए आइए जानते हैं Gmail की कुछ आसान सेटिंग्स के बारे में, जिनकी मदद से जरूरी संदेशों को इनबॉक्स में आने से रोकने वाली समस्या को ठीक किया जा सकता है।

विस्तार
जीमेल का इस्तेमाल करते समय अक्सर ऐसा देखा जाता है कि कई जरूरी ईमेल्स सीधे इनबॉक्स में आने की बजाय स्पैम फोल्डर में चले जाते हैं। यह समस्या अधिकतर तब होती है, जब किसी भरोसेमंद कंपनी, बैंक या व्यक्ति के मैसेजेस लगातार स्पैम में पहुंचते रहते हैं।
गूगल की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ऐसा तब होता है जब स्पैम में पहुंचे ईमेल को Not Spam न किया गया हो, सेंडर का ईमेल गूगल कॉन्टेक्ट्स में सेव न हो या उसके लिए सही फिल्टर सेट न किया गया हो। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो जीमेल की कुछ आसान सेटिंग्स बदलकर इसे हमेशा के लिए ठीक कर सकते हैं।
1. स्पैम में गए ईमेल को करें नॉट स्पैम
कंपनी के अनुसार, किसी भी जरूरी ईमेल के स्पैम में जाने की वजह यह हो सकती है, कि उसे स्पैम फोल्डर से हटाकर नॉट स्पैम नहीं किया गया है। इसके अलावा सेंडर का ईमेल एड्रेस गूगल कॉन्टैक्ट्स में सेव न होना या उसके लिए सही फिल्टर सेट न होना भी एक वजह हो सकती है।
ऐसे में सबसे पहले जीमेल खोलें और बाईं तरफ More पर जाएं। इसके बाद स्पैम फोल्डर खोलें। जिस ईमेल को वापस लाना है, उसे चुनें और ऊपर दिखाई दे रहे नॉट स्पैम ऑप्शन पर क्लिक करें।
अब ईमेल को स्पैम से हटाने के बाद उसी सेंडर से आने वाले दूसरे जरूरी संदेशों के लिए भी यह कदम मददगार हो सकता है।
2. सेंडर को गूगल कॉन्टैक्ट्स में करें सेव
किसी भरोसेमंद सेंडर का ईमेल एड्रेस गूगल कॉन्टैक्ट्स में सेव करना भी जरूरी हो सकता है। इसके लिए कंप्यूटर पर गूगल कॉन्टैक्ट्स खोलें और क्रिएट कॉन्टैक्ट्स चुनें।
अब सेंडर का नाम और बाकी जरूरी जानकारी को भरें और कॉन्टैक्ट्स को सेव कर दें। इससे जीमेल को उस सेंडर की पहचान करने में मदद मिल सकेगी और उसके ईमेल के स्पैम में जाने की संभावना कम हो सकती है।
3. सेंडर के लिए बनाएं फिल्टर
अगर किसी खास सेंडर के ईमेल लगातार स्पैम में जा रहे हैं, तो जीमेल में उसके लिए एक फिल्टर बनाया जा सकता है। ध्यान रखें कि यह काम कंप्यूटर पर जीमेल खोलकर करना होगा।
इसके लिए जीमेल खोलें और ऊपर मौजूद सर्च बार में Show search options चुनें। इसके बाद From वाले बॉक्स में उस सेंडर का ईमेल एड्रेस डालें और क्रिएट फिल्टर पर क्लिक करें।
4. Never send it to Spam चुनें
अब जब फिल्टर बना लिया है, तो इसके बाद जीमेल में कई विकल्प दिखाई दे सकते हैं। इनमें से आपको नेवर सेंड इट टू स्पैम वाले विकल्प पर टिक करना है।
इसके बाद क्रिएट फिल्टर पर क्लिक करें। इससे जीमेल को उस सेंडर से आने वाले ईमेल्स को स्पैम में भेजने से रोकने का निर्देश मिल जाएगा।
अगर किसी भरोसेमंद सेंडर के ईमेल लगातार स्पैम में जा रहे हैं, तो यह सेटिंग सबसे उपयोगी तरीकों में से एक हो सकती है।
5. मोबाइल एप से ईमेल को करें नॉट स्पैम
अब अगर आप एंड्रॉयड फोन, आईफोन या टैबलेट पर जीमेल इस्तेमाल करते हैं, तो वहां से भी स्पैम में गए जरूरी ईमेल को वापस लाया जा सकता है। इसके लिए जीमेल एप खोलें और मेन्यू में जाकर स्पैम फोल्डर पर क्लिक करें। यहां पर जिस भी ईमेल को वापस लाना चाहते हैं, उसे खोलें, फिर ऊपर दाईं तरफ More पर टैप करें और Report not spam चुनें। इससे जरूरी Email Spam Folder से बाहर आ जाएगा।
जीमेल में फिल्टर बनाने के लिए कंप्यूटर जरूरी
यहां पर एक बात का ध्यान रखना जरूरी है कि जीमेल में किसी भी सेंडर के लिए फिल्टर बनाने की सुविधा के लिए कंप्यूटर से जीमेल खोलना जरूरी है। वहीं से सर्च ऑप्शंस में जाकर सेंडर का ईमेल एड्रेस डालकर फिल्टर बनाया जा सकता है।
फिल्टर सेट करते समय Never send it to Spam विकल्प चुनना होगा। इसके बाद चुने गए सेंडर को ईमेल्स को स्पैम में जाने से रोकने में मदद मिल सकती है।