Anti Theft Feature: क्या झपटमारों के हाथ लगते ही 'डिब्बा' बन जाएगा आपका iPhone? Apple ला रहा नया ऑटो-लॉक फीचर
New iPhone Anti Theft Feature:
एपल एक नए आईफोन सिक्योरिटी फीचर पर काम कर रहा है जो फोन छीने जाने का पता लगते ही डिवाइस को अपने आप लॉक कर देगा। यह फीचर आईफोन के सेंसर, एपल वॉच और लोकेशन डेटा की मदद से चोरी की पहचान करेगा। इसके जरिए चोरों के लिए अनलॉक आईफोन का गलत इस्तेमाल करना काफी मुश्किल हो सकता है। 9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और आने वाले आईओएस अपडेट्स में पेश किया जा सकता है।

विस्तार
कई बार ऐसा होता है कि हम रास्ते में अपना फोन इस्तेमाल कर रहे होते हैं और अचानक कोई उसे हाथ से छीन कर भाग जाता है। अगर आपका फोन उस समय अनलॉक है तो चोर आसानी से आपका पर्सनल डेटा और बैंक डिटेल्स तक पहुंच सकता है। इसी समस्या को खत्म करने के लिए एपल एक नए और स्मार्ट सिक्योरिटी फीचर पर काम कर रहा है।
क्या है यह नया फीचर?
एपल का यह नया फीचर इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि अगर कोई आपके हाथ से iPhone छीनता है तो फोन तुरंत खुद ही लॉक हो जाएगा।
वैसे तो एपल ने हाल ही में 'Find My', 'एक्टिवेशन लॉक' और 'Stolen Device Protection' जैसे कई बेहतरीन एंटी-थेफ्ट फीचर दिए हैं। लेकिन अगर चोर आपका फोन तब छीन ले जब आप उसे इस्तेमाल कर रहे हों (यानी फोन अनलॉक हो) तो ये पुराने फीचर ज्यादा काम नहीं आते। यह नया फीचर इसी कमी को पूरा करेगा और काफी हद तक एंड्रॉयड के थेफ्ट डिटेक्शन लॉक की तरह काम करेगा।
यह कैसे पहचानेगा कि फोन चोरी हुआ है?
आपका iPhone यह कैसे समझेगा कि उसे आपके हाथ से छीना गया है? इसके लिए एपल कई स्मार्ट तरीकों का इस्तेमाल करेगा:
सेंसर (Accelerometer):
फोन के अंदर लगे मोशन सेंसर हाथ से फोन छिनने वाले झटके और अचानक होने वाली मूवमेंट को तुरंत पहचान लेंगे।
एपल Watch से दूरी:
अगर आप एपल Watch इस्तेमाल करते हैं तो फोन के अचानक आपसे दूर जाने पर सिस्टम को चोरी का अलर्ट मिल जाएगा।
लोकेशन और वाईफाई:
यह फीचर 'स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन' के नियमों का भी पालन करेगा। यह चेक करेगा कि फोन किसी सुरक्षित जगह और जाने-पहचाने वाईफाई नेटवर्क से दूर किसी अनजान जगह पर तो नहीं है।
चोरी होने पर क्या एक्शन लेगा iPhone?
जैसे ही ऊपर बताई गई चीजों से सिस्टम को लगेगा कि फोन को छीना गया है, वह बिना कोई समय बर्बाद किए फोन की स्क्रीन को ऑटोमैटिक लॉक कर देगा। इसके अलावा, यह फोन के उन सभी जरूरी और संवेदनशील हिस्सों तक पहुंच को भी तुरंत ब्लॉक कर देगा, जो स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन के तहत सुरक्षित होते हैं। इससे चोर आपके एपल आईडी या पासवर्ड में कोई बदलाव नहीं कर पाएगा।
कब तक आएगा यह फीचर?
टेक वेबसाइट 9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर के कोड टेस्टिंग फेज में देखे गए हैं। इससे यह साफ है कि एपल इस पर तेजी से काम कर रहा है। फिलहाल इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इसे जल्द ही किसी नए आईओएस अपडेट के साथ रोलआउट किया जाएगा।