टेक टिप्स: एंड्रॉयड में ऑन हो गया सेफ मोड? जानें इसे बंद करने के तीन आसान तरीके और क्या है इसके पीछे की वजह
क्या आपके एंड्रॉयड फोन की स्क्रीन पर अचानक सेफ मोड लिखा आ रहा है और थर्ड-पार्टी एप्स गायब हो गए हैं? तो घबराएं नहीं, यह एंड्रॉयड का एक खास डायग्नोस्टिक फीचर है जो फोन में आ रही कमियों और खराब एप्स को पहचानने के लिए खुद-ब-खुद एक्टिव हो जाता है, लेकिन इसे बंद कैसे किया जाता है? आइए जानते हैं सेफ मोड ऑन होने की असल वजह और इसे आसानी से हटाने के प्रभावी तरीके।

विस्तार
अगर आपके एंड्रॉयड फोन की स्क्रीन पर अचानक सेफ मोड लिखा दिखाई देने लगे और कई एप्स काम करना बंद कर दें, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। दरअसल, सेफ मोड एंड्रायड का एक खास डायग्नोस्टिक फीचर है, जिसका इस्तेमाल फोन में आ रही किसी समस्या की वजह पहचानने के लिए किया जाता है। हालांकि, अगर यह मोड गलती से ऑन हो जाए तो फोन इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में इसे आसानी से बंद किया जा सकता है। आइए जानते हैं Safe Mode क्या है, यह क्यों एक्टिव होता है और इसे बंद करने का तरीका क्या है।
सेफ मोड क्या होता है?
सेफ मोड में एंड्राॅयड फोन केवल जरूरी सिस्टम एप्स और सर्विसेज के साथ शुरू होता है। फोन में इंस्टॉल किए गए कई थर्ड-पार्टी एप्स इस दौरान अस्थायी रूप से डिसेबल हो जाते हैं।
इस मोड का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना होता है कि फोन में आ रही समस्या किसी डाउनलोड किए गए एप की वजह से तो नहीं है। सेफ मोड एक्टिव होने पर आमतौर पर होम स्क्रीन पर इसका निशान दिखाई देता है और कुछ एप्स गायब या इस्तेमाल के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं।
एंड्रॉयड फोन में सेफ मोड क्यों ऑन हो जाता है?
- कई बार फोन को रीस्टार्ट करते समय गलती से कोई बटन दब जाने की वजह से सेफ मोड एक्टिव हो सकता है। खासकर अगर वॉल्यूम डाउन बटन दबा हुआ हो तो फोन सेफ मोड में बूट हो सकता है।
- इसके अलावा किसी खराब या अटकते हुए एप, सिस्टम में आई गड़बड़ी या फोन के किसी बटन में समस्या के कारण भी सेफ मोड दिखाई दे सकता है।
सेफ मोड बंद करने का सबसे आसान तरीका
- सबसे पहले फोन का पावर बटप दबाकर रखें।
- स्क्रीन पर दिखाई देने वाले रीस्टार्ट ऑप्शन पर टैप करें।
- फोन के पूरी तरह बंद होकर दोबारा ऑन होने का इंतजार करें।
- फोन शुरू होने के बाद देखें कि स्क्रीन से सेफ मोड का निशान हट गया है या नहीं।
- आमतौर पर एक सामान्य रीस्टार्ट के बाद फोन वापस नॉर्मल मोड में आ जाता है और थर्ड-पार्टी एप्स भी फिर से काम करने लगते हैं।
रीस्टार्ट के बाद भी सेफ मोड बंद न हो तो क्या करें?
- अगर फोन बार-बार सेफ मोड में ही शुरू हो रहा है तो सबसे पहले उसके वॉल्यूम बटन्स चेक करें। देखें कि वॉल्यूम बटन दबा हुआ, अटका हुआ या फोन कवर की वजह से लगातार प्रेस तो नहीं हो रहा है।
- ऐसे में फोन का कवर हटाकर एक बार फिर फोन को रीस्टार्ट करके देखें। कई बार खराब फिटिंग वाला कवर किसी बटन को लगातार दबाए रख सकता है, जिसकी वजह से फोन सेफ मोड में बूट हो जाता है।
हाल ही में इंस्टॉल किए गए एप्स को कैसे चेक करें?
- अगर सेफ मोड बार-बार अपने आप एक्टिव हो रहा है तो संभव है कि फोन में हाल ही में इंस्टॉल किया गया कोई ऐप समस्या पैदा कर रहा हो।
- सेफ मोड में थर्ड-पार्टी एप्स अस्थायी रूप से बंद रहते हैं। ऐसे में आप यह पता लगाने की कोशिश कर सकते हैं कि समस्या किस एप को इंस्टॉल करने के बाद शुरू हुई थी। अगर किसी हालिया एप पर शक है, तो उसे हटाने के बाद फोन को दोबारा सामान्य तरीके से रीस्टार्ट करके चेक किया जा सकता है।
सेफ मोड का मतलब फोन खराब होना नहीं है
- यूजर्स को फोन की स्क्रीन पर सेफ मोड लिखा देखकर घबराने की जरूरत नहीं है। यह एंड्रॉयड का एक डायग्नोस्टिक फीचर है, जो फोन की समस्या का कारण पहचानने में मदद करता है।
- अगर यह गलती से एक्टिव हुआ है तो सामान्य रीस्टार्ट से फोन अक्सर वापस नॉर्मल मोड में आ जाता है। वहीं, अगर फोन बार-बार सेफ मोड में जा रहा है तो वॉल्यूम बटन, फोन कवर और हाल ही में इंस्टॉल किए गए एप्स की जांच करना उपयोगी हो सकता है।