एआई से रोज के काम होंगे आसान: जानिए क्या है इस्तेमाल का सही तरीका? भूलकर भी न करें ये गलती

विस्तार
एआई अब सिर्फ टेक कंपनियों की चर्चा तक सीमित नहीं है। ChatGPT, Gemini और Claude जैसे चैटबॉट आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में जगह बना रहे हैं। ईमेल लिखना हो, पढ़ाई में मदद चाहिए या छुट्टियों की प्लानिंग करनी हो, कुछ ही सेकंड में ड्राफ्ट सामने आ जाता है। लेकिन अक्सर लोगों के इसके सही इस्तेमाल की जानकारी नहीं होती. आइए जानते हैं एआई का सही इस्तेमाल कैसे करें और किन सावधानियों का ध्यान रखें।
रोज के काम में कैसे करें इस्तेमाल?
- ईमेल और मैसेज:बस बताइए कि किसे, क्या और किस लहजे में लिखना है। छुट्टी की अर्जी हो या ग्राहक को जवाब, मिनटों में तैयार हो जाता है। आप हिंदी में भी इसके निर्देश दे सकते हैं।
- पढ़ाई:कठिन टॉपिक को आसान भाषा में समझने के लिए एआई एक बहुत अच्छा टूल है। गूगल पर दस जगह ढूंढने से बेहतर है कि एक छोटा सा प्रोमप्ट देकर सारी जानकारी एक ही जगह प्राप्त की जाए। लंबे नोट्स का सारांश बनवाएं, या खुद को परखने के लिए अभ्यास के क्विज खेल सकते हैं। लेकिन इसमें ध्यान रखें कई बार एआई की जानकारी गलत भी हो सकती है।
- ट्रैवल प्लान:अपने हॉलीडे की प्लानिंग के लिए भी एआई आपकी काफी मदद कर सकता है। आपको बस बजट, दिनों की संख्या और पसंद बतानी है। एआई आपको डे वाई डे का एक प्लान बता देगा। आप होटल बुकिंग करते समय वहां की रेटिंग भी एआई से पूछ सकते हैं। हांलाकि टिकट और होटल की कीमत खुद जांच लें।
फोटो और वीडियो एडिटिंग के फ्री टूल्स
फोटो के लिए Canva और Google Photos में बैकग्राउंड हटाने और तस्वीर सुधारने के AI फीचर हैं। वीडियो के लिए CapCut, Clipchamp और DaVinci Resolve जैसे टूल लोकप्रिय हैं। इनमें Clipchamp का बेसिक वर्जन और DaVinci Resolve का एक वर्जन मुफ्त है। पर ध्यान रखें कि फ्री सुविधाएं तेजी से बदलती रहती हैं और ज्यादातर टूल फ्री एक्सपोर्ट पर अपना लोगो लगा देते हैं।
भूलकर भी न करें ये गलतियां
- गलत जानकारी:AI पूरे आत्मविश्वास से गलत तथ्य, आंकड़े या नाम बता सकता है। खबर, सेहत, कानून या पैसे से जुड़ी हर बात आधिकारिक स्रोत से जरूर जांचें।
- प्राइवेसी:आधार, पैन, बैंक डिटेल, OTP, निजी चैट या दफ्तर के गोपनीय दस्तावेज चैटबॉट में न डालें। ऐप की प्राइवेसी सेटिंग्स देखें कि आपकी चैट का इस्तेमाल कैसे होता है।
- फर्जी एप:मशहूर AI टूल्स के नाम पर नकली एप और वेबसाइट घूम रही हैं। सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या ऐप स्टोर से डाउनलोड करें।
- डीपफेक:AI से किसी की आवाज या चेहरा नकल करके ठगी हो सकती है। रिश्तेदार के नाम पर आए पैसे मांगने वाले कॉल या वीडियो की दूसरे नंबर पर फोन करके पुष्टि करें।