यूट्यूब को चुनौती: बिलिबिली दे रहा है तगड़ी कमाई का मौका! 1000 व्यूज पर मिलेंगे इतने पैसे
चीनी वीडियो प्लेटफॉर्म Bilibili अब YouTube को टक्कर देने के लिए ग्लोबल मार्केट में उतर रहा है। चर्चा है कि यह प्लेटफॉर्म क्रिएटर्स को 1,000 व्यूज पर 0.70 डॉलर (करीब 60 रुपये) दे सकता है। जानें इसके मॉनेटाइजेशन नियम और कमाई से जुड़ी पूरी जानकारी।

विस्तार
दुनियाभर के वीडियो क्रिएटर्स के लिए एक बेहद रोमांचक खबर है। अभी तक वीडियो कंटेंट से कमाई के मामले में YouTube का एकछत्र राज रहा है, लेकिन अब चीन का मशहूर वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म बिलिबिली (Bilibili) इसे कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। यह प्लेटफॉर्म अब अपने घरेलू बाजार से बाहर निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पैर फैला रहा है। दिलचस्प बात यह है कि क्रिएटर्स को अपनी ओर खींचने के लिए कंपनी कथित तौर पर शानदार पेआउट ऑफर कर रही है, जिसने सोशल मीडिया पर भारी हलचल मचा दी है।
1,000 व्यूज पर कितनी हो रही कमाई?
X (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर द्वारा शेयर की गई एक पोस्ट के मुताबिक, Bilibili अपने क्रिएटर्स को प्रति 1,000 व्यूज के लिए लगभग 0.70 डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 60 रुपये) का भुगतान कर रहा है। अगर यह आंकड़ा सही साबित होता है, तो 10 लाख व्यूज हासिल करने वाला क्रिएटर बिना किसी टैक्स कटौती के लगभग 700 डॉलर (लगभग 66,00 रुपये) तक कमा सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि Bilibili की तरफ से आधिकारिक तौर पर किसी भी पेआउट अमाउंट की जानकारी नहीं दी गई है।
कमाई के नियम और अहम फैक्टर्स
Bilibili के आधिकारिक क्रिएटर प्रोग्राम के दस्तावेजों में किसी तय भुगतान का जिक्र नहीं है। इसके बजाय, प्लेटफॉर्म का कहना है कि कमाई कई अहम बातों पर निर्भर करती है। इनमें दर्शकों की लोकेशन, एडवर्टाइजर्स की मांग, कंटेंट की कैटेगरी और मॉनेटाइजेशन प्रोडक्ट्स शामिल हैं। इसके अलावा, टैक्स, अवैध ट्रैफिक, रिफंड और पॉलिसी के उल्लंघन के आधार पर अनुमानित कमाई में बदलाव भी किया जा सकता है।
मॉनेटाइजेशन के लिए क्या हैं योग्यताएं?
- क्रिएटर के चैनल पर कम से कम 100 सब्सक्राइबर्स होने चाहिए।
- 2,000 वैलिड पब्लिक व्यूज का होना अनिवार्य है।
हालांकि, इन शर्तों को पूरा करने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपको तुरंत अप्रूवल मिल जाएगा। कंपनी क्रिएटर्स के कंटेंट की ऑरिजनलिटी, कॉपीराइट नियमों और कम्युनिटी गाइडलाइंस की बारीकी से जांच करती है। खरीदे गए व्यूज, फर्जी सब्सक्राइबर्स और किसी भी तरह के आर्टिफिशियल एंगेजमेंट को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Bilibili का विस्तार
- सेमाफोर (Semafor) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म ने अपने अंतरराष्ट्रीय ऐप को दोबारा लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही, कंपनी एक अंग्रेजी वेबसाइट विकसित कर रही है और अमेरिका, यूरोप, जापान और लैटिन अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों में कम्युनिटी मैनेजर्स की तेजी से भर्ती कर रही है। विज्ञापन से होने वाली कमाई के साथ-साथ, Bilibili एक नया मार्केटप्लेस भी बना रहा है, जो क्रिएटर्स को सीधे ब्रांड्स और स्पॉन्सरशिप से जोड़ेगा।
- भले ही 1,000 व्यूज पर 0.70 डॉलर की खबर ने क्रिएटर्स का ध्यान खींचा है, लेकिन अभी तक कंपनी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जैसे-जैसे इस प्लेटफॉर्म का ग्लोबल नेटवर्क बढ़ेगा, इसके पेमेंट नियमों की असल तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
- एपल ने लॉन्च किए नए मैक मिनी और मैक स्टूडियो, पहले से 4 गुना ज्यादा तेज; कीमत भी बढ़ी
- अब एक व्हाट्सएप अकाउंट में जोड़ सकेंगे कई पासकी, आ गए 3 जबरदस्त सिक्योरिटी फीचर्स
- फिलिप्स भारत में लॉन्च करेगा 64MP कैमरा और 256GB स्टोरेज वाला दमदार 5G स्मार्टफोन, ₹20,000 से कम होगी कीमत
- मेटा लॉसूट: इंस्टाग्राम पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर घिरी मेटा, कोर्ट में कंपनी के प्रमुख ने दिया बयान