Xiaomi का बैटरी रिप्लेसमेंट प्रोग्राम, 499 रुपये में बदलवा सकेंगे फोन की बैटरी
इस प्रोग्राम का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को किसी भी नजदीकी शाओमी के सर्विस सेंटर पर जाना होगा और यदि बैटरी रिप्लेस करने की नौबत आती है तो 499 रुपये में बैटरी बदली जाएगी।

विस्तार
शाओमी इंडिया ने भारतीय ग्राहकों के लिए बैटरी रिप्लेसमेंट प्रोग्राम लॉन्च किया है जिसके तहत बैटरी बदलवाने की एक कीमत तय की गई है। इस प्रोग्राम के तहत शाओमी फोन के ग्राहक 499 रुपये देकर अपने फोन की बैटरी चेंज करा सकेंगे।
कंपनी के एक बयान के मुताबिक इस प्रोग्राम का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को किसी भी नजदीकी शाओमी के सर्विस सेंटर पर जाना होगा और यदि बैटरी रिप्लेस करने की नौबत आती है तो 499 रुपये में बैटरी बदली जाएगी। बैटरी रिप्लेसमेंट प्रोग्राम शाओमी, एमआई और रेडमी तीनों ब्रांड के फोन के लिए है।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि बैटरी रिप्लेसमेंट की यह शुरुआती कीमत है। फोन के मॉडल के मुताबिक बैटरी की कीमत में इजाफा भी हो सकता है। कंपनी ने यह भी कहा है कि Xiaomi Service+ एप के जरिए सर्विस सेंटर के लिए ग्राहक अप्वाइंटमेंट बुक कर सकते हैं। कंपनी के मुताबिक यदि फोन की बैटरी बहुत धीरे से चार्ज हो रही है या अचानक से खत्म हो रही तो बैटरी रिप्लेस करने की जरूरत है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही Xiaomi ने एक साथ 70 ऐसे स्मार्टफोन की लिस्ट जारी की है जिन्हें अब कोई सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं दिया जाएगा। इस लिस्ट में Redmi Note 7, Redmi K20, Redmi 7, Mi 9 SE और Mi Play समेत 70 स्मार्टफोन शामिल हैं।
सीधे शब्दों में कहें तो Xiaomi ने इन फोन के लिए एंड ऑफ सपोर्ट (EOS) की घोषणा की है। Xiaomi आमतौर पर मासिक और तीन महीने में दो सालों तक अपडेट देता है, हालांकि कुछ प्रीमियम फोन के साथ लंबे समय भी सिक्योरिटी और सॉफ्टवेयर अपडेट मिलता है। यदि इस लिस्ट में यदि आपका भी फोन शामिल है तो आपको अपने फोन को बदलने के बारे में सोचना चाहिए। पूरी खबर यहां से पढ़ें