Fraud: 24 रुपये की सब्जी लौटाने के चक्कर में महिला गंवा बैठी 87,000 रुपये, रिफंड पाने के लिए न करें ये गलती
अहमदाबाद में एक महिला सिर्फ 24 रुपये की सब्जी का रिफंड लेने के चक्कर में साइबर धोखाधड़ी का शिकार बन गई। गूगल पर मिले फर्जी कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करने से उसके बैंक खाते से 87,000 रुपये उड़ गए। जानिए कैसे हुआ पूरा फ्रॉड और इससे कैसे बचें।

विस्तार
आजकल देशभर से अलग-अलग तरह के साइबर फ्रॉड के मामले सामने आ रहे हैं। अब एक नया मामला अहमदाबाद से सामने आया है। एक महिला क्विक कॉमर्स से मंगाई सब्जियों का रिफंड लेने के चक्कर में फ्रॉड का शिकार बन गई। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
हुआ ये कि एक महिला ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो से 24 रुपये का बैंगन ऑर्डर किया। उसने पतले वाले बैंगन मंगाए थे, लेकिन डिलीवरी ब्वॉय जब सब्जियां लेकर पहुंचा तो उनमें बड़े साइज का बैंगन मिला। इसे देखकर महिला ने जब रिफंड के लिए कंप्लेन दर्ज करना चाहा तो उसे यह महंगा पड़ गया।
यह भी पढ़ें: एंड्रॉयड में आया बड़े काम का अपडेट, लाखों रुपये बचा देगा बस 30 सकेंड दिखने वाला ये फीचर
कस्टमर केयर निकला फ्रॉड
महिला ने रिफंड लेने के लिए कंपनी का कस्टमर केयर नंबर एप में सर्च करने के बजाय इंटरनेट पर गूगल सर्च किया था। यहां से जो नंबर निकला उसपर उसने कॉल कर सभी मांगी जाने वाली जानकारियां बताईं। लेकिन महिला को नहीं पता था कि वह फ्रॉड करने वालों से बात कर रही है। इतने में महिला को फोन पर भेजे गए एक लिंक को खोलने के लिए कहा गया। महिला को बताया गया रिफंड पाने के लिए इस लिंक को खोलकर उसे अपनी बैंक डिटेल जमा करनी होगी। जब महिला ने ऐसा किया तो दो बार में उसके बैंक खाते से कुल 87,000 रुपये निकाल लिए गए।
महिला को जब फ्रॉड होने का पता चला तो उसने नजदीकी थाने में मामला दर्ज कराया। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब महत्वपूर्ण बात ये है कि आपके साथ भी ऐसा फ्रॉड न हो इसके लिए क्या करना चाहिए। तो आपको सबसे पहले बता दें कि किसी भी कंपनी के हेल्पलाइन या कस्टमर केयर आपसे अकाउंट नंबर, ओटीपी, पासवर्ड या पीन जैसी पर्सनल जानकारी नहीं मांगते। ध्यान रखें कि कॉल पर यदि कोई आपसे इन जानकारियों को बताने को कह रहा है तो वह गलत उद्देश्य की ओर इशारा करता है।
इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां
1. Google पर न सर्च करें नंबर: कभी भी कस्टमर केयर का नंबर गूगल पर सर्च न करें। इसके लिए आप बैंक, ई‑कॉमर्स या क्विक कॉमर्स कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट या एप के सपोर्ट सेक्शन में जाएं और वहां दिए गए नंबर या ई-मेल आई़डी पर ही संपर्क करें।
2. एप से होता है रिटर्न-रिफंड:
अगर आपने सामान एप से ऑर्डर किया है और उसे रिटर्न करना चाहते हैं, तो एप पर ही रिटर्न करने और रिफंड पाने का ऑप्शन होता है। इसके लिए आपको किसी भी बाहरी नंबर से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ती। सामान का रिटर्न कंप्लीट होने के बाद रिफंड आपके बैंक खाते या ई-वॉलेट में अपने आप आ जाता है। इसका स्टेटस एप में चेक कर सकते हैं।
3. ठगी का शिकार होने पर क्या करें:
इस तरह के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर जल्द से जल्द अपने बैंक के हेल्पलाइन को कॉल अकाउंट ब्लाॉक करवाएं। साथ ही ट्रांजैक्शन डिसप्यूट दर्ज कराएं। आप 24×7 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत कॉल कर सकते हैं और शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आप जितनी जल्दी ये काम करेंगे उतनी जल्दी फ्रॉड ट्रांजैक्शन को रोकने में सफल हो पाएंगे।
4. साइबर पुलिस को दें जानकारी:
आप चाहें तो www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नजदीकी थाने के साइबर ब्रांच में लिखित FIR भी जरूरी दर्ज करवाएं।
- Alert: पुराने Windows OS पर चल रहे 100 करोड़ से ज्यादा कंप्यूटर, जानिए अपग्रेड न करने पर क्या हो सकते हैं खतरे
- iPhone Tips: बंद आईफोन भी हो सकता है ट्रैक, नहीं जानते ये जबरदस्त ट्रिक तो यहां जानें
- Android Update: एंड्रॉयड में आया बड़े काम का अपडेट, लाखों रुपये बचा देगा बस 30 सकेंड दिखने वाला ये फीचर
- TV Tips: सोते समय स्मार्ट टीवी को स्विच से क्यों बंद करना चाहिए? ये 5 फायदे जान गए तो बदल लेंगे आदत