वायर्ड या ब्लूटूथ ईयरफोन: जानिए कौन सा है आपके लिए बेस्ट? किसमें मिलती है धांसू साउंड क्वालिटी
म्यूजिक लवर्स के बीच हमेशा यह बहस रहती है कि वायर्ड और ब्लूटूथ ईयरफोन में से बेहतर साउंड किसमें मिलता है। आपके लिए कौन से ईयरफोन बेहतर हैं आइए जानते हैं.

विस्तार
स्मार्टफोन से हेडफोन जैक गायब होने के बाद से ब्लूटूथ ईयरफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। पॉकेट में उलझने वाले तारों से आजादी पाने के लिए लोग वायरलेस गैजेट्स को तेजी से अपना रहे हैं। लेकिन जब बात कानों को सुकून देने वाले बेहतरीन और क्रिस्टल-क्लियर म्यूजिक की आती है, तो आज भी ऑडियोफाइल्स और तकनीक के जानकारों के बीच वायर्ड इयरफोन का पलड़ा भारी माना जाता है। आइए जानते हैं कि दोनों में क्या अंतर है।
वायर्ड ईयरफोन की साउंड क्वालिटी कैसे बेहतर?
वायर्ड ईयरफोन साउंड की प्योरिटी और परफेक्शन के मामले में राजा माने जाते हैं। इनमें ऑडियो सिग्नल बिना किसी कम्प्रेशन के सीधे आपके डिवाइस से ईयरफोन तक पहुंचते हैं। केबल के जरिए डेटा ट्रांसफर होने के कारण बीच में कोई डेटा लॉस नहीं होता है। यही वजह है कि गानों की छोटी से छोटी डिटेल, इंस्ट्रूमेंट्स की बारीक आवाज और डीप बेस आपको पूरी क्लेरिटी के साथ सुनाई देते हैं।
ब्लूटूथ ईयरफोन में ऑडियो कम्प्रेशन का क्या असर पड़ता है?
वायरलेस या ब्लूटूथ ईयरफोन आज के समय में अपनी सुविधा और पोर्टेबिलिटी के लिए सबसे आगे हैं। हालांकि हवा के जरिए डेटा ट्रांसफर करने के लिए ऑडियो फाइल्स को एयरवेव पर भेजने से पहले कम्प्रेश किया जाता है। इस प्रक्रिया में साउंड की कुछ बारीक डिटेल्स और नेचुरल डेप्थ कम हो जाती है। हालांकि सोनी या एप्पल जैसे ब्रांड्स के महंगे हाई-एंड वायरलेस मॉडल्स में इस गैप को भरने के लिए आधुनिक कोडेक्स का इस्तेमाल किया जाने लगा है फिर भी वे वायर्ड की बराबरी नहीं कर पाते।
आपके लिए कौन सा ईयरफोन सही?
- वायर्ड ईयरफोन:अगर आपको सिर्फ बेहतरीन साउंड क्वालिटी, स्टूडियो जैसा म्यूजिक एक्सपीरियंस और बिना किसी लैग के गेमिंग करना है, तो आपके लिए वायर्ड ईयरफोन सबसे सही और बेहतरीन विकल्प हैं।
- ब्लूटूथ ईयरफोन:यदि आप ऑफिस में काम कर रहे हैं, जिम में वर्कआउट कर रहे हैं, या सफर के दौरान बिना तारों की उलझन के पूरी तरह फ्री रहना चाहते हैं, तो ब्लूटूथ या वायरलेस ईयरफोन आपकी लाइफस्टाइल के लिए एकदम परफेक्ट और कंफर्ट होते हैं।
कम कीमत में दमदार साउंड किस ईयरफन में मिलेगा?
बजट और परफॉर्मेंस की बात करें तो वायर्ड ईयरफोन इस मामले में हमेशा बाजी मार ले जाते हैं। आप महज हजार-दो हजार रुपये में बेहतरीन साउंड क्वालिटी का वायर्ड ईयरफोन खरीद सकते हैं, वैसी परफॉर्मेंस पाने के लिए आपको ब्लूटूथ सेगमेंट में पांच से दस हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। कुल मिलाकर, बजट फ्रेंडली और हाई-फाई ऑडियो के लिए तार वाले इयरफोन आज भी अपनी जगह मजबूत बनाए हुए हैं।