व्हाट्सएप APK स्कैम: शादी का कार्ड समझकर डाउनलोड की फाइल, 9 मिनट में बिजनेसमैन के अकाउंट से गायब हुए 5 लाख
Wedding Invitation Scam:
व्हाट्सएप पर आने वाले 'शादी के कार्ड' आपको कंगाल कर सकते हैं। बंगलूरू के एक शख्स ने व्हाट्सएप पर आए ऐसे ही एक अनजान निमंत्रण को डाउनलोड किया और चंद मिनटों में उनके बैंक अकाउंट से 5 लाख रुपये उड़ गए। दरअसल, स्कैमर्स शादी के कार्ड के बहाने एक खतरनाक 'APK फाइल' भेज रहे हैं, जो फोन का पूरा कंट्रोल हैकर्स के हाथ में दे देती है। APK फाइल क्या होती है, ठग इसका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं और आप इस नए साइबर फ्रॉड से खुद को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं, सब जानेंगे इस लेख में...

विस्तार
आजकल साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं। बंगलूरू में साइबर फ्रॉड का एक नया और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां व्हाट्सएप पर आए एक 'शादी के कार्ड' ने एक 42 वर्षीय बिजनेसमैन का बैंक अकाउंट खाली कर दिया।
बंगलूरू के रहने वाले नूर नाहिद खान को व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। इसे देखकर लगा कि किसी ने उन्हें शादी में बुलाया है। लेकिन इस एक मैसेज पर क्लिक करने की कीमत उन्हें 5 लाख रुपये चुकाकर देनी पड़ी।
आखिर क्या था उस व्हाट्सएप मैसेज में?
मैसेज को बड़े ही आकर्षक ढंग से फूलों और दिल वाले इमोजी के साथ सजाकर भेजा गया था। इसमें लिखा था कि उन्हें अपनी शादी में आमंत्रित करते हुए बेहद खुशी हो रही है। इस संदेश में आगे अनुरोध किया गया कि समारोह की पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए इन्विटेशन कार्ड को डाउनलोड करें, क्योंकि उनकी मौजूदगी इस खास दिन को यादगार बना देगी।
देखने में यह संदेश किसी सामान्य निमंत्रण जैसा ही लग रहा था, लेकिन इसके ठीक नीचे एक खतरनाक APK फाइल अटैच थी। खान ने इसे असली शादी का कार्ड समझकर बिना सोचे-समझे डाउनलोड कर लिया और अनजाने में यही उनकी सबसे बड़ी चूक साबित हुई।
कैसे उड़ गए 5 लाख रुपये?
जैसे ही खान ने उस APK फाइल को डाउनलोड किया, उन्होंने अनजाने में अपने स्मार्टफोन का पूरा कंट्रोल ठगों के हवाले कर दिया। इसके बाद 16 अप्रैल की सुबह महज 9 मिनट के अंदर, यानी 4:45 से 4:54 बजे के बीच, स्कैमर्स ने उनके अकाउंट में सेंध लगाकर कई UPI ट्रांजेक्शन किए और 5,00,440 रुपये साफ कर दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि उस फाइल के जरिए फोन के बैकग्राउंड में एक खतरनाक एप इंस्टॉल हो गया था। इसने स्कैमर्स को कैमरा, गूगल पे और बैंकिंग एप्स समेत फोन में मौजूद हर गुप्त जानकारी तक पहुंचने की परमिशन दे दी थी।
टेक ज्ञान: आखिर यह APK फाइल क्या होती है?
APK का फुल फॉर्म एंड्रॉयड पैकेज किट होता है, जो असल में एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम में एप्स को इंस्टॉल करने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक फाइल फॉर्मेट है। इसे आसान भाषा में ऐसे समझ सकते हैं कि जब भी आप गूगल प्ले स्टोर के बजाय किसी बाहरी वेबसाइट या लिंक से कोई एप डाउनलोड करते हैं तो वह APK फाइल के रूप में ही आपके फोन में आता है।
यहां सबसे जरूरी बात यह याद रखने वाली है कि कोई भी असली डिजिटल इन्विटेशन हमेशा फोटो (JPEG/PNG), वीडियो (MP4) या डॉक्यूमेंट (PDF) के रूप में भेजा जाता है। दुनिया का कोई भी व्यक्ति शादी का कार्ड भेजने के लिए APK फाइल का इस्तेमाल नहीं करता।
एक्सपर्ट की चेतावनी और बचाव के तरीके
इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल साक्षरता की बढ़ती अहमियत को रेखांकित किया है। इसे लेकर क्रिप्टो कंपनी CoinDCX के फाउंडर सुमित गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों को आगाह भी किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आम यूजर्स को फोटो (JPEG) और एप फाइल (APK) के बीच का बुनियादी अंतर समझना होगा, ताकि वे धोखे का शिकार न हों।
उनकी सलाह है कि व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान नंबर से आई रैंडम .apk फाइल को कभी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें, चाहे वह देखने में कितना भी मासूम 'शादी का कार्ड' क्यों न लग रहा हो। चूंकि स्कैमर्स अक्सर लोगों की तकनीकी कमियों का ही फायदा उठाते हैं, इसलिए अपने परिवार और दोस्तों को फोन सुरक्षा के ये बेसिक रूल्स सिखाना बेहद जरूरी है।
कानूनी कार्रवाई की बात करें तो पुलिस ने इस मामले में IT एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह की सोची-समझी साजिश है। इसने शहर के कई अन्य लोगों को भी ये फर्जी मैसेज भेजे होंगे। लेकिन ये समझना बहुत जरूरी है कि बचाव का सबसे बड़ा तरीका सतर्कता ही है। अगली बार किसी भी 'शादी के कार्ड' पर क्लिक करने से पहले उसका फाइल फॉर्मेट चेक करना बिल्कुल मत भूलिएगा।