अलर्ट: क्या सरकार सुन रही आपकी व्हाट्सएप कॉल्स? तीन टिक वाले वायरल मैसेज की खुली पोल, जानें क्या है सच
'भारत सरकार ने नए मॉनिटरिंग नियम लागू कर दिए हैं, जिसमें सरकार अब यूजर्स की सभी व्हाट्सएप कॉल्स रिकॉर्ड कर रही है और मैसेज पर दिखने वाले रेड या तीन ब्लू टिक से इसका पता चलता है।' क्या आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है? तो क्या वाकई सरकार व्हाट्सएप पर नजर रख रही है? यहां जानिए इस वायरल मैसेज का पूरा सच।

विस्तार
व्हाट्सएप इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के बीच एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने व्हाट्सएप के लिए नए मॉनिटरिंग नियम लागू किए हैं, जिसके तहत यूजर्स की कॉल और निजी चैट पर नजर रखी जाएगी। साथ ही वायरल मैसेज में अलग-अलग रंग के टिक को भी कथित सरकारी निगरानी से जोड़कर बताया जा रहा है।
हालांकि, पीआईबी फैक्ट चेक ने इस पूरे दावे को फर्जी बताया है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से व्हाट्सएप की निगरानी से जुड़ी ऐसी कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।
सरकार ने व्हाट्सएप मॉनिटरिंग के दावे को बताया फर्जी
पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे को लेकर सच्चाई सामने लाई है। इनके अनुसार, सरकार ने व्हाट्सएप की निगरानी को लेकर कोई भी नई गाइडलाइन जारी नहीं की है। इसका मतलब है कि व्हाट्सएप पर शेयर किया जा रहा यह मैसेज किसी नए सरकारी आदेश की जानकारी नहीं देता। यूजर्स को ऐसे मैसेज को सही मानकर आगे फॉरवर्ड करने से बचना चाहिए।
रेड टिक और 3 ब्लू टिक वाला दावा भी गलत
- साथ ही व्हाट्सएप के टिक को लेकर भी कई दावे वायरल हो रहे हैं, जिसमें कथित तौर पर बताया जा रहा है कि अलग-अलग रंग के टिक या ज्यादा ब्लू टिक दिखाई देने का मतलब है कि सरकार ने उस मैसेज को देख लिया है या उस पर कार्रवाई की जा सकती है।
- हांलाकि फैक्ट चेक में कहा गया है कि व्हाट्सएप के टिक को सरकार की कथित मॉनिटरिंग व्यवस्था से जोड़ने का कोई आधार नहीं है। इसलिए किसी मैसेज में बताए गए रेड टिक या 3 ब्लू टिक जैसे दावों से घबराने की जरूरत नहीं है।
क्या सरकार व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्ड कर रही है?
इतना ही नहीं वायरल मैसेज का सबसे बड़ा दावा यही है कि सरकार यूजर्स की व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्ड या मॉनिटर कर रही है। इस दावे को लेकर भी साफ किया है कि सरकार ने ऐसी कोई नई व्हाट्सएप मॉनिटरिंग गाइडलाइन जारी नहीं की है। इसलिए केवल वायरल मैसेज के आधार पर यह मान लेना कि सरकार हर व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्ड कर रही है, सही नहीं है।
व्हाट्सएप यूजर्स को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
ऐसे फर्जी मैसेजेस सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप्स पर समय-समय पर इस तरह के फर्जी दावे वायरल होते रहते हैं। इसलिए इस तरह के मैसेज को बिना जांचे आगे भेजने से बचना जरूरी है। खास तौर पर जब किसी वायरल मैसेज में सरकारी आदेश, निगरानी, कानूनी कार्रवाई या अकाउंट बंद होने जैसी बातें कही गई हों, तो उसकी पुष्टि आधिकारिक स्रोत से करनी चाहिए।