TV की दुनिया में नई क्रांति: क्या है Micro RGB तकनीक जिसे Samsung और LG लेकर आ रहे हैं? जानें सब कुछ
Micro RGB TV:
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बाद अब टीवी देखने का अंदाज भी पूरी तरह बदलने वाला है। लास वेगास में आयोजित होने वाले CES 2026 में इस बार टीवी स्क्रीन की एक ऐसी जादुई तकनीक दस्तक दे रही है, जिसे देखकर आप अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाएंगे।

विस्तार
अमेरिका के लास वेगास में 6 जनवरी से कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक्स शो-2026 (CES 2026) का आगाज होने जा रहा है। इससे पहले सैमसंग और एलजी ने अपनी लेटेस्ट टीवी डिस्प्ले टेक्नोलॉजी Micro RGB का खुलासा कर दिया है। दोनों ही कंपनियां दुनिया की सबसे बड़ी कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता हैं और इस शो में अपनी इस नई तकनीक का प्रदर्शन भी करेंगी। अब आम जनता ने तो LCD, LED और OLED डिस्प्ले तक का नाम तो सुना है, लेकिन Micro RGB TV क्या है? इसका नाम सुनकर सबसे मन में यही सवाल है। तो आइए जानते हैं Micro RGB TV क्या होती है?
CES 2026 में होगा Micro RGB टीवी का खुलासा
दरअसल, अपकमिंग कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक्स शो (CES 2026) में दोनों दिग्गज कंपनियां इस नई टीवी डिस्प्ले टेक्नोलॉजी को पेश करने का ऐलान कर चुकी है। सैमसंग का कहना है कि वह अपनी Micro RGB TV को 55-इंच, 65-इंच, 75-इंच, 85-इंच, 100-इंच और 115-इंच के सबसे बड़े मॉडल्स में लाएगी। वहीं, एलजी ने इस तकनीक को Micro RGB evo नाम दिया है। कंपनी का दावा है कि वह इन नई तकनीक के साथ 75-इंच, 86-इंच और 100-इंच साइज में टीवी पेश करेगी।
आखिर क्या है Micro RGB टीवी?
इस तकनीक के बारे में हम जांच पड़ताल करते हुए जब सैमसंग की वेबसाइट पर पहुंचे तो हमें इसके बारे में पता चला। सैमसंग के मुताबिक, Micro RGB एक क्रांकिकारी टीवी डिस्प्ले तकनीक है जो स्क्रीन पर 100% रीयल कलर दिखाती है। इसके साथ ही हमें यह भी पता चला कि यह एक हाइब्रिड डिस्प्ले है जिसमें बैकलाइट और कलर के लिए LED का ही इस्तेमाल होता है, लेकिन पिक्चर LCD स्क्रीन पर तैयार होती है।

इससे पहले Mini LED टीवी के बारे में सुना गया था, लेकिन Micro RGB में Mini LED को और भी छोटा कर दिया गया है। LED का माइक्रो साइज होने के वजह से यह और भी अधिक पॉवर एफिशिएंट बन जाता है, साथ ही LED का साइज छोटा होने के वजह से इसमें रेड, ग्रीन और ब्लू लाइट ज्यादा रिफाइनमेंट के साथ दिखते हैं। इसका फायदा ये है कि स्क्रीन पर पिक्चर और अधिक कलरफुल और जीवंत दिखती है।
LED टीवी से कितना अलग है Micro RGB?
जैसा की हमने आपको पहले बताया था कि Micro RGB अभी भी LCD तकनीक पर बेस्ड हैं, मगर यह पहले से ज्यादा एडवांस्ड है। इसमें LCD पैनल पर बैकलाइट के लिए LEDs का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर LED टीवी से तुलना करें तो LED टीवी में LCD पैनल नहीं होता। यह खुद पिक्सल लेवल पर लाइट जनरेट कर इमेज बनाती है। एक्सपर्ट्स Micro RGB को हाइब्रिड डिस्प्ले कह रहे हैं जो पहले से कहीं ज्यादा बेहतर है।
सैमसंग ने अपने 115-इंच Micro RGB टीवी को लॉन्च भी कर दिया है। कंपनी ने इस टीवी की कीमत 30,000 डॉलर तय की है। वहीं एलजी से उम्मीद है कि कंपनी CES 2026 के दौरान अपनी Micro RGB evo टीवी को लॉन्च कर सकती है।