Cloud Service: क्लाउड सर्विस क्या है, जिसके डाउन होने से लाखों वेबसाइट पड़ जाती हैं ठप?
Cloudflare Outage:
दुनिया भर की लाखों वेबसाइट्स क्लाउड सर्विस पर निर्भर होती हैं, इसलिए किसी एक क्लाउड कंपनी में गड़बड़ी आते ही कई प्लेटफॉर्म एक साथ ठप हो जाते हैं। Cloudflare की 18 नवंबर को हुई आउटेज ने फिर साबित कर दिया कि इंटरनेट का बड़ा हिस्सा कुछ कंपनियों पर ही टिका है।

विस्तार
इंटरनेट पर काम करने वाली लाखों वेबसाइट्स और एप्स अपनी सर्विस को स्थिर, तेज और सुरक्षित रखने के लिए क्लाउड कंपनियों पर निर्भर रहती हैं। फिर चाहे वह सोशल मीडिया साइट X हो या AI साइट ChatGPT, इंटरनेट पर उपलब्ध हर वेबसाइट क्लाउड सर्विस का इस्तेमाल करती है। मंगलवार, 18 नवंबर को Cloudflare के क्लाउड सर्विस में आई तकनीकी समस्या ने इसका सबसे बड़ा उदाहरण पेश किया, जब एक गड़बड़ी के कारण दुनिया भर की कई लोकप्रिय वेबसाइट्स एक साथ ठप हो गईं। आइए जानते हैं इंटरनेट के इंजन को चलाने के लिए क्लाउड सर्विस की इतनी अहम भूमिका क्यों होती है और क्या वेबसाइट को ठप पड़ने से बचाने के लिए क्लाउड सर्विस का कोई विकल्प मौजूद है?
क्लाउड सर्विस क्या होती है?
क्लाउड सर्विस (Cloud Service) सरल शब्दों में इंटरनेट पर मौजूद वह तकनीकी ढांचा है, जो वेबसाइट्स को चलाने के लिए जरूरी बैकएंड सुविधाएं देता है। इसमें डेटा स्टोरेज, वेबसाइट की स्पीड और सुरक्षा, DDoS प्रोटेक्शन, DNS रूटिंग, कंटेंट तेजी से लोड करवाने वाले CDN जैसे फीचर्स शामिल होते हैं।
अब सवाल ये उठता है कि वेबसाइटें खुद अपनी क्लाउड सर्विस क्यों नहीं चलाती? तो आपको बता दें कि एक वेबसाइट को चलाने के लिए काफी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पड़ती है जिसे खड़ा करने और चलाने में करोड़ों रुपये का खर्च आता है। वेबसाइट का डेटा स्टोर करना, उसे साइबर हमलों से सुरक्षित रखना और यूजर्स की बढ़ती संख्या के साथ उसकी स्पीड को मेंटेन रखना एक बड़ी चुनौती होती है। दुनिया भर में करोड़ों वेबसाइट्स चल रही हैं और हर वेबसाइट चलाने वाली हर कंपनी के लिए ये मुमकिन नहीं होता कि वह खुद का डेटा सेंटर बनाए और उसके मेंटेनेंस में करोड़ों रुपये खर्च करे। इसलिए वेबसाइट को हैंडल करने का सारा जिम्मा क्लाउड सर्विस देने वाली कंपनियां उठाती हैं। क्लाउड कंपनियां वेबसाइट को चलाने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं, जिसके बदले में उन्हें सर्विस चार्ज मिलता है।

क्लाउड आउटेज से वेबसाइट्स क्यों होती हैं डाउन?
अब चूंकि अधिकतर वेबसाइट्स अपने सर्वर खुद नहीं चलातीं, बल्कि Cloudflare, AWS, Azure और Google Cloud जैसी कंपनियों की सेवाओं का उपयोग करती हैं। इसलिए किसी एक बड़ी क्लाउड कंपनी में समस्या आने पर उससे जुड़ी लाखों वेबसाइट्स तुरंत प्रभावित हो जाती हैं। आपको बता दें कि X (Twitter), Perplexity, ChatGPT और Claude जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) के क्लाउड सर्विस का इस्तेमाल करती हैं। मंगलवार को जब क्लाउडफ्लेयर की सर्विस दुनिया भर में प्रभावित हुई, तो इससे क्लाउडफ्लेयर के सर्वर का इस्तेमाल करने वाली लाखों वेबसाइट्स पर अचानक एरर दिखने लगा और साइट क्रैश होने लगी।
हालांकि, 4 घंटों के भीतर इस तकनीकी खामी को दूर कर सर्वर को रिस्टोर कर दिया गया, जिससे X, Perplexity और ChatGPT समेत कई वेबसाइट्स फिर से नॉर्मल हो गईं। Cloudflare ने बताया कि यह आउटेज एक सॉफ्टवेयर बग के वजह से हुआ था और कोई साइबर अटैक नहीं था।
उदाहरण से समझें मामला
इस स्थिति को ऐसे समझा जा सकता है जैसे किसी शहर का बड़ा बिजली स्टेशन अचानक खराब हो जाए। भले ही हर घर की वायरिंग ठीक हो, लेकिन बिजली स्टेशन ठप होने का असर पूरे शहर पर पड़ता है। ठीक इसी तरह Cloudflare की मुख्य सेवा रुकते ही लाखों वेबसाइट्स एक साथ डाउन हो गईं।
सर्विस के लिए क्लाउड पर बढ़ती निर्भरता
यह आउटेज बताती है कि आज की डिजिटल दुनिया में कुछ बड़ी क्लाउड कंपनियों पर अत्यधिक निर्भरता है। एक छोटी तकनीकी गड़बड़ी भी वैश्विक स्तर पर लाखों उपयोगकर्ताओं को प्रभावित कर सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाएं आने वाले समय में क्लाउड सुरक्षा और विश्वसनीयता पर नए सवाल खड़े कर सकती हैं।