एक और झटका: Vodafone Idea के प्लान भी हुए 25% तक महंगे, यहां देखें पूरी लिस्ट
वोडाफोन आइडिया के नए प्लान 25 नवंबर से प्रभावी हो जाएंगे। Airtel के नए प्लान 26 नवंबर से प्रभावी हो रहे हैं। वोडाफोन आइडिया ने भी एयरटेल की तरह ही अपने प्लान में बदलाव किए हैं।

विस्तार
एयरटेल (Airtel) के बाद अब वोडाफोन आइडिया ने भी ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए अपने सभी प्री-पेड प्लान महंगे कर दिए हैं। वोडाफोन आइडिया के नए प्लान 25 नवंबर से प्रभावी हो जाएंगे। Airtel के नए प्लान 26 नवंबर से प्रभावी हो रहे हैं। वोडाफोन आइडिया ने भी एयरटेल की तरह ही अपने प्लान में बदलाव किए हैं। वोडाफोन आइडिया का सबसे सस्ता प्लान अब 99 रुपये का हो गया है जो कि पहले 79 रुपये का था। कंपनी ने कहा है कि प्लान की कीमतें बढ़ाने से उसे एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) बढ़ाने में मदद मिलेगी। आइए सभी प्लान के बारे में जानते हैं..
vi का सबसे सस्ता प्री-पेड प्लान पहले 79 रुपये का था जो कि अब 99 रुपये का हो गया है। बेस प्लान की कीमत में 20 रुपये का इजाफा हुआ है। इस प्लान में आपको 99 रुपये का टॉकटाइम मिलेगा। इसके अलावा इसमें 200एमबी डाटा मिलेगा। इस प्लान की वैधता 28 दिनों की है। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा नहीं है। इस प्लान के तहत 1 पैसे प्रति मिनट की दर से कॉलिंग की जा सकेगी।
इस इजाफे के बाद वोडाफोन आइडिया का 149 रुपये वाला प्लान अब 179 रुपये का हो गया है। इस प्लान में 28 दिनों की वैधता के साथ कुल 2 जीबी डाटा, कुल 300 एसएमएस और सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलेगी।