7200mAh बैटरी और 50MP ट्रिपल ZEISS कैमरे के साथ आ रहा वीवो वी80: तगड़े एआई फीचर्स से लैस, नोट कर लें लॉन्च डेट

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 23 Sep 2026 02:27 PM IST
सार

वीवो अपनी पॉपुलर वी-सीरीज का नया फोन Vivo V80 भारत में 6 अक्टूबर को लॉन्च करने जा रहा है। 7,200mAh की दमदार बैटरी, 100x जूम वाले ZEISS कैमरे और 144Hz डिस्प्ले से लैस यह फोन बेहद खास होने वाला है।

vivo v80 india launch date 6 october battery camera features specifications details
Vivo V80 Series - फोटो : Vivo

    विस्तार

    वीवो भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कंपनी ने अपनी पॉपुलर V-सीरीज के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन Vivo V80 की भारत में लॉन्च डेट आधिकारिक तौर पर कंफर्म कर दी है। यह नया स्मार्टफोन 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पेश किया जाएगा। कंपनी का यह हैंडसेट पिछले Vivo V70 की जगह लेगा, जिसमें प्रीमियम कैमरा, लंबी बैटरी लाइफ और आधुनिक एआई फीचर्स पर फोकस रखा गया है।

    ZEISS कैमरा से प्रोफेशनल लेवल की फोटोग्राफी

    फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इस फोन में जर्मन ऑप्टिक्स दिग्गज ZEISS ब्रैंडेड कैमरा सेटअप दिया गया है। इसके रियर में सोनी LYTIA 700V सेंसर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन ओआईएस कैमरा मिलेगा। साथ ही 50 मेगापिक्सल का नाइट टेलीफोटो कैमरा दिया गया है, जो 3x ऑप्टिकल जूम और 100x डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। वाइड एंगल शॉट्स के लिए तीसरा अल्ट्रा-वाइड कैमरा मौजूद रहेगा। सेल्फी और व्लॉगिंग के लिए फ्रंट में 92-डिग्री फील्ड ऑफ व्यू और ऑटोफोकस वाला 50 मेगापिक्सल का ZEISS ग्रुप सेल्फी शूटर दिया गया है। फोन 4K सिनेमैटिक वीडियो और 60fps पर 4K रिकॉर्डिंग को भी सपोर्ट करता है।

    30 से अधिक स्मार्ट AI फीचर्स से लैस

    फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने इसमें 30 से ज्यादा क्रिएटिव एआई टूल्स जोड़े हैं। इनमें एआई दिवाली पोर्ट्रेट 2.0 खास है, जो त्योहार की तस्वीरों में रंगोली और तोरण जैसे पारंपरिक तत्वों के साथ बेहतरीन वॉर्म टोन जोड़ता है। इसके अलावा लाइव स्टीकर कोलाज, पेट पाल्स, स्नैप नोट और सिक्योरिटी शील्ड जैसे स्मार्ट टूल्स भी यूजर्स के काम को काफी आसान बनाएंगे।

    डिस्प्ले क्वालिटी होगी प्रीमियम

    डिजाइन के मामले में फोन में 6.59-इंच का 1.5K OLED डिस्प्ले मिलेगा, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ बेहद स्मूद विजुअल एक्सपीरियंस देता है। इस पैनल की पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक जाती है, जबकि रात में आंखों की सुरक्षा के लिए यह 1 निट तक कम हो सकती है। महज 1.25mm के पतले बेजल्स और वन-पीस कोल्ड-काव्ड ग्लास के साथ यह डिवाइस सनराइज एंथम, होराइजन ब्लू और स्टेलर ब्लैक रंगों में उतारा जाएगा।

    वी-सीरीज की अब तक की सबसे बड़ी बैटरी

    पावर बैकअप के लिए इसमें 7,200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो वी-सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी क्षमता है। इसे तेजी से चार्ज करने के लिए 90W फ्लैशचार्ज का सपोर्ट मिलता है, जिससे यह फोन केवल 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है। कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज में यह 14 घंटे तक नेविगेशन और करीब 39.5 घंटे तक लोकल वीडियो प्लेबैक दे सकता है। नया फोन ओरिजिन ओएस 7 पर काम करेगा और इसे 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट्स मिलेंगे।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें