अब फेसबुक वीडियो से होंगे मालामाल, यूट्यूब के लिए बड़ी चुनौती

फेसबुक ने पूरी दुनिया में अपनी वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा लांच करने की तैयारी कर ली है। फेसबुक वॉच नाम की यह सेवा अमेरिका में भले ही 2017 से चल रही है लेकिन अब इसकी शुरूआत ब्रिटेन, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में शुरू की जाएगी।
यह सेवा यू-ट्यूब के सामने चुनौती पेश कर सकती है क्योंकि इसका लाभ उन यूजरों को मिलेगा जो फेसबुक का उपयोग अपने वीडियो शेयर करने के लिए करते हैं। यानी इस सेवा के बाद यूजर्स फेसबुक पर वीडियो डालकर कमाई भी कर सकेंगे।
फेसबुक वॉच पर वीडियो डालकर ठीक उसी तरह से कमाई की जा सकेगी जिस तरह यू-ट्यूब चैनल पर अधिक व्यूज मिलने पर विज्ञापनों से कमाई की जाती है। फेसबुक ने यूजरों के साथ कमाई की हिस्सेदारी के लिए भी नीति को अंतिम रूप दे दिया है।
इसके तहत यूजर की कमाई का 55 प्रतिशत हिस्सा यूजर के खाते में जाएगा जबकि 45 फीसदी हिस्सा फेसबुक को मिलेगा। कंपनी ने इस कमाई के लिए कुछ शर्तें भी लादी हैं। इनके तहत वीडियो की लंबाई कम से कम तीन मिनट और दो माह के भीतर संबंधित वीडियो को 30 हजार लोगों द्वारा कम से कम एक मिनट तक देखा जाना जरूरी होगा।
नीति के मुताबिक फेसबुक वॉच के लिए उसके पेज पर कम से कम 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स का होना भी जरूरी होगा। फेसबुक का दावा है कि इस सेवा से लोगों को आपसी संचार में मदद मिलेगी। यूजर अपने कंटेंट पर दोस्तों, फैंस और निर्माताओं से भी बात कर सकेगा।
इसके अलावा सक्रियता बढ़ाने के लिए निर्माता पोल, चैलेंज और क्विज भी चला सकते हैं। इसीलिए फेसबुक वॉच से पारंपरिक टीवी चैनलों व ऑनलाइन आउटलेट जैसे अमेजन वीडियो या नेटफ्लिक्स को भी चुनौती मिलेगी।
यूजरों को मिलेंगे कई विकल्प

फेसबुक वॉच पर यूजरों को ढेर सारे विकल्प एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे। इनमें से वे अपना पसंदीदा शो भी चुन सकते हैं। इनमें बड़े ब्रांड और नए प्लेयर दोनों ही तरह के शो देखे जा सकेंगे। यही नहीं बल्कि समाचार फीड में सुरक्षित की गई क्लिपिंग भी इसमें देखी जा सकेंगी।
प्रकाशकों, क्रिएटरों को दो तरीके से मदद
फेसबुक ने कहा है कि वॉच की लांचिंग के साथ ही हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशकों और क्रिएटरों की दो तरीके से मदद कर सकेंगे। पहला यह कि वे फेसबुक पर वीडियो से पैसे कमा सकेंगे और दूसरे क्रिएटर्स बेहतर तरीके से जान सकेंगे कि उनका कंटेंट किस तरह से परफॉर्म कर रहा है।