Elon Musk का यू टर्न: पहले कंपनी से निकाला, अब कह रहे- 'प्लीज आ जाओ'
कंपनी के मुताबिक ट्विटर ब्लू टिक सत्यापन सेवा अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन में नवीनतम वर्जन वाले आईओएस यूजर्स के लिए लागू की गई है।

विस्तार
अमेरिका में ट्विटर ने ब्लू टिक सत्यापन के लिए शुल्क सेवा रोक दी है। अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा के लिए आठ नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव के बाद ट्विटर ब्लू टिक सत्यापन सेवा के लिए आठ डॉलर शुल्क लेगा। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, चुनावों के कारण कंपनी ने अभी इस सेवा को शुरू नहीं किया है। वहीं मंगलवार को तय हो जाएगा कि रिपब्लिकन और राष्ट्रपति जो बाइडन के डेमोक्रेट्स में से कौन प्रतिनिधि सभा को नियंत्रित करेगा।
इसी बीच ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने यू टर्न लेते हुए नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को वापस बुलाया है, हालांकि ऐसा सिर्फ अमेरिकी कर्मचारी के लिए हुआ है। मस्क ने 28 अक्तूबर को 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर के सौदे में ट्विटर का अधिग्रहण किया था। जिसके कुछ दिन के बाद ही उन्होंने ट्विटर ब्लू टिक के लिए आठ डॉलर भुगतान की बात कही थी। कंपनी के मुताबिक ट्विटर ब्लू टिक सत्यापन सेवा अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन में नवीनतम वर्जन वाले आईओएस यूजर्स के लिए लागू की गई है।
ट्विटर ने अब कुछ बर्खास्त कर्मचारियों को वापस आने को कहा
ट्विटर का मालिक बनते ही भारतीय मूल के ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था। वहीं अब खबर है कि शुक्रवार को ट्विटर ने अब कुछ बर्खास्त कर्मचारियों को वापस काम पर आने को कहा है, हालांकि कौन-कौन से कर्मचारियों को काम पर बुलाया गया, उनके नाम औ पद सामने नहीं आए हैं।
मस्क ने ट्विटर के नए नियम का खुलासा किया
मस्क ने नए नियम का खुलासा करते हुए लिंक https://twitter.com/elonmusk/status/1589609169333948418 साझा किया और सभी को नियम पढ़ने की सलाह दी। ज्यादातर नियम पहले जैसे ही हैं, लेकिन इनमें गुमराह करने और भ्रामक पहचान से संबंधित प्रामाणिकता का खंड जोड़ा गया है। इसमें कहा गया है, आप ऐसे व्यक्ति या संगठन न हों, जो दूसरों को गुमराह करते हों। न ही नकली पहचान का उपयोग करें जिससे ट्विटर पर दूसरों को बाधा आए। गाइडलाइन को पांच खंडों सुरक्षा, गोपनीयता, प्रवर्तन, अपील और तीसरे पक्ष के वीडियो के तौर पर विभाजित किया गया है।
देरी से मिलेगा ब्लू टिक
ट्विटर ने अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के बाद तक ग्राहकों के लिए यूजर सत्यापन चैक मार्क (ब्लू टिक) के रोलआउट में देरी करेगा। इसके तहत 8 डॉलर प्रति माह में चार्ज वसूला जाएगा।
कॉमेडियन कैथी ग्रिफिन का खाता स्थायी रूप से निलंबित
प्रसिद्ध कॉमेडी कलाकार कैथी ग्रिफिन के खाते को निलंबित कर दिया गया है। मस्क ने घोषणा की थी कि ‘पैरोडी’ बताए बिना ‘प्रतिरूपण’ में शामिल होने वाले हैंडल को स्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। फॉक्स न्यूज के अनुसार, ग्रिफिन ने अपना प्रोफाइल नाम बदलकर मस्क रख लिया था, जिसके बाद उसे तुरंत प्रतिबंधित कर दिया गया। मस्क ने एक ट्वीट को साझा करते हुए लिखा, ग्रिफिन को एक कॉमेडियन का रूप धारण करने के लिए निलंबित कर दिया है।