एपल: 10 साल की मेहनत लाएगी रंग, आज पहला फोल्डेबल आईफोन लॉन्च करेगी एपल, जानें क्या होंगे फीचर्स
करीब एक दशक की कड़ी मेहनत और रिसर्च के बाद एपल अब अपना पहला फोल्डेबल आईफोन पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने स्क्रीन की क्रीज, मजबूत हिंज, टिकाऊ ग्लास और कैमरा डिजाइन जैसी बड़ी चुनौतियों पर काम किया है। इसकी कीमत 2,000 डॉलर से ऊपर जा सकती है।

विस्तार
एपल के लिए इस साल का आईफोन लॉन्च सिर्फ एक नई पीढ़ी के स्मार्टफोन की शुरुआत नहीं है। कंपनी लंबे समय से जिस फोल्डेबल आईफोन पर काम कर रही थी, वह अब लॉन्च के बेहद करीब पहुंच गया है। इस डिवाइस को तैयार करने की प्रक्रिया करीब एक दशक पहले शुरू हुई थी और अब यह एपल के लगभग 20 साल पुराने आईफोन डिजाइन में सबसे बड़ा बदलाव बन सकता है।
एशिया के दौरे ने बदल दी सोच
- जानकारी के मुताबिक, करीब 2020 में एपल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक एशिया के दौरे से लौटे थे। वहां उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को सैमसंग और हुआवेई के फोल्डेबल फोन इस्तेमाल करते देखा। तब उन्हें लगा कि एपल को भी इस बाजार में उतरना चाहिए। हालांकि, एपल के इंजीनियर इससे काफी पहले फोल्डेबल डिस्प्ले और हिंज तकनीक पर काम शुरू कर चुके थे। कंपनी के भीतर इस तरह के प्रयोग 2019 में सैमसंग के पहले गैलेक्सी फोल्ड के बाजार में आने से पहले से चल रहे थे।
- हालांकि, टीम फोल्डिंग आईपैड के डिजाइन पर ज्यादा केंद्रित थी। कुक चाहते थे कि फोल्डिंग डिवाइस को केवल आईपैड तक सीमित न किया जाए। उन्होंने 2020 में अपनी टीम को आईफोन के लिए फोल्डेबल टेक्नोलॉजी पर काम करने का निर्देश दिए।
फोल्ड के साथ आईं चार बड़ी चुनौतियां
- फोल्डेबल आईफोन तैयार करते समय एपल के हार्डवेयर इंजीनियरों के सामने चार प्रमुख समस्याएं थीं। पहली थी स्क्रीन के बीच बनने वाली क्रीज को लगभग गायब करना। दूसरी चुनौती ऐसा हिंज तैयार करना था जो कई वर्षों तक बार-बार खुलने और बंद होने के बाद भी भरोसेमंद रहे।
- इसके अलावा कंपनी को ऐसा लचीला कवर ग्लास चाहिए था, जो आसानी से खरोंच न पड़े और टूटने का खतरा भी कम हो। चौथी समस्या कैमरों की जगह को लेकर थी। एपल ऐसी डिजाइन चाहता था जिसमें डिस्प्ले पर बड़ा नॉच या कटआउट न बनाना पड़े।
- एपल की डिजाइन टीम के लिए स्क्रीन की क्रीज सबसे अहम मुद्दों में से एक थी। कंपनी कथित तौर पर ऐसा फोन नहीं चाहती थी जिसमें बीच में दिखाई देने वाली फोल्ड लाइन उसके प्रीमियम डिजाइन पर सवाल खड़े करे।
- इसके लिए एपल ने टाइटेनियम और एल्युमिनियम से बना नया हिंज तैयार किया। इसके साथ कॉर्निंग के साथ मिलकर बनाए गए कस्टम कवर ग्लास का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस संयोजन से स्क्रीन की क्रीज मौजूदा कई फोल्डेबल फोन की तुलना में न के बराबर या काफी कम दिखाई दे सकती है।
पासपोर्ट जैसा हो सकता है डिजाइन
- रिपोर्ट्स के मुताबिक फोल्डेबल आईफोन में करीब 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन और लगभग 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन मिल सकती है। बाहरी डिस्प्ले को एक हाथ से आसानी से इस्तेमाल करने के हिसाब से डिजाइन किए जाने की बात है। फोन बंद होने पर इसका आकार लगभग पासपोर्ट जितना हो सकता है, जबकि खोलने के बाद स्क्रीन का अनुपात एपल के मैजिक ट्रैकपैड से मिलता-जुलता हो सकता है।
- प्रोसेसर की बात करें तो, इसमें एपल की नेक्स्ट-जनरेशन A20 Pro (2nm) चिप मिलने की उम्मीद है, जो इसे अब तक का सबसे तेज और पावर-एफिशिएंट आईफोन बनाएगी। मल्टीटास्किंग और भारी एप्स को स्मूदली चलाने के लिए इसमें 12 GB RAM दी जा सकती है।
- दो स्क्रीन को पावर देने के लिए इसमें आईफोन के इतिहास की सबसे बड़ी डुअल-सेल बैटरी (लगभग 4,900–5,500mAh) मिल सकती है।
- कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 48 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप (मेन और अल्ट्रा-वाइड) दिया जा सकता है।
ये बड़े फीचर्स हो सकते हैं गायब
फोल्डेबल फोन में स्पेस की कमी के चलते आईफोन में आमतौर पर मिलने वाली Face ID को हटाया जा सकता है। उसकी जगह पावर बटन में ही साइड-माउंटेड Touch ID (फिंगरप्रिंट स्कैनर) वापस आ सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें कोई फिजिकल सिम स्लॉट नहीं होगा, यह फोन केवल eSIM सपोर्ट के साथ आ सकता है।
2,000 डॉलर से ज्यादा हो सकती है कीमत
- फोल्डेबल आईफोन की सबसे बड़ी चर्चा इसकी कीमत को लेकर भी है। रिपोर्ट के अनुसार एपल ने शुरुआत में इसकी कीमत करीब 1,999 डॉलर रखने का लक्ष्य बनाया था। लेकिन नई रिपोर्ट्स के अनुसार अब यह कीमत 2,000 डॉलर (लगभग 2 लाख रुपये) के पार जा सकती है।
- मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों के चलते एपल की लागत बढ़ने की बात कही जा रही है। अधिक स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत करीब 3,000 डॉलर तक पहुंच सकती है। इसकी तुलना में स्टैंडर्ड आईफोन और आईफोन प्रो मॉडल की शुरुआती कीमत काफी कम हो सकती है।
पहली बार जॉन टर्नस लॉन्च इवेंट में होंगे शामिल
- यह डिवाइस एपल के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जॉन टर्नस के लिए भी खास होगा। उन्होंने आधिकारिक तौर पर 1 सितंबर से कंपनी के सीईओ की जिम्मेदारी संभाली है। ऐसे में फोल्डेबल आईफोन की प्रस्तुति उनके नेतृत्व में पहला बड़ा आईफोन लॉन्च इवेंट होगी।
- वहीं, टिम कुक अब कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नेतृत्व में बदलाव का समय इस तरह रखा गया कि नए आईफोन को मंच से पेश करने की जिम्मेदारी जॉन टर्नस के पास रहे।
- एपल लगा रहा सबसे बड़ा दांव: क्या आज बदल जाएगी आईफोन की 19 साल पुरानी पहचान? जानें क्या कुछ बदलेगा
- iPhone 18 Launch Live: आईफोन 18 प्रो से लेकर पहले फोल्डेबल आईफोन तक, आज एपल क्या-क्या लॉन्च कर सकता है?
- सैमसंग ने बनाया बाजार, अब एपल की एंट्री: फोल्डेबल फोन की जंग में कौन किस पर पड़ेगा भारी?
- आईफोन 18: अमेरिका-चीन के बाद आखिर भारत पर क्यों टिकी है एपल की नजर, लॉन्च इवेंट से पहले क्या आंकड़े आए सामने?