धोखाधड़ी के खिलाफ दूरसंचार विभाग का फैसला: सरकार-नियामकों के लिए जारी की नंबरों की नई शृंखला, समझें पूरा मामला
दूरसंचार सेवा प्रदाता नया नंबर आवंटित करने से पहले हर एक इकाई का पूरा सत्यापन करेगा। साथ ही प्रदाता, इच्छुक इकाई से एक शपथ-पत्र लेगा कि वे इस खास नंबर का इस्तेमाल सिर्फ सेवा और लेनदेन की कॉल के लिए ही करेंगे।

विस्तार
धोखाधड़ी और फर्जी कॉलिंग से लोगों को बचाने के लिए दूरसंचार विभाग ने एक बड़ा फैसला किया है। विभाग ने सरकार, नियामकों और वित्तीय संस्थाओं द्वारा सेवा और लेनदेन संबंधी कॉल के लिए 160 से शुरू होने वाली एक 10 अंकों की अलग नंबर शृंखला आवंटित की है। मंगलवार को विभाग ने एक ज्ञापन जारी कर इसकी जानकारी दी। ज्ञापन के अनुसार, इस नंबर शृंखला को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि ग्राहकों को कॉल करने वाली इकाइयों के साथ-साथ दूरसंचार ऑपरेटर और कॉल की जगह के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
लोगों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए शुरू की यह सुविधा
ज्ञापन के अनुसार, टीसीसीसीपीआर-2018 के तहत, सेवा और लेनदेन संबंधी फोन कॉल के लिए एक अलग नंबर वाली श्रृंखला 160 आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले का उद्देश्य ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाना है। दरअसल, कई बार सरकारी निकायों एवं विनियमित संस्थाओं के नाम पर और सरकारी अधिकारी बनकर कॉल किया जाता था, जिससे धोखाधड़ी होती थी। अब इस नंबर की मदद से असली और धोखाधड़ी वाले कॉल में फर्क किया जा सकता है।
जानें, किन नंबरों से कैसे कॉल आएंगे
नई नंबर शृंखला सरकार और नियामकों के लिए 1600ABCXXX प्रारूप में जारी की जाएगी। इसमें ‘एबी’ की जगह आने वाला नंबर दूरसंचार सर्किल का कोड दिखाएगा, जैसे- दिल्ली के लिए 11, मुंबई के लिए 22 कोड होगा। वहीं ‘सी’ वाला अंक दूरसंचार सेवा प्रदाता का कोड दिखाएगा। वहीं, XXX की जगह पर 000-999 के बीच के अंक होंगे। ठीक इसी तरह आरबीआई, सेबी और पीएफआरडीए और आईआरडीए के तहत काम करने वाली संस्थाओं के लिए 10 अंकों का नंबर 1601ABCXXX के रूप में होगा।
पूर्ण सत्यापन के बाद ही आवंटित किया जाएगा नंबर
दूरसंचार सेवा प्रदाता नया नंबर आवंटित करने से पहले हर एक इकाई का पूरा सत्यापन करेगा। साथ ही प्रदाता, इच्छुक इकाई से एक शपथ-पत्र लेगा कि वे इस खास नंबर का इस्तेमाल सिर्फ सेवा और लेनदेन की कॉल के लिए ही करेंगे।