सावधान: आपके फोन कॉल की कभी भी हो सकती है टैपिंग, वैज्ञानिकों के दावे के बाद मचा हड़कंप
रिसर्चर का दावा है कि इस सेंसर की मदद से कॉल के दूसरी तरफ के व्यक्ति की बात को 83 प्रतिशत सटीकता के साथ सुना जा सकता है। यानी इस सेंसर की मदद से आपके फोन की कन्वर्सेशन की जासूसी संभव है।

विस्तार
रिसर्चर ने मोबाइल फोन के इयरपीस के कंपन को पढ़ने और कन्वर्सेशन का पता लगाने के लिए एक नई तकनीक की खोज की है। इस तकनीक की मदद से दूर से ही फोन के कंपन की मदद से फोन की कन्वर्सेशन को सुना जा सकता है। रिसर्चर का दावा है कि इस सेंसर की मदद से कॉल के दूसरी तरफ के व्यक्ति की बात को 83 प्रतिशत सटीकता के साथ सुना जा सकता है। यानी इस सेंसर की मदद से आपके फोन की कन्वर्सेशन की जासूसी भी संभव है।
पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी की टीम ने इस सुरक्षा चिंता को उजागर करने के लिए ऑफ-द-शेल्फ ऑटोमोटिव रडार सेंसर और उपन्यास प्रसंस्करण दृष्टिकोण का इस्तेमाल किया है। रडार मिलीमीटर-वेव (mmWave) स्पेक्ट्रम विशेष रूप से 60 से 64 गीगाहर्ट्ज और 77 से 81 गीगाहर्ट्ज के बैंड में काम करता है। रिसर्चर ने इसी के आधार पर अपने दृष्टिकोण (अपरोच) को "mmSpy" नाम दिया है। यह 5G के लिए उपयोग किए जाने वाले रेडियो स्पेक्ट्रम का एक सबसेट है, जो दुनिया भर में कम्युनिकेशन सिस्टम के लिए पांचवीं जनरेशन स्टैंडर्ड है।
पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी के डॉक्टरेट कैंडिडेट सूर्योदय बसाक का कहना है कि जैसे-जैसे तकनीक समय के साथ अधिक विश्वसनीय और मजबूत होती जाती है वैसे ही धोखेबाजों द्वारा इस तरह की संवेदनशील तकनीकों का दुरुपयोग भी संभव हो जाता है। इस तरह की सुरक्षा चिंता को उजागर करने के पीछे हमारा सिर्फ यह उद्देश्य है कि ऑटोमोटिव रडार का इस्तेमाल करके फोन की कन्वर्सेशन को सुना जा सकता है और यह चिंता की बात है। हमें इसे रोकने के उपाय खोजने होंगे।
बसाक ने कहा, फोन का ईयरपीस कॉल के दौरान कंपन करता है, और वह कंपन फोन की पूरी बॉडी में होते हैं। हम इन कंपन को सेंस करने के लिए रडार का उपयोग करते हैं और कॉल के दूसरी तरफ के व्यक्ति द्वारा कही गई बातों को रिकंस्ट्रक्ट करते हैं। यह तरीका तब भी कारगर रहता है जब फोन पर बात करने वाले दोनों लोगों यहां तक की माइक्रोफोन की मदद से भी आवाज सुनने लायक नहीं रहती, फिर भी इस आवाज को रडार की मदद से सुना जा सकता है।