सचिन तेंदुलकर ने ओपनएआई से मिलाया हाथ: चैटजीपीटी से प्लान की ट्रिप, कहा- ‘देखना है और क्या कर सकता हूं’

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 28 Sep 2026 06:06 PM IST
सार

क्रिकेट के लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने OpenAI के साथ एक खास पार्टनरशिप का एलान किया है। उन्होंने बताया कि कैसे ChatGPT ने उनकी फैमिली ट्रिप प्लान करने में मदद की। अब मास्टर-ब्लास्टर इस एआई टूल के नए और रोचक इस्तेमाल दुनिया के सामने लाएंगे।

sachin tendulkar announces partnership with openai chatgpt ai collaboration
सचिन ने ओपनएआई से मिलाया हाथ - फोटो : @sachin_rt/एक्स

    विस्तार

    मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर अब क्रिकेट के मैदान के बाद टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी एक नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं। क्रिकेट के दिग्गज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया की सबसे चर्चित कंपनी ओपेन एआई (OpenAI) के साथ अपनी नई पार्टनरशिप की घोषणा की है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस खास गठजोड़ का एलान करते हुए तेंदुलकर ने बताया कि वह चैटजीपीटी (ChatGPT) के इस्तेमाल के नए तरीकों को एक्सप्लोर करने और उन अनुभवों को अपने फैंस के साथ शेयर करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

    ChatGPT के साथ क्या करते हैं सचिन?

    सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नई पार्टनरशिप की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ChatGPT के साथ उनकी दिलचस्पी समय के साथ बढ़ती गई है। उनके मुताबिक, एक सवाल अक्सर दूसरे सवाल को जन्म देता है और इसी जिज्ञासा ने उन्हें इस तकनीक को और ज्यादा एक्सप्लोर करने के लिए प्रेरित किया।

    तेंदुलकर ने यह भी बताया कि ChatGPT उनके लिए सिर्फ जानकारी हासिल करने का जरिया नहीं है। इसका इस्तेमाल वह रोजमर्रा के कामों में भी कर चुके हैं। उन्होंने अपनी हाल की फैमिली ट्रिप का उदाहरण दिया, जिसे प्लान करने में ChatGPT ने उनकी मदद की।

    OpenAI के साथ मिलकर क्या करेंगे सचिन?

    पार्टनरशिप की घोषणा करते हुए तेंदुलकर ने कहा कि वह आगे ChatGPT के साथ कुछ दिलचस्प चीजें एक्सप्लोर करने को लेकर उत्साहित हैं और जो कुछ सीखेंगे या उपयोगी पाएंगे, उसे लोगों के साथ शेयर करना चाहते हैं।

    उनका फोकस लोगों को एआई के साथ प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने पर भी है। तेंदुलकर ने लोगों से कहा कि वे अपनी रुचि की किसी चीज से शुरुआत कर सकते हैं। यह कोई सवाल, नया आइडिया या ऐसी चीज भी हो सकती है, जिसे वे लंबे समय से एक्सप्लोर करना चाहते हैं।

    हालांकि, इस पार्टनरशिप के लिए सचिन तेंदुलकर और OpenAI के बीच कितनी वित्तीय डील हुई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा इस साझेदारी के तहत होने वाली आगामी गतिविधियों का पूरा शेड्यूल भी अभी साझा नहीं किया गया है।

    ChatGPT ने 10 सवालों में पहचान लिया सचिन को

    पार्टनरशिप की घोषणा के साथ तेंदुलकर ने एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उन्होंने ChatGPT को एक मजेदार चुनौती दी। उन्होंने एआई चैटबॉट से कहा कि वह अधिकतम 10 सवाल पूछकर उनकी पहचान करे।

    ChatGPT ने तय सीमा के भीतर यह पहचान लिया कि सामने सचिन तेंदुलकर हैं। यह छोटा सा प्रयोग उनकी नई पार्टनरशिप के मुख्य आइडिया को भी दिखाता है कि कैसे एआई का इस्तेमाल सिर्फ जानकारी हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि सवाल पूछने, चीजों को एक्सप्लोर करने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने के लिए भी किया जा सकता है।

    क्रिकेट आइकॉन से लेकर AI कोलैबोरेटर तक का सफर

    सचिन तेंदुलकर ने 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने अपने करियर में 664 इंटरनेशनल मैच खेले और कुल 34,357 रन बनाए। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक भी दर्ज हैं। 2014 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

    अब उनकी नई पार्टनरशिप का क्षेत्र क्रिकेट से बिल्कुल अलग है। OpenAI के साथ जुड़कर तेंदुलकर एआई और ChatGPT के अलग-अलग इस्तेमाल तलाशेंगे। उनकी बातों से साफ है कि इस सहयोग में जिज्ञासा और रोजमर्रा के कामों में एआई के इस्तेमाल को खास महत्व दिया जाएगा।

    ChatGPT का इस्तेमाल भारत में पढ़ाई, रिसर्च, प्लानिंग और प्रोडक्टिविटी जैसे कई कामों के लिए तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में शामिल सचिन तेंदुलकर का OpenAI के साथ जुड़ना एआई को आम जिंदगी के इस्तेमाल से जोड़ने वाली एक दिलचस्प पहल के तौर पर सामने आया है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें