पोको एम8एक्स: 25 हजार रुपये के बजट में क्यों है खास है ये फोन? ये 3 फीचर बनाते हैं इसे मजबूत विकल्प
25 हजार रुपये से कम के बजट में पोको एम8एक्स एक बेहतरीन ऑप्शन बनकर उभरा है। 7900एमएएच बैटरी, 120 हर्ट्ज स्क्रीन और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट के साथ यह फोन कई मामलों में बेहतर है। जानिए इसकी 3 बड़ी खूबियां जिनके चलते आप इसे इग्नोर नहीं करना चाहेंगे।

विस्तार
25 हजार रुपये तक का नया 5जी फोन खरीदने की सोच रहे हैं तो पोको एम8एक्स एक दिलचस्प विकल्प बनकर सामने आया है। फोन में बड़ी 6.9 इंच की स्क्रीन, 7,900एमएएच की बैटरी और नया स्नैपड्रैगन प्रोसेसर दिया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने कीमत को कम रखने के लिए कुछ फीचर्स में समझौता किया है, लेकिन बैटरी, परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर के मामले में फोन काफी मजबूत नजर आता है। आइए एक नजर डालते हैं इस फोन के उन तीन खूबियों पर जो इसे एक दमदार ऑप्शन बनाती हैं।
1. बड़ी स्क्रीन और बेहतर साउंड
पोको एम8एक्स में 6.9 इंच की एचडी प्लस एलसीडी स्क्रीन दी गई है। इसमें 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव ज्यादा स्मूद हो सकता है। स्क्रीन फुल एचडी नहीं है, लेकिन इस कीमत में इसका बड़ा आकार इसे खास बनाता है।
स्क्रीन को टीयूवी रीनलैंड की ट्रिपल आई सर्टिफिकेशन मिला है। इसमें फ्लिकर कम करने, आंखों पर कम असर डालने और ब्लू लाइट को घटाने जैसी सुविधाएं हैं। फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर, हाई-रेज ऑडियो और ज्यादा वॉल्यूम का सपोर्ट भी मिलता है।
2. 7900mAh बैटरी और नया प्रोसेसर
फोन की सबसे बड़ी खूबियों में इसकी 7,900 एमएएच सिलिकॉन-कार्बन बैटरी शामिल है। पोको का दावा है कि यह सामान्य इस्तेमाल में तीन दिन तक चल सकती है। इसमें 45वॉट फास्ट चार्जिंग भी दी गई है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 4 जेन 5 प्रोसेसर है। यह 4 नैनोमीटर तकनीक पर बना चिपसेट है और रोजमर्रा के काम, वीडियो देखने और सामान्य गेमिंग के लिए पर्याप्त दमदार है। फोन में 6 जीबी तक रैम और 6 जीबी तक वर्चुअल रैम का विकल्प भी मिलता है।
3. लंबे समय तक मिलेगा सॉफ्टवेयर अपडेट
पोको एम8एक्स एंड्रॉयड 16 पर आधारित हाइपरओएस 3 के साथ आता है। कंपनी फोन को चार साल तक एंड्रॉयड अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है।
फोन में हाइपर आइलैंड जैसे फीचर के साथ एआई से जुड़े टूल भी मिलते हैं। इनमें सर्कल टू सर्च, एआई इरेजर और एआई नाइट मोड शामिल हैं। गूगल जेमिनी का सपोर्ट भी दिया गया है।
कैमरा में हुआ समझौता?
फोन में पीछे 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। कैमरा इसका सबसे मजबूत हिस्सा नहीं है। अगर आप फोटोग्राफी के लिए फोन खरीदना चाहते हैं, तो इस कीमत में दूसरे विकल्पों पर भी नजर डालना बेहतर रहेगा।
कीमत कितनी है?
पोको एम8एक्स के 4 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत 20,999 रुपये है। चुनिंदा कार्ड से भुगतान करने पर 950 रुपये तक की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।
6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 22,999 रुपये है। इस वेरिएंट पर भी चुनिंदा कार्ड से करीब 1,050 रुपये तक की छूट मिल सकती है।
कुल मिलाकर बड़ी स्क्रीन, लंबी बैटरी और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट की वजह से पोको एम8एक्स 25 हजार रुपये से कम के बजट में एक मजबूत विकल्प बनता है।