मेरा देश बदल रहा है: ग्रामीण महिलाओं को रास आ रहा है इंटरनेट, शहरियों के वर्चस्व को गांव वालों ने दी चुनौती
नील्सन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सस्ते स्मार्टफोन और किफायती मोबाइल डाटा की उपलब्धता के साथ डिजिटल ढांचे को मजबूत बनाने के सरकार के प्रयास से इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ा है। जिससे तेजी से इंटरनेट का प्रसार हुआ है। इस साल 5जी शुरू होने की भी उम्मीद है, जिससे कुछ क्षेत्रों में काफी तेजी देखी जा सकती है...

विस्तार
देश में इन दिनों शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी इंटरनेट के सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या में तेजी से इजाफा होता दिखाई दे रहा है। 2019 की तुलना में गांवों में इंटरनेट का प्रयोग करने वालों में 45 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। इनमें सबसे ज्यादा उपयोगकर्ता महिलाएं हैं। 2019 के बाद इनकी संख्या 61 फीसदी तक बढ़ गई है। जबकि पुरुष की संख्या 24 फीसदी तक बढ़ी है। ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट का उपयोग करने वाली हर तीन में एक महिला सक्रिय उपयोगकर्ता है। हालांकि 60 फीसदी ग्रामीण आबादी अब भी इंटरनेट का सक्रिय उपयोग नहीं कर रही है।
हाल ही में नील्सन द्वारा कराए गए भारत 2.0 इंटरनेट अध्ययन के अनुसार, देशभर में दिसंबर 2021 में दो साल से अधिक उम्र के सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 64.6 करोड़ थी। लेकिन अब सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के मामले में ग्रामीण भारत शहरी इलाकों से आगे नजर आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में 35.2 करोड़ इंटरनेट के उपयोगकर्ता हैं। इनकी संख्या शहरी भारत की तुलना में करीब 20 फीसदी ज्यादा है। इधर शहरी इलाकों में सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 29.4 करोड़ है।
नील्सन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सस्ते स्मार्टफोन और किफायती मोबाइल डाटा की उपलब्धता के साथ डिजिटल ढांचे को मजबूत बनाने के सरकार के प्रयास से इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ा है। हमारा देश उन देशों की टॉप लिस्ट में शामिल हैं, जहां डाटा की कीमत सबसे कम है, जिसकी वजह से भी इंटरनेट की पहुंच बढ़ी है। इन सभी वजहों से देश में तेजी से इंटरनेट का प्रसार हुआ है। इस साल 5जी शुरू होने की भी उम्मीद है, जिससे कुछ क्षेत्रों में काफी तेजी देखी जा सकती है। सरकार डिजिटल एजेंडा पर काफी सक्रियता से काम कर रही है और काफी संख्या में ग्राम पंचायतों को इंटरनेट के दायरे में लाया जा रहा है। सरकार के इन प्रयासों का लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
नील्सन के अध्ययन के अनुसार 59.2 करोड़ सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ता 12 साल और उससे ऊपर के हैं। 2019 की तुलना में इस आयु वर्ग के सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या में करीब 37 फीसदी बढ़ोत्तरी देखी गई है। ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट के उपयोगकर्ताओं की वृद्धि दर 45 फीसदी रही, जबकि शहरी इलाकों में यह वृद्धि 28 फीसदी दर्ज की गई।
इस अध्ययन से पता चलता है कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के बीच सक्रिय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। इससे संकेत मिलता है कि ग्रामीण भारत तकनीक को तेजी से अपनाना चाहता है। करीब 90 फीसदी उपयोगकर्ता रोजाना इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। 50 साल और उससे ऊपर के उपयोगकर्ता भी सक्रियता से इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं और इस आयु वर्ग में 81 फीसदी उपयोगकर्ता रोजाना इंटरनेट का उपयोग करते हैं। हालांकि सभी आयु वर्ग और क्षेत्रों में इंटरनेट इस्तेमाल करने के साधन के रूप में मोबाइल फोन अव्वल है। 12 साल से ऊपर के उपयोगकर्ता इंटरनेट पर वीडियो देखना पसंद करते हैं। हालांकि सोशल नेटवर्किंग या चैटिंग अब भी देश भर में इंटरनेट उपयोग में शीर्ष पर बनी हुई है।