Microsoft Layout: जिन इंजीनियरों ने बनाया AI टूल, उन्हीं की नौकरी खा गया एआई, छंटनी ने खोले कई कड़वे सच
Microsoft Layout:
माइक्रोसॉफ्ट में हाल ही में की गई छंटनियों से कोडिंग के क्षेत्र में AI के बढ़ते प्रभाव की ओर एक बार ध्यान खींचा है। हैरानी की बात यह है कि वह इंजीनियर्स जो एआई टूल्स डेवलप कर रहे हैं, उन्हीं की नौकरियां अब उसी तकनीक की वजह से खतरे में आ गई।

विस्तार
माइक्रोसॉफ्ट में हाल ही में की गई वैश्विक छंटनी ने लगभग 6,000 कर्मचारियों को प्रभावित किया है। CNBC की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर इंजीनियरों पर पड़ा है, खासकर वॉशिंगटन में, जहां 40 फीसदी से अधिक छंटनी इसी वर्ग में की गई। चिंता की बात यह है कि इन इंजीनियरों को कुछ महीनों पहले ही कंपनी ने एआई टूल्स का इस्तेमाल बढ़ाने के निर्देश दिए थे, और अब वही टेक्नोलॉजी उनके लिए नौकरी जाने का कारण बन गई।
AI को अपनाया और नौकरी से धो बैठे हाथ
The Information की रिपोर्ट बताती है कि माइक्रोसॉफ्ट के वाइस प्रेसिडेंट जेफ हल्स, जो लगभग 400 इंजीनियरों की टीम की निगरानी करते थे, उन्होंने अपने कर्मचारियों को OpenAI चैटबॉट्स की मदद से कोडिंग में 50% तक योगदान बढ़ाने को कहा था, जबकि पहले यह आंकड़ा 20-30% के बीच था। लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद, उसी टीम को छंटनी का सामना करना पड़ा।
यह स्थिति यह सवाल खड़ा करती है कि क्या ये इंजीनियर अनजाने में अपने ही विकल्प तैयार कर रहे थे? माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने पहले भी कहा था कि कंपनी के कुछ प्रोजेक्ट्स में एआई करीब एक-तिहाई कोड लिख रहा है और इसे प्रोडक्टिविटी में क्रांति बताया था। लेकिन जिन इंजीनियरों की नौकरियां गई हैं, उनके लिए यह 'क्रांति' एक कड़वा अनुभव बन गई है।

सिर्फ जूनियर नहीं, सीनियर और AI प्रोजेक्ट से जुड़े लोग भी हुए प्रभावित
इस बार की छंटनी केवल जूनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियरों तक सीमित नहीं रही। प्रोडक्ट मैनेजमेंट, टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजमेंट, और यहां तक कि AI प्रोजेक्ट्स से जुड़े अनुभवी कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गए। माइक्रोसॉफ्ट में AI फॉर स्टार्टअप्स की डायरेक्टर गैब्रिएला डे क्युरोज ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी बर्खास्तगी की पुष्टि की और इसे "कड़वा-मीठा अनुभव" बताया।
उन्होंने उन कर्मचारियों के लिए शोक भी जताया जो "समर्पण के साथ काम करते थे, और कंपनी में वाकई फर्क ला रहे थे। वहीं, राज्य स्तर की फाइलिंग से पता चला है कि सेल्स और मार्केटिंग जैसे ग्राहक-संपर्क वाले विभागों में छंटनी बहुत कम हुई है।
'मैनेजमेंट लेयर घटाने' का दावा, लेकिन आंकड़े कुछ और कहते हैं
माइक्रोसॉफ्ट ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि यह छंटनी संगठनात्मक ढांचे को सरल बनाने और मैनेजमेंट लेयर को कम करने के लिए की गई है। लेकिन आंकड़े इस दावे का समर्थन नहीं करते। वॉशिंगटन में हुई कुल छंटनी में से केवल 17 फीसदी मैनेजर्स थे, जो कंपनी में सामान्य प्रबंधन अनुपात के ही बराबर है। असल वजह, विशेषज्ञों के अनुसार, लागत में कटौती और AI में भारी निवेश है। कंपनी डेटा सेंटर का विस्तार और OpenAI के साथ पार्टनरशिप जैसे प्रोजेक्ट्स पर ज्यादा खर्च कर रही है।
छंटनी के विरोध में हुए प्रदर्शन
इस छंटनी की प्रतिक्रिया में कर्मचारियों के बीच नाराजगी भी सामने आई है। Microsoft Build 2025 इवेंट के दौरान एक कर्मचारी जो लोपेज ने मंच पर पहुंचकर इजराइली सरकार के साथ कंपनी के अनुबंधों का विरोध किया और कंपनी की नीतियों की कड़ी आलोचना की। कई इंजीनियरों के लिए सबसे तकलीफदेह पहलू यह है कि उन्होंने खुद अपनी मेहनत से माइक्रोसॉफ्ट को AI-आधारित डेवलपमेंट की ओर बढ़ाया और अंत में उन्हीं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।