तीन साल बाद एक्स पर लौटे मार्क जकरबर्ग: थ्रेड्स के बावजूद एलन मस्क के प्लेटफॉर्म पर क्यों आए? खुद बताई वजह
फेसबुक के संस्थापक और मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने साल 2026 में एलन मस्क के सोशल नेटवर्क X पर अपनी गतिविधियों फिर से शुरू किया है। पूरे तीन साल के बाद उन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर वापसी की है। हाल ही में म्यूज स्पार्क 1.1 और एआई एजेंट का एलान एक्स पर करने वाले मेटा सीईओ ने एक पॉडकास्ट में इसका खुलकर जवाब दिया है।

विस्तार
मार्क जकरबर्ग का एक्स पर ताजा पाेस्ट नौ सितंबर को आया था, जिसमें उन्होंने म्यूज द पर्सनल एजेंट के बारे में बताया था। उन्होंने इसे ऐसा एआई एजेंट बताया जो यूजर के लक्ष्यों को समझकर उन्हें पूरा करने के लिए लगातार काम कर सकता है। लगभग उसी समय एक पॉडकास्ट के दौरान उनसे यह सवाल पूछा गया कि जब मेटा के पास थ्रेड के रूप में अपना खुद का डायरेक्ट अल्टरनेटिव मौजूद है, तो वे विरोधी नेटवर्क पर अपनी चीजें क्रॉस-पोस्ट क्यों कर रहे हैं।
विरोधी नेटवर्क पर पोस्ट करने की क्या है असली वजह?
- AI कम्युनिटी और इंजीनियरिंग टैलेंट तक पहुंच: जकरबर्ग ने कहा कि मशीन लर्निंग, एआई रिसर्चसे और खास इंजीनियरिंग टैलेंट का एक बहुत बड़ा हिस्सा अब भी मुख्य रूप से एक्स पर ही इकट्ठा होता है और आपस में बात करता है। इसलिए मेटा को वहां अपनी सक्रिय कॉर्पोरेट मौजूदगी रखनी पड़ रही है।
- क्रॉस-पब्लिशिंग रणनीति:उन्होंने मॉडर्न पब्लिशिंग की तुलना पॉडकास्ट से की। उन्होंने बताया कि जिस तरह क्रिएटर्स अपना कंटेंट पहले एक मुख्य जगह पेश करते हैं और फिर व्यापक पहुंच के लिए उसे हर जगह शेयर करते हैं, ठीक वही रणनीति वे अपना रहे हैं।
पॉडकास्ट में सवाल पूछे जाने के बाद जकरबर्ग ने कहा कि हां..जाहिर है मैं थ्रेड पर हूं, थ्रेड अच्छा कर रहा है। आगे कहा कि देखिए अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग कम्युनिटीज होती हैं। एक्स पर एआई से जुड़े बहुत से लोग हैं और मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर आप बस वहीं बात करने की कोशिश करते हैं जहां लोग मौजूद हैं। यह कुछ वैसा ही है जैसे जब आप कोई पॉडकास्ट करते हैं या कोई पोस्ट डालते हैं, तो शायद आप उसे पहले एक जगह डालते हैं और फिर हर जगह शेयर करते हैं। इसलिए, मैं थ्रेड और एक्स दोनों पर एक ही चीजें पोस्ट करता हूं, और कुछ लोग पूछते हैं, 'आप इसे एक्स पर क्यों पोस्ट कर रहे हैं?'
थ्रेड्स के शानदार प्रदर्शन की बात दोहराते हुए उन्होंने उन लोगों की उलझन को भी माना जो सोचते हैं कि वे मस्क की सर्विस का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा'ऐसा है कि जब मैं इसे वहां (थ्रेड) डालूंगा, तो मैं वहां (एक्स) भी लोगों से जुड़ूंगा। तो, मुझे लगता है कि यह सब ठीक है, लेकिन मेरा यह भी मानना है कि – कुछ हद तक, कम्युनिटी का एक हिस्सा एक्स पर है, और हम वहां लोगों से जुड़ना चाहते हैं जहां वे मौजूद हैं।
मेटा के एआई लॉन्च के लिए मेगाफोन बना एक्स
असल में, 2026 में जुकरबर्ग की एक्स पर वापसी मेटा के नए एआई प्रोडक्ट्स और मॉडल्स के लिए एक मेगाफोन का काम कर रही है। कंपनी अपने लेटेस्ट एआई एडवांसमेंट्स को सीधे वैश्विक डेवलपर्स, रिसर्चर्स और ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए इस प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म की पहुंच का पूरा फायदा उठा रही है।