Car Brake: अगर कार के इस पार्ट को नजरअंदाज किया तो हो सकता है खतरा, जानिए क्यों है ब्रेक फ्लुइड एक अहम हिस्सा
कार का ब्रेक फ्लूइड आपकी सुरक्षा से सीधा जुड़ा है। जानिए यह कैसे काम करता है, क्यों जरूरी है और कब इसे बदलना चाहिए ताकि आपकी ड्राइव हमेशा सुरक्षित रहे।

विस्तार
अगर आप कार चलाते हैं तो यह जानना बेहद जरूरी है कि आपकी गाड़ी के ब्रेक कितने सुरक्षित हैं। बहुत से लोग टायर प्रेशर और इंजन ऑयल पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन ब्रेक फ्लुइड की अहमियत को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि यही वह तरल पदार्थ है जो आपके ब्रेक पैडल के दबाव को पहियों तक पहुंचाकर गाड़ी को सुरक्षित तरीके से रोकता है।
ब्रेक फ्लूइड क्या है और कैसे करता है काम?
ब्रेक फ्लुइड एक हाइड्रॉलिक लिक्विड होता है जो ब्रेकिंग सिस्टम के सभी हिस्सों को जोड़ता है। जब आप ब्रेक पैडल दबाते हैं, तो यह दबाव मास्टर सिलिंडर से निकलकर ब्रेक लाइन्स के जरिए कैलिपर्स या व्हील सिलिंडर्स तक पहुंचता है। इसके बाद कैलिपर्स ब्रेक पैड्स को रोटर्स से दबाते हैं, जिससे घर्षण पैदा होता है और गाड़ी रुक जाती है। यह पूरा सिस्टम तभी प्रभावी ढंग से काम करता है जब फ्लूइड की गुणवत्ता सही हो- यानी उसमें नमी, गंदगी या हवा की मात्रा न हो।
क्यों जरूरी है ब्रेक फ्लूइड?
ब्रेक फ्लूइड सिर्फ दबाव बढ़ाने का काम नहीं करता, बल्कि यह पूरे ब्रेक सिस्टम को लंबे समय तक सही बनाए रखता है।
- हाइड्रॉलिक प्रेशर बनाए रखता है: यह पैडल से दबाव को कई गुना बढ़ाकर पहियों तक पहुंचाता है, जिससे ब्रेक तुरंत और समान रूप से लगते हैं।
- जंग से सुरक्षा: ब्रेक फ्लूइड में मौजूद एंटी-कॉरोशन केमिकल्स सिस्टम के अंदरूनी हिस्सों को जंग से बचाते हैं।
- हाई बॉइलिंग पॉइंट: लंबे या पहाड़ी ड्राइव के दौरान ब्रेकिंग से बहुत गर्मी पैदा होती है। अगर फ्लूइड का बॉइलिंग पॉइंट कम है तो यह वाष्प में बदल सकता है और वाष्प लॉक (वेपर लॉक) की स्थिति पैदा कर सकता है, जिससे ब्रेक फेल हो सकते हैं।
- चिकनाई प्रदान करता है: यह सिस्टम के मूविंग पार्ट्स को लुब्रिकेशन देता है, जिससे घर्षण और घिसावट कम होती है।
कैसे पहचानें कि ब्रेक फ्लूइड बदलने का समय आ गया है?
ब्रेक फ्लूइड समय के साथ हवा से नमी सोख लेता है। यही नमी धीरे-धीरे उसकी कार्यक्षमता को घटाती है। इन संकेतों को ध्यान से नजरअंदाज न करें—
- रंग में बदलाव: नया फ्लूइड हल्का पीला या पारदर्शी होता है। अगर यह गहरा भूरा या काला हो गया है, तो इसे तुरंत बदलवाएं।
- स्पॉन्जी ब्रेक पैडल: अगर ब्रेक दबाने पर पैडल नरम लगता है या नीचे तक चला जाता है, तो फ्लूइड में हवा या नमी हो सकती है।
- ब्रेक फेड होना: ब्रेक लगाने के बावजूद रिस्पॉन्स धीमा हो जाए तो यह भी फ्लूइड के खराब होने का संकेत है।
- ABS वार्निंग लाइट: डैशबोर्ड पर ABS लाइट जलना भी ब्रेक सिस्टम में खराबी की ओर इशारा करता है।
- अजीब आवाजें या गंध: अगर ब्रेक लगाते समय चरमराहट या जली हुई गंध आए, तो सिस्टम ओवरहीट हो रहा है।
कब बदलना चाहिए ब्रेक फ्लूइड?
अधिकांश ऑटो निर्माता कंपनियां सलाह देती हैं कि ब्रेक फ्लूइड को हर 2 से 3 साल में एक बार बदलना चाहिए। अगर आप ज्यादा ड्राइविंग करते हैं या हिल एरिया में रहते हैं, तो इसे हर 40,000 से 50,000 किलोमीटर पर जरूर बदलें। साथ ही, अपनी कार के ओनर मैनुअल में दिए गए सुझावों का पालन करना सबसे सुरक्षित तरीका है।
खुद कैसे करें ब्रेक फ्लूइड की जांच
- रिजर्वायर ढूंढें: यह आमतौर पर इंजन के बोनट के नीचे मास्टर सिलिंडर के पास होता है।
- लेवल चेक करें: फ्लूइड “MIN” और “MAX” मार्किंग के बीच होना चाहिए।
- रंग देखें: अगर यह गहरा भूरा दिख रहा है, तो इसे तुरंत बदलें।
- जरूरत हो तो सर्विस सेंटर जाएं: किसी प्रोफेशनल से नमी टेस्ट और फ्लूइड फ्लश करवाना सबसे बेहतर होता है।
ब्रेक फ्लूइड भले ही एक छोटा-सा कंपोनेंट लगे, लेकिन यह आपकी कार की ब्रेकिंग क्षमता और सुरक्षा का सबसे अहम हिस्सा है। इसे समय-समय पर चेक और रिप्लेस करना न सिर्फ आपकी कार की परफॉर्मेंस को बढ़ाता है, बल्कि आपकी जान की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।