IRCTC: एक हफ्ते में दूसरी बार हुआ IRCTC का सर्वर डाउन, छठ पूजा के बीच टिकट बुकिंग में परेशानी
छठ पूजा के दौरान IRCTC की वेबसाइट फिर ठप हो गई जिससे यूजर्स को टिकट बुक करने में समस्या का सामना करना पड़ा। यह हफ्ते में दूसरी बार है जब IRCTC का सर्वर डाउन हुआ है। डाउनडिटेक्टर पर बढ़ीं शिकायतें। रेलवे ने क्या कहा, जानिए पूरी जानकारी।

विस्तार
त्योहारों के मौसम में ट्रेन टिकट बुक करना यात्रियों के लिए मुश्किल बनता जा रहा है। भारतीय रेलवे की वेबसाइट (IRCTC) शनिवार को एक बार फिर से डाउन हो गई, जब हजारों यूजर्स छठ पूजा के लिए अपने टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे। यह एक हफ्ते के भीतर दूसरा मौका है जब वेबसाइट ने त्योहारों के बीच काम करना बंद कर दिया।
वेबसाइट पर आया एरर मैसेज
कई यूजर्स ने बताया कि जब उन्होंने वेबसाइट खोलने की कोशिश की, तो उन्हें "दिस साइट इज करेंटली अनरीचेबल. प्लीज ट्राई आफ्टर सम टाइम" का मैसेज दिखाई दिया। कुछ यूजर्स मोबाइल एप के जरिए टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां भी सर्वर एरर दिखाई दिया।
डाउनडिटेक्टर पर दिखा बड़ा आउटेज
ट्रैकिंग पोर्टल डाउनडिटेक्टर के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:07 बजे तक IRCTC वेबसाइट पर 180 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। बाद में 11:05 बजे यह संख्या घटकर 57 तक पहुंच गई, लेकिन दोपहर 2:20 बजे फिर से 19 रिपोर्ट्स सामने आईं। रिपोर्ट्स के अनुसार— 51% यूजर्स को एप में दिक्कत हुई, 46% वेबसाइट पर लॉगिन नहीं कर पाए, जबकि 3% यूजर्स को टिकट बुकिंग के दौरान समस्या आई।
सोशल मीडिया पर यूजर्स की नाराजगी
IRCTC वेबसाइट डाउन होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर्स ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और IRCTC को टैग करते हुए लिखा— “@RailMinIndia, @IRCTCofficial - टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट डाउन है कृपया कुछ करें।” इस पर IRCTC ने जवाब दिया— “सर, कृपया अपनी शिकायत https://equery.irctc.co.in/irctc_equery/ पर दर्ज करें। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी का उपयोग करें।” एक अन्य यूजर ने लिखा— “तत्काल टिकट बुक करने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन हर बार एरर आ रहा है। रेलवे को अपनी सेवाओं में सुधार करना चाहिए।”
दिवाली में हुई थी ऐसी ही समस्या
गौरतलब है कि दीवाली से ठीक पहले भी IRCTC वेबसाइट में इसी तरह की समस्या आई थी, जब यूजर्स टिकट बुक नहीं कर पा रहे थे। हालांकि बाद में वेबसाइट सामान्य रूप से काम करने लगी थी, लेकिन अब छठ पूजा के दौरान दोबारा वेबसाइट डाउन होने से यात्रियों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
भारी ट्रैफिक बना वेबसाइट डाउन होने की वजह
सर्वर पर अत्यधिक लोड (High Traffic Load) के कारण वेबसाइट में तकनीकी गड़बड़ी आई। त्योहारों के समय बड़ी संख्या में यूजर्स एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं, जिससे वेबसाइट का सर्वर ओवरलोड हो जाता है।
यात्रियों को करना पड़ा भारी परेशानी का सामना
छठ पूजा के मौके पर हजारों यात्रियों ने घर जाने के लिए टिकट बुक करने की योजना बनाई थी, लेकिन वेबसाइट डाउन होने से उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। कई यात्रियों ने यह भी कहा कि रेलवे को त्योहारों के समय अपनी वेबसाइट और एप को तकनीकी रूप से और मज़बूत बनाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दिक्कतें न हों। त्योहारों के दौरान बार-बार वेबसाइट ठप होना IRCTC की सिस्टम क्षमता पर सवाल खड़ा करता है। रेलवे को अब अपने टिकटिंग प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा, ताकि यात्रियों को परेशानी से राहत मिल सके।