स्मार्टफोन की दुनिया में नया रिकॉर्ड: आईकू 16 में पहली बार मिलेगा 2K डिस्प्ले और 165Hz रिफ्रेश रेट, जानिए कीमत
स्मार्टफोन बाजार में तहलका मचाने के लिए आईकू अपना नया फ्लैगशिप फोन आईकू 16 लाने जा रहा है। इसमें सैमसंग का अत्याधुनिक एम16 ओलेड पैनल मिलेगा, जो 2के रेजोल्यूशन और 165 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट के अनोखे कॉम्बिनेशन वाला दुनिया का पहला डिस्प्ले होगा।

विस्तार
प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में आईकू अपने अगले फ्लैगशिप फोन आईकू 16 (iQOO 16) को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। लॉन्च से पहले कंपनी ने फोन के डिस्प्ले को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। आईकू 16 में 2K रिजॉल्यूशन और 165Hz रिफ्रेश रेट वाला नया डिस्प्ले मिलेगा। खास बात यह है कि इसमें सैमसंग का नया एम16 ओएलईडी मटेरियल इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी इस फोन को चीनी मार्केट में 29 सितंबर को लॉन्च करने वाली है।
आईकू 16 दुनिया का पहला ऐसा स्मार्टफोन होगा, जिसमें 2के रेजोल्यूशन के साथ 165 हर्ट्ज का सुपरफास्ट रिफ्रेश रेट देखने को मिलेगा। स्क्रीन तकनीक के क्षेत्र में इसे अब तक का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। 2K रिजॉल्यूशन से स्क्रीन पर तस्वीरें और टेक्स्ट ज्यादा शार्प दिखेंगे, जबकि 165Hz रिफ्रेश रेट गेमिंग के दौरान ज्यादा स्मूद विजुअल और बेहतर फ्रेम रेट देने में मदद करेगा।
सैमसंग के ओएलईडी पैनल का इस्तेमाल करेगा आईकू
आईकू और सैमसंग डिस्प्ले ने मिलकर इस पैनल को तैयार किया है। इसमें सैमसंग के एम16 ल्यूमिनसेंट मटेरियल के साथ नई 2K लीड 2.0 तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी ने फ्लैगशिप फोन के लिए कस्टम हाई-रिफ्रेश-रेट आईसी और अलग प्रोडक्शन लाइन भी तैयार की है। कंपनी का दावा है कि नए पैनल से डिस्प्ले की क्वालिटी के साथ-साथ पावर एफिशिएंसी में भी सुधार होगा।
रंगों की क्वालिटी में भी सुधार
आईकू 16 के डिस्प्ले में 1.24 गुना पी3 कलर गैमट कवरेज मिलने की बात कही गई है। इससे स्क्रीन ज्यादा विस्तृत रंगों को प्रदर्शित कर सकेगी। कंपनी के अनुसार, पिछली पीढ़ी के मुकाबले कलर यूनिफॉर्मिटी में 39.6 प्रतिशत और ब्राइटनेस यूनिफॉर्मिटी में 22.3 प्रतिशत सुधार किया गया है।
गेमर्स के लिए खास डिस्प्ले
आईकू 16 का डिस्प्ले खास तौर पर गेमिंग के लिहाज से भी तैयार किया गया है। इसमें 5,000Hz इंस्टेंट टच सैंपलिंग और 500Hz मल्टी-फिंगर टच सैंपलिंग दी जाएगी। इससे गेम खेलते समय टच इनपुट जल्दी डिटेक्ट होगा कंपनी की क्यू-फ्लेक्स कंट्रोल तकनीक टच करने और स्क्रीन पर एक्शन होने के बीच की देरी को भी कम करने का काम करेगी। खासकर प्रतिस्पर्धी गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के लिए यह फीचर उपयोगी हो सकता है।
ब्राइटनेस में भी बड़ा अपग्रेड
आईकू 16 के डिस्प्ले की मैनुअल पीक ब्राइटनेस 1,100 निट्स बताई गई है। वहीं, ग्लोबल पीक ब्राइटनेस 2,800 निट्स और लोकल पीक ब्राइटनेस 10,000 निट्स तक पहुंच सकती है। ग्लोबल पीक ब्राइटनेस का मतलब स्क्रीन के बड़े हिस्से में हासिल होने वाली अधिकतम रोशनी से है, जबकि लोकल पीक ब्राइटनेस छोटे हिस्से में ज्यादा चमक दिखाने से जुड़ी होती है। एचडीआर कंटेंट में इसका फायदा नजर आ सकता है।
आंखों की सुरक्षा के लिए भी कई फीचर
नए पैनल में फुल-ब्राइटनेस डीसी डिमिंग और 3,300 Hz तक पीडब्ल्यूएम डिमिंग का सपोर्ट मिलेगा। इन तकनीकों का उद्देश्य स्क्रीन की चमक को नियंत्रित करना और दिखाई देने वाली फ्लिकरिंग को कम करना है। इसके अलावा फोन में तीन फोटोसेंसिटिव फुल-एरिया लाइट सेंसर, अनपोलराइज्ड नेचुरल लाइट डिस्प्ले और गेमिंग ग्लेयर प्रोटेक्शन मोड जैसे फीचर भी मिलेंगे।
आईकू 15 से कितना अलग होगा?
आईकू 16 में पिछली पीढ़ी की तरह 2K रिजॉल्यूशन और 508 पीपीआई पिक्सल डेंसिटी मिलने की उम्मीद है। इसलिए केवल रिजॉल्यूशन के आधार पर बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। हालांकि, 165Hz रिफ्रेश रेट, एम16 मटेरियल, लीड 2.0 तकनीक और बेहतर ब्राइटनेस व कलर यूनिफॉर्मिटी इसे ज्यादा आधुनिक पैनल बनाते हैं।
भारत में इतनी हो सकती है कीमत
आईकू 16 की भारत में कीमत करीब 85,000 से 90,000 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। मेमोरी और दूसरे कंपोनेंट की बढ़ती लागत का असर कीमत पर पड़ सकता है। फोन में क्वालकॉम का नया स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 प्रो चिपसेट और हाई-एंड रैम व स्टोरेज मिलने की भी उम्मीद है। ऐसे में आईक्यूओओ 16 का फोकस सिर्फ प्रीमियम डिस्प्ले पर नहीं, बल्कि हाई-परफॉर्मेंस और गेमिंग पर भी रहने वाला है।
- ट्राई की चौखट पहुंचा वीआई बनाम एयरटेल-जियो का मामला: क्या है एमएनपी से जुड़ा विवाद? विस्तार से समझें
- 'अमीर बना रहे डेटा सेंटर': जेन्सन हुआंग को भरे मंच पर आया ट्रंप का कॉल, कहा- रोबोट दुनिया पर कब्जा नहीं करेंगे
- एआई मचा सकता है तबाही: गूगल डीपमाइंड के रिसर्चर ने छोड़ी नौकरी, ट्रंप ने कहा- एआई से खतरा महज अफवाह
- जेन्सन हुआंग का अनोखा अंदाज: नौकरी छोड़ने पर नाराज नहीं होते एनवीडिया सीईओ, घंटों देते हैं करियर की सलाह