आईफोन में आ रहा है iOS 27.2 अपडेट: हेल्थ एज से पांच नई सिरी भाषा तक, कौन-से 14 फीचर्स बदलेंगे यूजर्स का अनुभव?
एपल जल्द ही आईफोन यूजर्स के लिए iOS 27.2 अपडेट पेश करने की तैयारी कर रहा है। इसमें हेल्थ और फिटनेस से लेकर प्राइवेसी तक कई उपयोगी फीचर्स मिल सकते हैं। इसके साथ ही Siri AI को पांच नई भाषाओं का सपोर्ट भी दिया जा सकता है। आइए जानते हैं कि यह अपडेट कब रोलआउट होगा और इसमें क्या-क्या खास मिलने वाला है...

विस्तार
एपल अपने आईफोन यूजर्स के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए जल्द ही iOS 27.2 अपडेट पेश करने वाला है। कंपनी के अनुसार, यह सॉफ्टवेयर अपडेट बहुत जल्द ही रोलआउट होगा। इस अपडेट में एपल ने हेल्थ, फिटनेस, सिरी एआई, प्राइवेसी और कारप्ले से जुड़े कई बेहतरीन और काम के फीचर्स शामिल कर सकती है। अगर आप आईफोन यूजर हैं, तो यहां iOS 27.2 अपडेट में मिलने वाले सभी 14 बड़े बदलावों के बारे में नीचे विस्तार से जान सकते हैं...
अपडेट में कौन-कौन से फीचर्स होंगे शामिल?
1. हेल्थ एप का बदलेगा पूरा डिजाइन
iOS 27.2 में एपल के हेल्थ एप को नया डिजाइन मिलने की बात कही गई है। इसका इंटरफेस पहले की तुलना में ज्यादा साफ, आधुनिक और इस्तेमाल में आसान होगा। इसमें स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को नए डिजाइन के जरिए बेहतर तरीके से समझना आसान हो सकता है। यानी यूजर्स को अपने हेल्थ डेटा को देखने और समझने का ज्यादा सुविधाजनक अनुभव मिल सकता है।
2. हेल्थ एज और लोंगेविटी इनसाइट्स होंगे खास
iOS 27.2 का सबसे दिलचस्प फीचर हेल्थ एज और लॉन्गिविटी इनसाइट्स हो सकता है। हेल्थ एज यूजर को उसकी बायोलॉजिकल एज के बारे में जानकारी देगा। यह आपकी वास्तविक उम्र से अलग हो सकती है और शरीर की मौजूदा स्थिति से जुड़े संकेत दे सकती है।
इसके अलावा लोंगेविटी इनसाइट्स (Longevity Insights) के जरिए यूजर्स को लंबे और स्वस्थ जीवन से जुड़े सुझाव मिलने की बात कही गई है। इससे यूजर्स को अपनी हेल्थ और लाइफस्टाइल को बेहतर समझने में मदद मिल सकती है।
3. कैमरा से होगा फिटनेस असेसमेंट
अब एपल यूजर्स को फिटनेस असेसमेंट के लिए किसी अतिरिक्त डिवाइस की जरूरत कम हो सकती है। iOS 27.2 में कैमरा आधारित फिटनेस असेसमेंट फीचर मिलने की बात कही गई है।
इसके जरिए सिर्फ आईफोन के कैमरे की मदद से फिटनेस लेवल चेक किया जा सकेगा। यानी यूजर बिना किसी अतिरिक्त डिवाइस के अपनी फिटनेस का आकलन कर सकेगा।
4. कॉल करते समय मिलेगा एनिवर्सरी रिमाइंडर
अगर आप अक्सर शादी की सालगिरह भूल जाते हैं, तो अब आपको याद दिलाने का काम एपल खुद करेगा। iOS 27.2 अपडेट में एक छोटा लेकिन बेहद उपयोगी फीचर ' एनिवर्सरी रिमाइंडर मिलने वाला है।
इस फीचर में, अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति को कॉल कर रहे हैं जिसकी उस दिन एनिवर्सरी है, तो आईफोन आपको कॉल स्क्रीन पर ही इसकी याद दिला देगा। इससे खास मौकों को याद रखने और रिश्तों में अपनापन बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी।
5. कारप्ले अल्ट्रा में कस्टम थीम्स
कारप्ले अल्ट्रा यूजर्स के लिए भी नया अपडेट उपयोगी हो सकता है। इसमें अब थीम्स को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज करने का विकल्प मिलने की बात कही गई है। इससे ड्राइविंग के दौरान कार के डिस्प्ले को यूजर अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकेगा और कारप्ले अल्ट्रा का लुक ज्यादा पर्सनल बनाया जा सकेगा।
6. सिरी को मिलेंगी पांच नई एआई भाषाएं
इसी के साथ अब सिरी को एक, दो नहीं, बल्कि पांच भाषाओं का सपोर्ट मिलने वाला है। इससे ज्यादा यूजर्स अपनी पसंद या मातृभाषा में सिरी से बातचीत कर सकेंगे। एआई आधारित सिरी के लिए यह अपडेट ज्यादा भाषाओं में इस्तेमाल का रास्ता खोल सकता है।
7. एपल टीवी में प्रोफाइल्स और पैरेंटल कंट्रोल
इसके साथ ही एपल टीवी में भी कुछ अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। नए अपडेट के बाद एपल टीवी पर अलग-अलग यूजर्स के लिए प्रोफाइल्स बनाए जा सकेंगे। साथ ही पैरेंट्स को बच्चों पर नजर रखने की लिए पैरेंटल कंट्रोल को और भी मजबूत किया जाएगा। इससे माता-पिता के लिए बच्चों द्वारा देखे जाने वाले कंटेंट को नियंत्रित करना आसान हो सकता है।
8. एपल टीवी में साइन लैंग्वेज सपोर्ट
एपल टीवी में साइन लैंग्वेज सपोर्ट भी जोड़ा जा सकता है। यह फीचर खास तौर पर बधिर और कम सुनने वाले यूजर्स के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। इससे एपल टीवी का अनुभव ज्यादा लोगों के लिए सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।
9. फेसटाइम में इंटरप्रेटर एप का सपोर्ट का सपोर्ट
iOS 27.2 में फेसटाइम के साथ इंटरप्रेटर एप का सपोर्ट भी मिलने की बात कही गई है। इस फीचर की मदद से अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले लोगों के बीच बातचीत आसान हो सकती है। भाषा की बाधा कम करने के लिए यह फीचर उपयोगी साबित हो सकता है।
10. क्लॉक एप में छोटे होंगे एएम व पीएम लेबल
इतना ही नहीं, क्लॉक एप में भी एक छोटा डिजाइन बदलाव किया जाएगा। इसमें एएम व पीएम के लेबल पहले की तुलना में छोटे होंगे। इससे समय का डिस्प्ले ज्यादा साफ और प्रीमियम दिखाई देने की उम्मीद है।
11. एपल म्यूजिक वालों के लिए भी खास
इस अपडेट में एपल म्यूजिक में ब्लैक एक्सेंट्स का विकल्प आने की बात कही गई है। इससे यूजर्स एप के लुक को ज्यादा डार्क और स्टाइलिश बना सकेंगे। यह बदलाव खास तौर पर उन यूजर्स को पसंद आ सकता है जो डार्क और मिनिमल डिजाइन पसंद करते हैं।
12. सिरी से कई एप्स को कर सकेंगे एक्सक्लूड
iOS 27.2 में Siri के लिए एक और उपयोगी विकल्प मिलने की बात कही गई है। प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए अब यूजर्स एक ही बार में कई एप्स को सिरी के डेटा एक्सेस से बाहर कर सकेंगे। यानी सुरक्षा के लिहाज से यह फीचर महत्वपूर्ण है, क्योंकि यूजर्स तय कर सकेंगे कि किन एप्स को सिरी के साथ इस्तेमाल नहीं करना है।
13. पॉडकास्ट में न्यू एपिसोड और कंटीन्यू प्लेइंग
अपडेट में पॉडकास्ट एप में भी न्यू एपिसोड और कंटीन्यू प्लेइंग फीचर को बेहतर किया जाएगा। इससे नए एपिसोड को ढूंढना और उस कंटेंट को वहीं से दोबारा शुरू करना आसान होगा, जहां यूजर ने पिछली बार सुनना छोड़ा था।
14. यूरोपीय संघ के लिए एक्सपेंडेड ट्रैकिंग प्रॉम्प्ट्स
यूरोपियन यूनियन के नियमों के मुताबिक iOS 27.2 में ट्रैकिंग प्रॉम्प्ट्स का विस्तार किया जा सकता है। इससे यूजर्स को यह समझने और नियंत्रित करने में ज्यादा मदद मिल सकती है कि उनका डेटा किस तरह ट्रैक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य डेटा प्राइवेसी पर यूजर्स को ज्यादा नियंत्रण देना है।
कब तक आएगा iOS 27.2 अपडेट?
- एपल हब के अनुसार, iOS 27.2 जल्द रिलीज होने वाला है। आमतौर पर इस तरह के माइनर iOS अपडेट कुछ हफ्तों के अंदर जारी हो जाते हैं। इस अपडेट में हेल्थ और फिटनेस से लेकर सिरी, कारप्ले अल्ट्रा, एपल टीवी, फेसटाइम, पॉडकास्ट और प्राइवेसी तक कई बदलाव देखने को मिलेंगे।
- हेल्थ एज और लोंगेविटी इनसाइट्स जैसे फीचर्स हेल्थ पर फोकस करने वाले यूजर्स के लिए खास हो सकते हैं, जबकि सिरी की नई भाषाएं और कारप्ले अल्ट्रा के कस्टमाइजेशन जैसे विकल्प रोजमर्रा के इस्तेमाल को बेहतर बना सकते हैं। अब देखना होगा कि एपल iOS 27.2 को किस तारीख को सभी योग्य आईफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध कराता है।