Priya Lakhani: भारतीय मूल की प्रिया ब्रिटिश एक्सपर्ट्स पैनल में, भविष्य की तकनीक विकसित करने पर करेंगी काम
इस पैनल में लखानी और अन्य एक्सपर्ट्स नए नियमों पर सलाह देने के लिए मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सलाहकार पैट्रिक वालेंस के साथ मिलकर काम करेंगे, जो नवाचार को बढ़ावा देने के लिए यूके की नियामक स्वतंत्रता का उपयोग करते हैं।

विस्तार
भारतीय मूल की प्रिया लखानी को भविष्य की तकनीक विकसित करने वाले विशेषज्ञों की ब्रिटिश पैनल में शामिल किया गया है। दरअसल, प्रिया उन पांच प्रमुख इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स में शामिल हैं, जिन्हें ब्रिटेन में उभरती तकनीक के विकास और उसे लागू करने में तेजी लाने के लिए ब्रिटेन सरकार द्वारा गठित एक नए पैनल में नियुक्त किया गया है। बता दें कि प्रिया लखानी एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी की सीईओ हैं।
दरअसल, लखानी को ब्रिटेन सरकार द्वारा "21वीं सदी की सिलिकॉन वैलीज" बनाने के विजन के हिस्से के रूप में नए पैनल में शामिल किया गया है। इस पैनल में लखानी और अन्य एक्सपर्ट्स नए नियमों पर सलाह देने के लिए मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सलाहकार पैट्रिक वालेंस के साथ मिलकर काम करेंगे, जो नवाचार को बढ़ावा देने के लिए यूके की नियामक स्वतंत्रता का उपयोग करते हैं।
इस पैनल का उद्देश्य प्रमुख विकास क्षेत्रों में यूके को दुनिया में सबसे अच्छी विनियमित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना है। साथ ही उभरती तकनीकों में नए विकास की आशा के माध्यम से नवाचार, निवेश और विकास को भी सुनिश्चित करना है।
ब्रिटेन के चांसलर जेरेमी हंट ने विशेषज्ञों की नई पैनल की घोषणा करते हुए कहा कि मैं चाहता हूं कि ब्रिटिश कंपनियां शानदार विज्ञान को नए प्रोडक्ट और सर्विस में बदलने में दुनिया का नेतृत्व करें और हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि सरकार नवाचार और प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
2014 में मिला था सम्मान
लखानी सेंचुरी टेक की फाउंडर हैं, जो दुनिया भर के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और नियोक्ताओं के लिए एआई-संचालित शिक्षण टूल्स विकसित करता है। लखानी को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उनके काम के लिए 2014 में दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा ओबीई (ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर) से भी सम्मानित किया गया है। लखानी एआई काउंसिल नामक सरकार की सलाहकार संस्था की सदस्य भी हैं।