तकनीक और फैशन का अनोखा संगम: क्या अब मशीनें भी पहनेंगी स्टाइलिश कपड़े? रोबोट्स ने कैट वॉक कर बिखेरा जलवा!
Robots Fashion Show:
दक्षिण कोरिया में एक अनोखे फैशन शो आयोजन में ह्यूमनॉइड रोबोट, इंसानों के साथ रैंप वॉक करते नजर आए। इस आयोजन में रोबोट्स अलग-अलग परिधान धारण किए नजर आए। आयोंजकों का मानना है रोबोट्स हमारी दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों का हिस्सा बनते जा रहे हैं, तो उनके भी परिधान होने चाहिए। जहां एक ओर इस शो ने लोगों को हैरान किया वहीं दूसरी ओर ये तकनीक और फैशन के अनोखे मेल का उदाहरण बनकर सामने आया है।

विस्तार
अब तक आपने रोबोट्स को फैक्ट्रियों में भारी-भरकम काम करते या फुटबॉल खेलते देखा होगा। लेकिन अब तकनीक एक कदम और आगे बढ़ गई है। साउथ कोरिया के सियोल में एक ऐसा फैशन शो आयोजित किया गया, जिसने सबको हैरान कर दिया। इस शो में ह्यूमनॉइड रोबोट्स ने इंसानी मॉडल्स के साथ रैंप वॉक सबको चौंका दिया।
इंसानों के साथ रोबोट का कदमताल
इस फैशन शो की सबसे खास बात यह थी कि रोबोट्स को मंच पर सिर्फ एक सजावटी वस्तु की तरह नहीं रखा गया था। उन्होंने इंसानी मॉडल्स के साथ शानदार तालमेल बिठाते हुए कैटवॉक किया।
कैसा था रोबोट्स का लुक?
काउबॉय लुक:
एक रोबोट ने नीले रंग की शानदार काउबॉय-स्टाइल ड्रेस और हैट पहनी थी। दिलचस्प बात यह है कि उसके साथ चल रही महिला मॉडल ने भी बिल्कुल वैसी ही मिलती-जुलती ड्रेस पहनी थी।
फ्यूचरिस्टिक डिजाइन:
इसके अलावा शो में चमकदार सिल्वर जैकेट, लंबे गाउन और भविष्य की थीम वाले लंबे पैंट्स भी देखने को मिले।
रोबोट्स के लिए फैशन शो क्यों?
इस शानदार इवेंट का आयोजन गैलेक्सी कॉर्पोरेशन ने किया था। कंपनी का मानना है कि अगर भविष्य में रोबोट्स हमारी जिंदगी का हिस्सा होंगे, तो उनके भी अपने परिधान होने चाहिए।आयोजकों ने इस शो के जरिए उस भविष्य की झलक दिखाने की कोशिश की है, जहां रोबोट सिर्फ ऑफिस या फैक्ट्री तक सीमित नहीं रहेंगे। वे इंसानों के साथ उठेंगे-बैठेंगे और कपड़े भी पहनेंगे।
क्या होगा भविष्य का फैशन ट्रेंड?
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में फैशन पूरी तरह बदल जाएगा। भविष्य में इंसान, रोबोट्स के फैशन से प्रेरणा लेकर कपड़े पहनेंगे। वहीं, रोबोट्स इंसानों के लिए बनाए गए स्टाइलिश कपड़ों को पहनते हुए नजर आएंगे।
फैशन से लेकर धर्म तक, हर जगह रोबोट्स
रोबोट्स अब हमारी जिंदगी के हर हिस्से में शामिल हो रहे हैं। रैंप पर जलवा बिखेरने से पहले रोबोट्स चीन में डांस करते और फुटबॉल खेलते नजर आ चुके हैं। इतना ही नहीं, इसी महीने की शुरुआत में सियोल में ही गाबी नाम के एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने एक बौद्ध दीक्षा समारोह में भी हिस्सा लिया था। वहां इस रोबोट ने न सिर्फ मेहमानों का स्वागत किया, बल्कि बौद्ध धर्म के प्रति खुद को समर्पित करने की शपथ भी ली थी।