Humanoid Robot: मकाऊ की सड़क पर रोबोट ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को डराया, दहशत से अस्पताल पहुंची महिला
Humanoid Robot Incident Macau:
मकाऊ में एक ह्यूमनॉइड रोबोट को अचानक अपने इतने करीब पाकर एक 70 वर्षीय महिला इतनी घबरा गईं कि उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इस चौंकाने वाली घटना ने सोशल मीडिया से लेकर टेक जगत तक एक नई बहस छेड़ दी है। क्या हम सच में सार्वजनिक जगहों पर रोबोट्स के साथ चलने के लिए तैयार हैं? पढ़िए यह रिपोर्ट, जो दिखाती है कि एडवांस तकनीक और इंसानी सुरक्षा व मनोविज्ञान के बीच सही संतुलन बनाए रखना आज कितना जरूरी हो गया है।

विस्तार
चीन के मकाऊ शहर से तकनीक और इंसानों के बीच तालमेल की एक बेहद अजीब और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 70 साल की एक बुजुर्ग महिला को इतना डरा दिया कि घबराहट के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना टेक जगत और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इस बात पर नई बहस छेड़ रही है कि क्या हम सार्वजनिक जगहों पर रोबोट्स के साथ चलने के लिए सच में तैयार हैं?
आखिर उस रात हुआ क्या था?
यह पूरी घटना मकाऊ के पटाने इलाके की है। रात के करीब 9 बजे एक 70 वर्षीय महिला सड़क पर चलते हुए अपने स्मार्टफोन में पूरी तरह से मग्न थीं। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनके ठीक पीछे एक यूनिट्री G1 नाम का ह्यूमनॉइड रोबोट भी चल रहा है। फोन देखते हुए महिला अचानक रास्ते में रुक गईं। चूंकि रोबोट के पास उन्हें पार करके आगे निकलने की जगह नहीं थी इसलिए उसके सेंसर्स ने उसे भी महिला के ठीक पीछे रोक दिया।
जब महिला की नजर फोन से हटी और उन्होंने अचानक पीछे मुड़कर देखा तो अपने इतने करीब एक रोबोट को खड़ा पाकर वह बुरी तरह घबरा गईं। डर के मारे वह चिल्ला उठीं- "तुम मेरी धड़कन बढ़ा रहे हो। आखिर इसका क्या मतलब है? क्या तुम पागल हो?" इस अचानक हुए वाकये से महिला को इतनी ज्यादा घबराहट और तनाव हुआ कि उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद मौके पर तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को बुलाना पड़ा।
वायरल वीडियो और रोबोट की गिरफ्तारी
इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया। इसका सबसे दिलचस्प हिस्सा पुलिस की एंट्री थी। वीडियो में पुलिसकर्मी रोबोट को थाने ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। एक अधिकारी ने तो रोबोट के कंधे पर बिल्कुल वैसे ही हाथ रखा हुआ था, जैसे किसी अपराधी को गिरफ्तार करके ले जाया जाता है।
किसका था रोबोट?
जांच में पता चला कि यह रोबोट मकाऊ के ही एक एजुकेशन सेंटर का था और इसका इस्तेमाल प्रमोशनल काम के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने बाद में इस रोबोट को उसके 50 वर्षीय मालिक को इस चेतावनी के साथ लौटा दिया कि सार्वजनिक जगहों पर इसका इस्तेमाल सावधानी से किया जाए। बुजुर्ग महिला ने इलाज के बाद कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
चीन की सड़कों पर आम हो रहे हैं रोबोट्स
भले ही यह घटना अजीब लगे लेकिन चीन के लिए यह भविष्य की एक झलक है। दरअसल, चीन सार्वजनिक जीवन में रोबोट्स को बहुत तेजी से शामिल कर रहा है। इसके उदाहरण शेन्जेन जैसे शहरों में देखने को मिलते हैं। यहां पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा के लिए 'इंजनएआई T800' रोबोट गश्त करते देखे जाते हैं। इसी तरह, शंघाई के हुआंगपू जिले में भी 'शाओ हु' नाम का रोबोट ट्रैफिक कंट्रोल करने में इंसानों की मदद करता हुआ नजर आता है।
टेक जगत के लिए क्या है सबक?
यह घटना एक सीधा सा संकेत है कि रोबोटिक्स और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कितनी भी एडवांस क्यों न हो जाए, इंसानी मनोविज्ञान को समझना अभी भी एक चुनौती है। मशीन ने अपने नियम के हिसाब से काम किया (रास्ता न मिलने पर रुकना), लेकिन एक इंसान के लिए वह डरावना अनुभव बन गया। जैसे-जैसे ये मशीनें हमारे मॉल्स, सड़कों और ऑफिस में आम होंगी, कंपनियों को तकनीक के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा, जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं पर भी काम करना होगा।