Huawei Mate XT Ultimate: विश्व का पहला ट्रिपल फोल्ड फोन अब तक की सबसे बड़ी स्क्रीन के साथ लॉन्च, जानें खूबियां
हुवावे फोन कंपनी ने दुनिया का पहला ट्रिपल फोल्ड फोन लॉन्च कर दिया है। इस फोन को एपल इवेंट के अगले दिन लाया गया है। हुवावे ने इस ट्रिपल फोन में काफी शानदार कैमरा और बैटरी लाइफ दी है। जानिए क्या है कीमत।

विस्तार
दुनिया की मशहूर फोन निर्माता कंपनी हुवावे ने विश्व का पहला ट्रिपल फोल्ड लॉन्च कर दिया है। यहां पर एक बात जो खास है कि हुवावे ने एपल इवेंट के अगले दिन अपना धांसू फोन उतारा है। इसके साथ ही लंबे समय से किया जा रहा इंतजार भी खत्म हो गया। कंपनी ने इस ट्राई फोल्ड फोन में 10.2 इंच की स्क्रीन दी है। कंपनी ने दावा किया है कि इस फोन में अब तक की सबसे बड़ी स्क्रीन दी गई है। हुवावे के अनुसार, इस फोन को कई सारी दिशाओं में घुमाया जा सकता है और साथ ही इसकी डिस्प्ले को बहुत ज्यादा फ्लेक्सीबल बनाया गया है।
हुवावे के मुताबिक, इस ट्राई फोल्ड फोन का दाम लगभग 235900 रुपये रखा गया है। इसमें 16 जीबी रैम और 256 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। वहीं, 512 और 1 टीबी स्टोरेज वाले मॉडलों की कीमत क्रमश; तकरीबन 259500 रुपये और 283100 रुपये रखी गई है। इस फोन की सेल चीन में 20 सितंबर 2024 से शुरू होगी। कंपनी ने इस फोन को डार्क ब्लैक और रूई रेड रंगों में लॉन्च किया है।
हुवावे के नए ट्राईफोल्ड फोन में कई सारी खूबियां दी गई हैं। फोन में ओएलईडी स्क्रीन के साथ अल्टीमेट डिजाइन देखने को मिलता है। इस दमदार फोन में हारमनी ओएस 4.2 आउट ऑफ दी बॉक्स दिया गया है। फोन को एक बार फोल्ड करने इस्तेमाल करने पर 6.4 इंच की स्क्रीन रह जाती है। वहीं, दो बार फोल्ड करने के बाद इसकी स्क्रीन 7.9 इंच की हो जाती है। कंपनी ने दावा किया है कि इस फोन में काफी बेहतर परफॉर्मेस मिलेगी।