Chromebook: गूगल ने PC गेमर्स को दिया झटका! 2026 से बंद करना जा रहा ये पॉपुलर सर्विस
Chromebook Steam Beta Shutdown:
गूगल ने क्रोमबुक पर स्टीम का बीटा प्रोग्राम 1 जनवरी 2026 से बंद करने का ऐलान किया है। इस बदलाव के बाद क्रोमबुक यूजर्स डिवाइस पर इंस्टॉल किए गए स्टीम गेम्स नहीं खेल पाएंगे।

विस्तार
क्रोमबुक पर स्टीम गेमिंग का दौर खत्म होने जा रहा है। गूगल ने ऐलान किया है कि 1 जनवरी 2026 से स्टीम का बीटा प्रोग्राम समाप्त हो जाएगा। इसके बाद बीटा के तहत इंस्टॉल किए गए गेम्स क्रोमबुक पर नहीं चलेंगे।
यह घोषणा क्रोमबुक यूजर्स को तब पता चलेगी जब वे स्टीम इंस्टॉल करने की कोशिश करेंगे। पॉप-अप नोटिस में साफ लिखा होगा कि बीटा प्रोग्राम की अवधि समाप्त होने के बाद गेम्स एक्सेस नहीं किए जा सकेंगे।
2022 में शुरू हुआ था बीटा प्रोग्राम
स्टीम का क्रोमबुक बीटा मार्च 2022 में लॉन्च हुआ था। यह क्रोमओएस के लिनक्स-बेस्ड सिस्टम पर चलता था और वैल्व के कंपेटिबिलिटी लेयर के जरिए विंडोज गेम्स को सपोर्ट करता था। हालांकि, इसकी गेम लिस्ट सीमित थी और केवल कुछ गेम्स ही इसमें स्मूद चलते थे।
समस्या सिर्फ सॉफ्टवेयर की नहीं
विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रोग्राम के बंद होने की असली वजह क्रोमबुक का लो-पावर हार्डवेयर है। अधिकतर क्रोमबुक भारी-भरकम पीसी गेम्स चलाने के लिए पर्याप्त पावरफुल नहीं होते। स्टीम इंस्टॉल करने का ऑप्शन होने के बावजूद, हार्डवेयर की यह कमी सबसे बड़ी बाधा बन रही थी।
क्लाउड गेमिंग ने छीन ली बढ़त
आज के समय में GeForce Now और Xbox Cloud Gaming जैसे प्लेटफॉर्म एक बड़ी गेम लाइब्रेरी और बेहतर अनुभव देते हैं, बशर्ते इंटरनेट कनेक्शन तेज हो। इसके मुकाबले, क्रोमबुक पर लोकल स्टीम गेम्स की लिस्ट काफी छोटी थी। गूगल का खुद का क्लाउड गेमिंग प्लेटफॉर्म Stadia भी 2023 में बंद हो चुका है।
बीटा प्रोग्राम के खत्म होने के बाद क्रोमबुक पर लोकल पीसी गेमिंग लगभग नामुमकिन होगी। ऐसे में बजट गेमर्स या तो क्लाउड गेमिंग का सहारा लेंगे या फिर उन्हें हाई-एंड हार्डवेयर अपनाना पड़ेगा।