Google: गूगल का एआई ओवरव्यू यूजर्स को दे रहा स्कैमर्स का नंबर, कस्टमर सर्विस के नाम पर ठगी का शिकार हो रहे लोग

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 19 Aug 2025 12:31 PM IST
सार

Google AI Overview Leading To Scam:

हाल ही में गूगल की AI ओवरव्यू सुविधा ने एक नया जोखिम उजागर किया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कस्टमर सपोर्ट नंबर ढूंढने वाले उपयोगकर्ता अब स्कैमर्स के जाल में फंस रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है मामला...

google ai overview landing users in fraudulent customer care pages and numbers scams
गूगल के एआई ओवरव्यू में सामने आई बड़ी खामी - फोटो : AI

    विस्तार

    गूगल की AI ओवरव्यू सुविधा, जिसने अपने शुरुआती दिनों में अजीबोगरीब सुझावों से ध्यान खींचा था, अब एक गंभीर खतरे का कारण बन रही है। हाल ही में, 'डिजिटल ट्रेंड्स' की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि यह AI टूल उपयोगकर्ताओं को कंपनियों के असली ग्राहक सेवा नंबर के बजाय स्कैमर्स के नंबर दे रहा है।

    AI ओवरव्यू दे रही स्कैमर्स का नंबर

    इस नई समस्या ने कई उपयोगकर्ताओं को चौंका दिया है। व्यवसायी एलेक्स रिवलिन ने फेसबुक पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे रॉयल कैरिबियन का ग्राहक सेवा नंबर खोज रहे थे। गूगल की AI ओवरव्यू ने उन्हें एक फर्जी नंबर दिया, जिस पर कॉल करने के बाद वे स्कैमर्स के जाल में फंस गए। रिवलिन ने बताया कि वे खुद को बेहद सतर्क मानते हैं और अक्सर लिंक पर क्लिक करने या फोन पर निजी जानकारी साझा करने से बचते हैं, लेकिन फिर भी वे इस जाल में फंस गए। हालांकि, वे आखिरी क्षण में स्कैम से बच निकले, लेकिन तब तक वे अपनी क्रेडिट कार्ड की जानकारी दे चुके थे।

    यह भी पढ़ें: एपल ने बंगलूरू में खरीदा 2.7 लाख वर्गफुट का ऑफिस, 10 साल में कंपनी चुकाएगी 1,000 करोड़ रुपये का किराया

    पहले भी आ चुकें हैं कई मामले

    यह अकेली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले, Reddit पर एक उपयोगकर्ता 'Stimy3901' ने बताया कि साउथवेस्ट एयरलाइंस में गलत नाम ठीक करने का तरीका ढूंढते समय AI ओवरव्यू ने उन्हें एक फर्जी नंबर दिया। उस नंबर पर कॉल करने पर स्कैमर्स नाम बदलने के लिए सैकड़ों डॉलर की मांग कर रहे थे। एक और Reddit उपयोगकर्ता 'ScotiaMinotia' ने भी इसी तरह का अनुभव साझा किया, जहां ब्रिटिश एयरलाइंस का नंबर खोजते समय उन्हें एक फर्जी नंबर मिला।

    आंख मूंदकर न करें भरोसा

    ये घटनाएं दिखाती हैं कि गूगल की AI ओवरव्यू, जिसे जानकारी को आसान बनाने के लिए लाया गया था, अब एक खतरनाक टूल साबित हो रही है। यह उपयोगकर्ताओं को सीधे स्कैमर्स के पास भेज रही है। इससे साबित होता है कि एआई द्वारा दिए गए रिजल्ट्स पर अभी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। इंटरनेट पर कई नामी कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर पेज बनाए गए हैं, जिनका लोग जाने-अनजाने में शिकार हो जाते हैं।

    यह भी पढ़ें: AI की मदद से 36 घंटे में सुलझाया 'हिट एंड रन' केस, ऐसे पकड़ में आया आरोपी ड्राइवर

    ऐसे में आपको हमेशा कंपनी के ऑफिशियल वेबसाइट या यूजर मैनुअल में दिए गए कस्टमर केयर नंबर या सर्विस नंबर से ही मदद लेनी चाहिए। ध्यान रखें कि कस्टमर केयर एजेंट से कभी भी अपनी अकाउंट नंबर, क्रेडिट-डेबिट कार्ड नंबर, पिन या पासवर्ड जैसी पर्सनल जानकारी साझा न करें।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें