स्मार्टवॉच बनाम फिटनेस ट्रैकर: फिटबिट एयर और गूगल पिक्सल वॉच में किसकी बैटरी लाइफ है ज्यादा दमदार? जानें फर्क

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Fri, 18 Sep 2026 05:52 PM IST
सार

आजकल लोग सेहत और फिटनेस ट्रैकिंग के लिए स्मार्टवॉच और फिटनेस ट्रैकर का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। गूगल पिक्सल वॉच चार और फिटबिट एयर दोनों ही बेहतरीन डिवाइस हैं, लेकिन इनके फीचर्स और बैटरी लाइफ में बड़ा फर्क है। दोनों में से कौन सा डिवाइस किस मामले में बेहतर है? आइए समझते हैं इस कंपैरिजन रिपोर्ट में।

Fitbit Air vs Google Pixel Watch 4 Battery Life Comparison Specs, Features
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    स्मार्टवॉच और फिटनेस ट्रैकर दोनों ही डिवाइस के फीचर्स और बैटरी लाइफ में काफी अंतर हो सकता है। बड़ी स्क्रीन और ज्यादा स्मार्ट फीचर्स वाली स्मार्टवॉच को आमतौर पर ज्यादा बार चार्ज करना पड़ता है, जबकि स्क्रीनलेस फिटनेस ट्रैकर कई दिनों तक चल सकते हैं। फिटबिट एयर और गूगल पिक्सल वॉच भी इसी तरह के डिवाइस हैं। ऐसे में अगर आप बैटरी बैकअप और फीचर्स को लेकर कंफ्यूज हैं, तो आइए जानते हैं दोनों में कितना अंतर है।

    फिटबिट एयर कितने दिन चल सकता है?

    • फिटबिट एयर को एक बार फुल चार्ज करने पर सात दिन तक चलने का दावा किया गया है। यह खासकर हेल्थ मेट्रिक्स को ट्रैक करता है। हालांकि, इन आंकड़ों और दूसरी जानकारियों को देखने के लिए फोन की मदद लेनी पड़ती है।
    • रियल-वर्ल्ड इस्तेमाल में भी इसका बैटरी बैकअप कंपनी के दावे के करीब पाया गया। एक रिव्यूअर ने इसे लगातार सात दिन इस्तेमाल किया और इसके बाद भी करीब 15 प्रतिशत बैटरी बची थी। वहीं फोनएरेना के टेस्ट में चार दिन के इस्तेमाल के बाद बैटरी 70 प्रतिशत से घटकर 29 प्रतिशत रह गई।

    पिक्सल वॉच 4 की बैटरी कितनी है?

    • गूगल पिक्सल वॉच 4 के 41mm मॉडल को ऑल्वेज-ऑन-डिस्प्ले चालू रखने पर 30 घंटे तक चलने का दावा किया गया है। वहीं इसके 45mm मॉडल की बैटरी लाइफ 40 घंटे तक बताई गई है।
    • नई पिक्सल वॉच 5 के लिए भी 40 घंटे तक की बैटरी लाइफ बताई गई है। हालांकि, वास्तविक इस्तेमाल में पिक्सल वॉच 4 का बैकअप कंपनी के दावे से ज्यादा पाया गया। एंड्रॉयड सेंट्रल के टेस्ट के मुताबिक, 45mm मॉडल करीब 48 घंटे तक चला और उस समय इसमें 10 से 15 प्रतिशत बैटरी बाकी थी।
    • वहीं बैटरी सेवर मोड चालू करने पर गूगल 45mm मॉडल के लिए 72 घंटे यानी करीब 3 दिन तक के बैटरी बैकअप का दावा करता है।

    फिटबिट एयर और पिक्सल वॉच 4 में कितना फर्क?

    • बैटरी के अलावा दोनों डिवाइस के फीचर्स में भी बड़ा अंतर है। पिक्सल वॉच 4 में 3,000-nit AMOLED डिस्प्ले, स्पीकर, डुअल-फ्रीक्वेंसी जीपीएस और सेल्युलर मॉडल में LTE रेडियो मिलता है।
    • इसके मुकाबले फिटबिट एयर में डिस्प्ले, बिल्ट-इन जीपीएस और स्पीकर जैसे फीचर्स नहीं हैं। यह लोकेशन डाटा जैसी जानकारी के लिए फोन पर निर्भर करता है। यही वजह है कि दोनों डिवाइस का इस्तेमाल अलग-अलग जरूरतों के लिए किया जा सकता है।

    किसके लिए कौन सा डिवाइस?

    • फिटबिट एयर खासकर हेल्थ और फिटनेस मेट्रिक्स को ट्रैक करने पर है, जबकि पिक्सल वॉच 4 एक फुल-फीचर स्मार्टवॉच के तौर पर ज्यादा सुविधाएं देती है। बड़ी स्क्रीन, जीपीएस और दूसरे स्मार्ट फीचर्स की वजह से पिक्सल वॉच 4 की बैटरी लाइफ फिटबिट एयर की तुलना में कम है।
    • गूगल का कहना है कि पिक्सल वॉच को दिन के समय इस्तेमाल किया जाए, जबकि रात में स्लीप ट्रैकिंग के लिए फिटबिट एयर पहना जा सकता है। ऐसे में दोनों डिवाइस को एक-दूसरे का सीधा विकल्प मानने के बजाय अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से देखा जा सकता है।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें