एंड्रॉयड फीचर्स: समय के साथ स्मार्टफोन से गायब हो गए ये 6 फीचर्स, अब मिस करते हैं यूजर्स

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 02 Sep 2026 01:32 PM IST
सार

आज के स्मार्टफोन पहले से ज्यादा एडवांस हो गए हैं, लेकिन इस सफर में कई पुराने और काम के फीचर्स गायब हो गए। हेडफोन जैक, रिमूवेबल बैटरी, माइक्रो एसडी कार्ड से लेकर नोटिफिकेशन एलईडी तक, जानिए कौन-से फीचर्स अब स्मार्टफोन में कम ही नजर आते हैं और इन्हें हटाने की क्या वजह रही।

विज्ञापन
features disappeared from smartphone due to advancement now missed by users
स्माटफोन्स को बेहतर बनाने के कई पुराने फीचर्स को हटाना पड़ा। - फोटो : FREEPIK

    विस्तार

    आज के स्मार्टफोन पहले से कहीं ज्यादा पावरफुल, पतले और फीचर-पैक हो गए हैं। बड़ी AMOLED स्क्रीन, कई कैमरे, तेज प्रोसेसर, 5G और AI फीचर्स ने मोबाइल फोन की क्षमता को पूरी तरह बदल दिया है। लेकिन इस बदलाव की एक कीमत भी चुकानी पड़ी है। समय के साथ स्मार्टफोन से कई ऐसे फीचर्स गायब हो गए, जो कभी फोन का अहम हिस्सा हुआ करते थे।

    इनमें से कुछ फीचर्स को कंपनियों ने डिजाइन और टेक्नोलॉजी की जरूरतों के चलते हटाया, तो कुछ के लिए नए विकल्प सामने आ गए। दिलचस्प बात यह है कि आज भी बड़ी संख्या में यूजर्स इन पुराने फीचर्स को याद करते हैं। आइए एंड्रॉयड फोन के कुछ ऐसे ही फीचर्स पर एक नजर डालते हैं।

    विज्ञापन

    1. 3.5mm हेडफोन जैक

    एक समय लगभग हर स्मार्टफोन में मिलने वाला 3.5mm ऑडियो जैक अब दुर्लभ हो गया है। कंपनियां इसके बदले ब्लूटूथ और USB Type-C ऑडियो जैक को बढ़ावा दे रही हैं। वायर्ड ईयरफोन की एक खास बात ये थी कि इसे चार्जिंग की जरूरत नहीं थी। AUX के जरिए पुराने कार सिस्टम या स्पीकर से कनेक्ट करना भी आसान रहता है। यही वजह है कि यह फीचर आज भी लोगों को याद आता है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    2. रिमूवेबल बैटरी

    पुराने मोबाइल फोन में बैक कवर खोलकर बैटरी निकालना और दूसरी बैटरी लगाना बेहद आसान था। फोन हैंग होने पर भी बैटरी निकालकर तुरंत रीस्टार्ट किया जा सकता था। आज ज्यादातर स्मार्टफोन में बैटरी फोन के अंदर सील रहती है। इससे फोन का डिजाइन ज्यादा कॉम्पैक्ट और बेहतर वाटर रेजिस्टेंस वाला बनाना आसान हुआ, लेकिन अब बैटरी बदलने के लिए सर्विस सेंटर जाना पड़ता है।

    3. microSD कार्ड स्लॉट

    पहले लोग फोन में फाइल्स या गाने स्टोर करने के लिए 8GB या 16GB वाला microSD कार्ड खरीद कर फोन की स्टोरेज बढ़ा लेते थे। आज कई कंपनियां एक्सपेंडेबल स्टोरेज को हटा चुकी हैं। आज फोन में 128GB, 256GB या 512GB से भी ज्यादा इंटरनल स्टोरेज आने लगी है जिससे माइक्रो एसडी कार्ड की जरूरत खत्म हो गई है।

    4. नोटिफिकेशन लाइट

    पहले के स्मार्टफोन्स में छोटी नोटिफिकेशन LED लाइट मिलती थी, जिससे फोन की स्क्रीन ऑन किए बिना यह जानना आसान था कि कोई मैसेज, मिस्ड कॉल या ईमेल आया है। अलग-अलग रंगों से अलग-अलग तरह के अलर्ट पहचाने जा सकते थे। आज इसकी जगह Always-On Display, लॉक स्क्रीन नोटिफिकेशन और स्क्रीन-आधारित विजुअल अलर्ट ने ले ली है। फिर भी कुछ यूजर्स का मानना है कि एक छोटी LED ज्यादा सरल और कम डिस्ट्रैक्ट करने वाली थी।

    5. IR ब्लास्टर

    कुछ पुराने Android फोन में IR ब्लास्टर दिया जाता था, जिससे फोन को टीवी, एसी या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के रिमोट की तरह इस्तेमाल किया जा सकता था। आज यह फीचर ज्यादातर स्मार्टफोन में नहीं मिलता। हालांकि कुछ चुनिंदा फोन अब भी इसे इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मेनस्ट्रीम स्मार्टफोन से IR ब्लास्टर लगभग गायब हो चुका है।

    6. FM रेडियो

    कभी फोन में FM रेडियो सुनने के लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं होती थी। कई डिवाइस में हेडफोन की वायर को एंटीना की तरह इस्तेमाल किया जाता था। लेकिन हेडफोन जैक के गायब होने और स्ट्रीमिंग सर्विसेज के बढ़ने के साथ अब स्मार्टफोन में रेडियो एप कम ही देखने को मिलते हैं।

    क्या ये फीचर्स वापस आ सकते हैं?

    दिलचस्प बात यह है कि स्मार्टफोन से ये फीचर्स अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। 2026 में भी स्मार्टफोन यूजर्स के बीच हेडफोन जैक, रिमूवेबल बैटरी और microSD कार्ड जैसे फीचर्स को वापस लाने की चर्चा जारी है। हालांकि कंपनियों के लिए चुनौती यह है कि आज के ग्राहक पतला डिजाइन, बड़ी बैटरी, बेहतर कैमरा, वाटर रेजिस्टेंस और तेज परफॉर्मेंस भी चाहते हैं। ऐसे में हर पुराने फीचर को वापस लाना डिजाइन और लागत दोनों के लिहाज से आसान नहीं है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें