iPhone 14 Pro: इन एप के साथ काम करता है एपल का नया डायनमिक आइलैंड, देखें लिस्ट
नए आईफोन 14 प्रो सीरीज के साथ मिलने वाले डायनेमिक आईलैंड फीचर को काफी पसंद किया जा रहा है। यह अलग-अलग एप से साथ अलग तरह से शेप और डिजाइन में बदलाव भी करता है।

विस्तार
एपल ने हाल ही में अपनी नई आईफोन 14 सीरीज को लॉन्च किया है। इनमें से iPhone 14 Pro और iPhone 14 Pro Max को डायनेमिक आईलैंड फीचर से लैस किया गया है। पिल शेप (टैबलेट) होल पंच कटआउट के साथ आने वाले इस नॉच को ही एपल ने डायनेमिक आईलैंड नाम दिया है। यह नॉच नोटिफिकेशन के हिसाब से बड़ा या छोटा होता है। आईफोन का फ्रंट कैमरा भी इसी नॉच में है। यह एपल का 2017 के बाद प्रो मॉडल के नॉच में पहला बदलाव है। इससे पहले एपल ने पहली बार Apple iPhone X के साथ नॉच डिस्प्ले दी थी, जो कि काफी पॉपुलर हुई और बाद में कई एंड्रॉयड कंपनियों ने इस नॉच के स्टाइल को कॉपी किया।
नए आईफोन 14 प्रो सीरीज के साथ मिलने वाले डायनेमिक आईलैंड फीचर को भी काफी पसंद किया जा रहा है। यह अलग-अलग एप से साथ अलग तरह से शेप और डिजाइन में बदलाव भी करता है। चलिए जानते हैं आईफोन के कौन से एप के साथ डायनेमिक आईलैंड फीचर सपोर्ट करता है।
इनकमिंग कॉल
इनकमिंग कॉल के साथ भी डायनेमिक आईलैंड फीचर काम करता है। डायनेमिक आईलैंड की मदद से फोन को पिक और रिजेक्ट भी किया जा सकता है।
फेस आईडी
आईफोन में फेस आईडी से फोन अनलॉक होने पर डायनेमिक आईलैंड काम करता है। आईफोन में एप स्टोर से कोई नया एप डाउनलोड करने और एपल-पे या किसी अन्य पैमेंट एप से पैमेंट करने पर भी इसे पिल कटआउट में नोटिफिकेशन के रूप में देखा जा सकता है।
कनेक्टिंग एक्सेसरीज
आईफोन में एक्सेसरीज जैसे AirPods कनेक्ट करने पर यह पिल कटआउट आईलैंड में दिखाई देता है। कनेक्टिंग स्टेटस के साथ-साथ यह बैटरी स्टेटस भी दिखाता है।
चार्जिंग
आईफोन को चार्जर से कनेक्ट करने पर कटआउट आईलैंड में चार्जिंग स्टेटस दिखाई देता है। साथ ही वर्तमान बैटरी स्टेटस भी आईलैंड साइज बड़ा छोटा करके दिखाता है।
एयरड्रॉप
डायनेमिक आइलैंड में एयरड्रॉप एनीमेशन भी कमाल का है। जब आप एयरड्रॉप पर कोई फाइल प्राप्त कर रहे होते हैं, तो आप इसे डायनेमिक आइलैंड में देख सकते हैं। साथ ही आइलैंड को टैप करके इसकी पूरी डिटेल भी देखी जा सकती है।
साइलेंट मोड
जब आप आईफोन में रिंगर मोड और साइलेंट मोड के बीच स्विच करने के लिए अलर्ट स्लाइडर का यूज करते हैं, तो आप स्क्रीन के ऊपर आइलैंड के एनिमेशन में नोटिफिकेशन पॉप-अप देख सकते हैं। ये बाकई कमाल लगता है।
फोकस मोड
जब आपका आईफोन फोकस मोड में बदलता है तो एनीमेशन डायनेमिक आइलैंड में दिखाई देता है। हालांकि, बाद में यह सिंबल गायब हो जाता है।
एयरप्ले
यदि आप अक्सर अपने iPhone पर AirPlay का उपयोग करते हैं, तो डायनेमिक आइलैंड आपके लिए काफी उपयोगी होने वाला है। अब आप अपने iPhone 14 Pro पर पिल कटआउट के भीतर AirPlay के स्टेटस को देख सकते हैं। आप डायनेमिक आइलैंड में देर तक प्रेस करके फोन से कनेक्टेड डिवाइस को देख और उसे डिस्कनेक्ट भी कर सकते हैं।
पर्सनल हॉटस्पॉट
डायनेमिक आईलैंड मोबाइल हॉटस्पॉट से अन्य डिवाइस के कनेक्ट होने पर पर्सनल हॉटस्पॉट आइकन भी दिखाता है। आईलैंड पर टैप करने से आप सीधे हॉटस्पॉट सेटिंग पेज पर पहुंच जाएंगे, जहां आप पासवर्ड बदल सकते हैं या इसे बंद भी कर सकते हैं।
आईफोन में चल रहीं एक्टिविटी जैसे कॉलिंग, टाइमर, एपल मैप, गूगल मैप, वॉइस मेमो, स्क्रीन रिकॉर्डिंग, कैमरा या माइक इंडिकेटर के दौरान भी डायनेमिक आईलैंड शानदार और अलग-अलग एनीमेशन दिखाता है। कॉलिंग के दौरान इसमें वॉइस तरंगे भी एनीमेशन में दिखाई देती हैं। साथ ही मैप के दौरान आपको नेविगेशन दिशाएं डायनेमिक आइलैंड में दिखाई देती हैं। सिर्फ इतना ही नहीं आप प्ले-पॉज जैसी एक्टिविटी को डायनेमिक आईलैंड से ही कंट्रोल कर सकते हैं।