Donald Trump: फेसबुक पर फिर आ सकते हैं ट्रंप, सात को मेटा लेगी निर्णय
सूत्रों के अनुसार ट्रंप को ट्विटर उपयोग करने देने की अनुमति मिलने के बाद मेटा पर भी जल्द निर्णय जारी करने का दबाव है। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने ट्रंप पर लगा प्रतिबंध नवंबर में हटा दिया था।

विस्तार
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फेसबुक उपयोग करने देने पर इसकी मालिकाना कंपनी मेटा सात जनवरी तक निर्णय लेगी। हालांकि, क्या निर्णय लिया गया, यह घोषणा तत्काल नहीं, कुछ दिन बाद होगी। ट्रंप को फेसबुक और इंस्टाग्राम उपयोग करने देने का निर्णय लेने के लिए मेटा ने अपने जन नीति, सामग्री नीति और जनसंपर्क विभागों के सदस्यों की एक टीम बनाई है।
सूत्रों के अनुसार ट्रंप को ट्विटर उपयोग करने देने की अनुमति मिलने के बाद मेटा पर भी जल्द निर्णय जारी करने का दबाव है। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने ट्रंप पर लगा प्रतिबंध नवंबर में हटा दिया था। वहीं खुद ट्रंप ने ट्विटर उपयोग करने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। पिछले राष्ट्रपति चुनाव में जनवरी 2021 को कैपिटल हिल में हुई हिंसा और मतदान में धांधली के आरोप लगाने व चुनावों की वैधता पर प्रश्न उठाने पर ट्रंप को इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने प्रतिबंधित कर दिया था।