अब आपके अंदाज में लिखेगा चैटजीपीटी: ओपनएआई ने पेश किया यह खास फीचर, कैसे सीखेगा यह आपकी भाषा? जानिए पूरा तरीका
ओपनएआई ने चैटजीपीटी वर्क के लिए एक नया राइटिंग स्टाइल फीचर राेलआउट किया है। जिसकी मदद से एआई आपकी पर्सनल राइटिंग स्टाइल सीख सकता है। जीमेल, गूगल ड्राइव और स्लैक एप्स से कनेक्ट होकर यह आपके सेंटेंस और स्पेशिफिक फ्रेज और टोन को समझकर बिल्कुल आपके अंदाज में ड्राफ्ट तैयार कर सकता है। तो क्या अब एआई आपकी तरह लिख पाएगा? आइए जानते हैं कि यह नया फीचर कैसे काम करेगा और इसके लिए आपको किन एप्स का एक्सेस देना पड़ेगा।

विस्तार
ओपनएआई अपने एआई मॉडल को इंसानों की तरह अधिक नैचुरल और पर्सनल बनाने की दिशा में एक कदम उठाया है। कंपनी ने चैटजीपीटी वर्क के लिए राइटिंग स्टाइल नाम से एक फीचर पेश किया है। इस फीचर की खासियत है कि चैटजीपीटी अब आपकी लेखन शैली, आपके पसंदीदा फ्रेज, विराम चिह्नों और साइन-ऑफ के अंदाज को सीखकर बिल्कुल आपकी तरह टेक्स्ट और ईमेल ड्राफ्ट कर सकता है।
आइए जानते हैं चैटजीपीटी वर्क के इस नए राइटिंग स्टाइल फीचर की पूरी डिटेल...
कैसे सीखेगा आपकी भाषा?
- अगर आप चाहते हैं कि चैटजीपीटी वर्क आपकी शैली में लिखे, तो इसके लिए आपको अपने रोजाना इस्तेमाल होने वाले कुछ एप्स को चैटजीपीटी वर्क से कनेक्ट करना होगा। इनमें जीमेल, गूगल ड्राइव, स्लैक और शेयरपॉइंट जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। कनेक्शन की अनुमति मिलने के बाद वर्क इन स्रोतों में मौजूद आपके लेखन से पैटर्न समझ सकता है और भविष्य के ड्राफ्ट में उन पैटर्न को इस्तेमाल कर सकता है।
- यानी अगर आप ईमेल में किसी खास तरह के शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, हर मैसेज को एक खास तरीके से खत्म करते हैं या आपकी वाक्य बनाने की शैली अलग है, तो एआई इन्हीं चीजों को पहचानकर अपने जवाबों में शामिल करने की कोशिश करेगा।
- ओपनएआई ने अभी यह पूरी तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है कि राइटिंग स्टाइल फीचर यूजर की शैली को किस तरीके से मॉडल करता है। हालांकि, फीचर का उद्देश्य साफ है कि यूजर के पुराने लेखन से उसकी भाषा और फॉर्मेटिंग की खासियतों को समझना और उन्हें नए ड्राफ्ट में दोहराना।
- मसलन, किसी व्यक्ति की शैली छोटी और सीधी होती है, कोई ज्यादा औपचारिक भाषा इस्तेमाल करता है, जबकि कोई ईमेल में कुछ खास शब्दों या साइन-ऑफ का बार-बार इस्तेमाल करता है। ऐसे पैटर्न को पहचानकर चैटजीपीटी वर्क नए टेक्स्ट को उसी अंदाज के करीब लाने की कोशिश कर सकता है।
एआई स्लॉप की समस्या के बीच आया फीचर
- कंपनी ने इस फीचर को ऐसे समय पेश किया है, जब इंटरनेट पर एआई स्लॉप को लेकर चर्चा तेज है। एआई स्लॉप ऐसे कंटेंट को कहा जाता है जो बड़े पैमाने पर एआई से तैयार किया गया हो और जिसमें एक जैसी भाषा, टोन या पैटर्न नजर आए।
- राइटिंग स्टाइल्स का उद्देश्य कम से कम व्यक्तिगत और वर्कप्लेस राइटिंग में एआई के बनाए टेक्स्ट को ज्यादा व्यक्तिगत बनाने की दिशा में कदम माना जा सकता है। हालांकि, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इससे एआई से लिखे गए टेक्स्ट को पूरी तरह इंसानी लेखन से अलग करना मुश्किल हो जाएगा।
क्या सभी यूजर्स को मिलेगा यह फीचर?
- फिलहाल यह फीचर चैटजीपीटी वर्क के लिए पेश किया गया है। चैटजीपीटी वर्क लंबे और मल्टी-स्टेप कामों के लिए ओपनएआई का एजेंट है, जो कनेक्टेड एप्स और फाइल्स के साथ काम कर सकता है।
- अभी ओपनएआई की ओर से सामान्य चैटजीपीटी चैटबॉट में इसी राइटिंग स्टाइल्स फीचर को उपलब्ध कराने की घोषणा नहीं की गई है। इसलिए सामान्य चैटजीपीटी यूजर्स के लिए इसे उपलब्ध फीचर मानना सही नहीं होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक राइटिंग स्टाइल फीचर वेब पर उन पेड प्लान्स के लिए उपलब्ध है, जिनमें चैटजीपीटी वर्क की पहुंच है। इसका एक्सेस पाने के लिए यूजर्स को सबसे पहले वेब सेटिंग्स में जाना होगा। इसके बाद पर्सनलाइज्ड के जरिए वह इसे सेट कर सकते है। हालांकि, फीचर की उपलब्धता अकाउंट और प्लान के हिसाब से अलग हो सकती है। ओपनएआई के मुताबिक चैटजीपीटी वर्क का रोलआउट धीरे-धीरे हो रहा है और सभी योग्य यूजर्स को एक साथ एक्सेस मिलना जरूरी नहीं है।
इस एआई के पास पहले से मौजूद यह फीचर
ओपनएआई इस दिशा में अकेला एआई प्लेटफॉर्म नहीं है। एंथ्रोपिक ने भी क्लाॅड के लिए स्टाइल फीचर पेश किया है, जिसमें यूजर अपने लेखन सैंपल के आधार पर एआई की कम्युनिकेशन स्टाइल को कस्टमाइज कर सकता है।
इससे साफ है कि एआई कंपनियां अब केवल बेहतर जवाब देने पर ही फोकस नहीं कर रही हैं, बल्कि एआई को यूजर की व्यक्तिगत भाषा, टोन और काम करने के तरीके के करीब लाने की कोशिश भी कर रही हैं।
प्राइवेसी का सवाल भी अहम
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि राइटिंग स्टाइल जैसे फीचर में यूजर के ईमेल, मैसेज और डॉक्यूमेंट्स से जानकारी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए ऐसे कनेक्टेड ऐप्स की परमिशन देते समय यह समझना जरूरी है कि एआई को किन स्रोतों तक एक्सेस मिल रहा है और उस एक्सेस का इस्तेमाल किस काम के लिए किया जाएगा। खासकर ऑफिस ईमेल, निजी बातचीत या संवेदनशील दस्तावेजों वाले अकाउंट को कनेक्ट करने से पहले वर्कस्पेस की डेटा और परमिशन सेटिंग्स जरूर जांचनी चाहिए।
क्या एआई सच में आपकी तरह लिख पाएगा?
- फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सच में राइटिंग स्टाइल फीचर यूजर के तरह लिख पाएगा? एआई आपके शब्दों, वाक्य संरचना, टोन और बार-बार इस्तेमाल होने वाले पैटर्न को पकड़ सकता है, लेकिन किसी व्यक्ति की पूरी लेखन शैली सिर्फ इन चीजों तक सीमित नहीं होती।
- फिर भी, अगर यह फीचर आपके पुराने लेखन से पर्याप्त पैटर्न सीख लेता है, तो ईमेल, रिपोर्ट और दूसरे वर्कप्लेस ड्राफ्ट पहले की तुलना में ज्यादा व्यक्तिगत और आपके सामान्य अंदाज के करीब लग सकते हैं।