OpenAI: ChatGPT-5 ने खुद बताया वह कितना खतरनाक! अगर इंसानों के हाथ से फिसला तो अंजाम होगा बुरा
चैटजीपीटी के नए मॉडल GPT-5 को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब चर्चा चल रही है। दूसरी ओर, सैम ऑल्टमैन के "मैनहैटन प्रोजेक्ट" वाले बयान ने विवादों को और तूल दे दिया। इसी बीच हमने खुद ChatGPT से जानना चाहा कि उसके नए मॉडल में ऐसा क्या है जो उसके लॉन्च के साथ ही विवाद शुरू हो गया है। ChatGPT से सवाल करने पर हमें कुछ अहम जानकारियां मिलीं जिसे हम यहां बता रहे हैं।

विस्तार
हाल ही में OpenAI ने ChatGPT के नए मॉडल ChatGPT-5 को रोलआउट किया है, जिसके बाद इस मॉडल पर बहस छिड़ गई है। ChatGPT के नए मॉडल पर विवादों को उस समय और हवा मिल गई जब OpenAI के फाउंडर और सीईओ सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) ने इसकी क्षमताओं की तुलना मैनहैटन प्रोजेक्ट से कर दी। मालूम हो कि मैनहैटन प्रोजेक्ट विश्व युद्ध-2 के दौर का एक वेपन डेवलपमेंट प्रोजेक्ट था जिसमें अमेरिका ने पहला परमाणु बम तैयार किया था। तो क्या ऑल्टमैन इस मॉडल की तुलना एटमी बम से कर रहे थे? यह नया मॉडल कितना प्रभावशाली है, पुराने मॉडलों से कितना बेहतर है और इस मॉडल से जुड़े क्या संभावित खतरे हो सकते हैं? यह सवाल हमने खुद चैटजीपीटी से किया। और इसके जवाब में हमें कुछ अहम जानकारियां मिलीं जिसे हमने आपको बताना जरूरी समझा।
हमने चैटजीपीटी-5 से कहा कि वह अपने बारे में बताए। इसपर चैटजीपीटी ने सीधे और सरल भाषा में बताते हुए कहा, "मैं GPT-5 हूं, OpenAI का सबसे नया और उन्नत भाषा मॉडल। मेरा काम है आपकी बातों को समझना, सटीक और स्पष्ट जवाब देना, और जटिल विषयों को भी आसान तरीके से समझाना।"
ChatGPT-5 ने गिनाई अपनी खासियतें
मॉडल ने अपनी खासियतें गिनाते हुए कहा कि वह पुराने मॉडल (GPT-3.5, 4, 4o) से तेज और अपडेटेड है, लंबे और जटिल विषयों को सरल बना सकता है और अपने जवाबों में क्रिएटिव और एनालिटिकल बैलेंस बना सकता है। चैटजीपीटी ने कहा कि वह भाषा में लचीलापन अपनाता है, यानी हिंदी, इंग्लिश या दोनों मिलाकर सहज बातचीत कर सकता है। मॉडल ने कहा कि वह चैट को मजेदार बनाने के लिए कभी-कभार मजाकिया अंदाज में भी जवाब दे सकता है।
चैटजीपीटी-5 ने अपनी नई क्षमताएं बताते हुए कहा कि वह कई AI “सब-एजेंट” एक साथ चला कर जटिल प्रोजेक्ट संभाल सकता है। इसके अलावा उसकी मेमरी भी पहले के मुकाबले बढ़ गई है, यानी यह मॉडल पहले पूछे गए काफी पुराने सवालों और चैट को भी याद रख सकता है। इससे यूजर्स को जवाब में अधिक सटीकता मिलती है। इस मॉडल ने बताया कि वह सिर्फ टेक्स्ट-टू-वीडियो ही नहीं, बल्कि एडिटिंग और सीन-प्लानिंग करने में भी सक्षम है। इसके अलावा वह सेल्फ क्रिटिक का भी काम करता है, यानी अपने जवाब की क्वालिटी खुद जांचकर सुधार कर सकता है।

ChatGPT-5 ने बताया विवाद का कारण
हमने चैटजीपीटी-5 से सवाल किया कि "इंटरनेट पर तुम्हरी बहुत तारीफ हो रही है लेकिन तुम्हें बनाने वाले क्यों डरे हुए हैं?"
इस सवाल पर मॉडल ने जो जवाब दिया उसे पढ़कर हम भी चौंक गए। इसपर चैटजीपीटी ने पहले तो अपनी तारीफों के पीछे कुछ मुख्य बिंदुओं को बताया जैसे- ये पहले से ज्यादा सटीक, तेज और संदर्भ समझने वाला है, मुश्किल टॉपिक्स को भी इंसानी अंदाज में समझा सकता है और भाषा, टोन और स्टाइल को इंसान जैसा फ्लेक्सिबली बदल सकता है। लेकिन चैटजीपीटी ने यह भी कहा कि वह अब पहले से ज्यादा पावरफुल है इसलिए उसके दुरुपयोग के खतरे भी बढ़ गए हैं।

हमने इसे विस्तार से जानना चाहा और मॉडल से कहा कि वह अपने खतरों को विस्तार से बताए ताकि हम उन्हें बेहतर तरीके से समझ सकें। इसे हम कुछ पॉइंट्स में बता रहे हैं:
1. चैटजीपीटी ने बताया कि अब उसके गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ गया है। मॉडल ने कहा कि वह अब इतनी रियलिस्टिक आवाज, वीडियो और टेक्स्ट बना सकता है कि असली-नकली में फर्क मुश्किल हो जाएगा। मॉडल का कहना थी कि इससे डीपफेक और फेक न्यूज का खतरा बढ़ गया है। इससे चुनाव, सोशल मूवमेंट और पब्लिक ओपिनियन में मैनिपुलेशन आसान हो सकता है।
2. यही नहीं, चैटजीपीटी ने यह भी कहा कि अब स्कैम, फिशिंग ईमेल, हैकिंग गाइड्स अब और ज्यादा प्रोफेशनल और पर्सनलाइज्ड तरीके से हो सकते हैं। वहीं, अब हजारों-लाखों नकली सोशल मीडिया अकाउंट AI से चल सकते हैं जो एक खास नैरेटिव को बढ़ावा देने में सक्षम होंगे।
3. चैटजीपीटी ने इसका असर नौकरियों पर बताते हुए कहा कि अब कुछ नौकरियां, खासकर कंटेंट राइटिंग, कस्टमर सपोर्ट, डाटा एनालिसिस जैसी, तेज़ी से ऑटोमेट हो सकती हैं, जिससे लोगों की नौकरियां खतरे में पड़ेंगी। वहीं, बड़ी टेक कंपनियां इस पावर को अपने पास रख सकती हैं, जिससे छोटी कंपनियों की पहुंच सीमित हो जाएगी।
4. चैटजीपीटी ने यह भी कहा कि इससे फिल्म इंडस्ट्री भी नहीं बचेगी। फिल्म, म्यूजिक, पत्रकारिता, डिजाइन जैसी क्रिएटिव इंडस्ट्री में भी ऑटोमेशन आएगा और कई क्षेत्रों में इंसान और AI के क्रिएशन के बीच विवाद बढ़ेगा।
5. नए मॉडल ने बताया कि इससे कंट्रोल और एथिक्स पर भी खतरा बढ़ सकता है। ये मॉडल कैसे किसी निष्कर्ष पर पहुंचा, इसका पारदर्शी जवाब अक्सर नहीं मिलेगा। वहीं, अगर इसे ज्यादा आजादी दी गई तो वो इंसानी हस्तक्षेप के बिना फैसले ले सकता है। मॉडल ने यह भी बताया कि टेक्नोलॉजी इतनी तेजी से बदल रही है कि उनके लिए सही नियम बनाने में परेशानी हो रही है।