Diwali scam: फ्री दिवाली गिफ्ट से रहें सावधान, खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट, सरकार ने जारी किया अलर्ट
यूजर्स को फेक लिंक के द्वारा चाइनीज वेबसाइट पर भेजा जाता है और यह यूजर्स की निजी जानकारी के साथ बैंकिग की जानकारी भी चुराती हैं। इन लिंक की मदद से आपके डाटा की चोरी संभव है और इससे आपका बैंक अकाउंट भी खाली हो सकता है।

विस्तार
दिवाली का त्योहार पास आ गया है। इस साल दिवाली 24 अक्तूबर को मनाई जाएगी। भारत के साथ दुनियाभर के भारतीय दिवाली को खुशियों के रूप में मनाते हैं। रोशनी और प्रकाश के त्योहार पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं। इसी का फायदा उठाने के लिए साइबर गिरोह भी एक्टिव हो गया है। स्कैमर दिवाली कैशबैक, ऑनलाइन शॉपिंग और गिफ्ट के नाम पर लोगों को चपत लगा रहे हैं। साइबर सेल में फ्री दिवाली गिफ्ट के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर आईटी मंत्रालय के इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने अलर्ट भी जारी किया है।
CERT-In ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि यदि आपको उन वेबसाइटों के लिए सोशल मीडिया लिंक प्राप्त हुए हैं जो मुफ्त दिवाली उपहार का वादा करती हैं, तो इससे सावधान रहें। यूजर्स को इन लिंक के द्वारा चाइनीज वेबसाइट पर भेजा जाता है और यह यूजर्स की निजी जानकारी के साथ बैंकिग की जानकारी भी चुराती हैं। CERT-In ने कहा कि इन लिंक की मदद से आपके डाटा की चोरी संभव है और इससे आपका बैंक अकाउंट भी खाली हो सकता है। जानकारी के लिए बता दें कि हाल ही में कानपुर से ही 45 से ज्यादा साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं।
इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने कहा कि फेक मैसेज को किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम आदि) पर भेजा जा सकता है। स्कैमर्स ज्यादातर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। स्कैमर यूजर्स को फ्री दिवाली गिफ्ट के नाम पर अपने दोस्तों, रिश्तेदारों के साथ लिंक शेयर करने के लिए कहते हैं, जो कि ज्यादातर चाइनीज वेबसाइट होती है। इन फेक वेबसाइट के एक्सटेंशन .cn .xyz और .top होते हैं।
ऐसे फंसाते हैं स्कैमर
सबसे पहले यूजर्स को इस लिंक वाला एक मैसेज भेजा जाता है। यह अन्य पीड़ितों से भी आ सकता है जिन्हें अपने दोस्तों और परिवार के साथ लिंक शेयर करने के लिए कहा गया है। एक बार जब कोई यूजर्स लिंक पर क्लिक करता है, तो उन्हें पहले एक फेक बधाई संदेश द्वारा बधाई दी जाती है। इसके बाद, उन्हें एक कुछ जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही यूजर्स द्वारा जानकारी दी जाती है, यूजर्स को कई सामानों में से गिफ्ट चुनने के लिए कहा जाता है। इसके बाद एक बार और बधाई संदेश दिखाया जाता है और उन्हें इस लिंक को अपने दोस्तो और रिश्तेदारों के साथ शेयर करने के लिए कहा जाता है।
ऐसे रहें सावधान
- किसी भी साइबर ठगी से बचने का सबसे आसान रास्ता है, कि आप किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- किसी से भी अपनी बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी व एटीएम का पासवर्ड शेयर न करें।
- फ्री गिफ्ट देने का वादा करने वाले कॉल से सतर्क रहें और उन्हें कोई भी जानकारी और ओटीपी न दें।
- अगर कोई आपके खाते की ऑनलाइन केवाईसी के लिए कॉल करता है तो उसे अनदेखा करें।
- सोशल मीडिया या इंटरनेट पर किसी भी अनचाहे ई-मेल, एसएमएस या मैसेज में आए अटैचमेंट या लिंक को न खोलें।
- ईमेल, वेबसाइट और अज्ञात ई-मेल भेजने वालों के स्पेलिंग एक बार जरूर चेक कर लें। क्योंकि ठग मिलती-जुलती स्पेलिंग से ठगी करते हैं।
- अपने पासवर्ड नियमित रूप से बदलते रहें।